Happy New Year: जश्न मनाने इंडिया गेट पहुंचे 5 लाख लोग, बंद करने पड़े 5 मेट्रो स्टेशन
भीड़ को देखते हुए उद्योग भवन प्रगति मैदान खान मार्केट मंडी हाउस व केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन को शाम को 6.05 मिनट पर बंद करना पड़ा
नई दिल्ली, जेएनएन। नई उमंग, उत्साह व सकारात्मक विचारों के साथ दिल्लीवासियों ने बुधवार को नए वर्ष का स्वागत किया। मंगलवार की रात से शुरू हुआ जश्न अगले दिन देर रात तक चला। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में लोग नूतन वर्ष को अपने-अपने अंदाज में मनाते नजर आए। लुटियंस दिल्ली के केवल इंडिया गेट पर ही एक दिन में ही करीब साढ़े पांच लाख लोगों के पहुंचने से मध्य दिल्ली की रफ्तार थम गई। इस वजह से लुटियंस दिल्ली समेत दक्षिणी दिल्ली के प्रमुख मार्गों पर वाहन रेंगते रहे। इतना ही नहीं बढ़ती भीड़ को देखकर यातायात पुलिस के आदेश के बाद पांच मेट्रो स्टेशन को बंद करना पड़ा। इससे लोगों को दोहरी परेशानी हुई। यातायात पुलिस के एक अनुमान के अनुसार साढ़े पांच लाख इंडिया गेट तो पहुंचे ही वहीं कनॉट प्लेस के आसपास धार्मिक स्थलों से लेकर पर्यटन स्थलों पर लोगों की जबरदस्त भीड़ उमड़ पड़ी।
बुधवार की सुबह पूजा पाठ से दिन की शुरुआत करने के बाद देर रात तक राजधानी के पब, बार व रेस्तरां में लोगों ने मौज मस्ती की। वहीं, कनॉट प्लेस स्थित गुरुद्वारा बंगला साहिब, प्राचीन हनुमान मंदिर, गौरी शंकर मंदिर, झंडेवालान मंदिर, मरघट वाले हनुमान मंदिर, अक्षरधाम मंदिर, लोटस टेंपल व कालकाजी मंदिर, लाल किला, चिड़ियाघर, हौजखास विलेज, कुतुब मीनार व पुराना किला में लोगों की जबरदस्त भीड़ देखने को मिली।
दिल्ली के प्रमुख बाजारों में रही रौनक, लोगों ने की जमकर खरीदारी
नूतन वर्ष पर राजधानी के प्रमुख बाजारों में लोगों की चहल पहल रही। रंग बिरंगी लाइटों से जगमगाते बाजारों की रौनक भी देखते ही बन रही थी। चांदनी चौक, कनॉट प्लेस, गोल मार्केट, लक्ष्मी नगर, लाजपत नगर, हौज खास व खान मार्केट में लोगों ने परिवार व दोस्तों के साथ खरीदारी की।
चिड़ियाघर व वेस्ट टू वंडर पार्क में उमड़े लोग
चिड़ियाघर में बुधवार को 25,200 लोगों ने वन्यजीवों का दीदार किया। पर्यटकों की सुविधा के लिए सात टिकट काउंटर खोले गए थे, वहीं, आठ प्रवेश द्वारों से लोगों को प्रवेश दिया जा रहा था। इसके अलावा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए करीब 65 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था। वहीं, वेस्ट टू वंडर पार्क में भी 15,111 लोग पहुंचे। इस वजह से पार्क के आसपास भी जाम की स्थिति बनी रही।
भीड़ के कारण बंद करने पड़े पांच मेट्रो स्टेशन
नव वर्ष मनाने निकले लोगों की भीड़ को देखते हुए उद्योग भवन, प्रगति मैदान, खान मार्केट, मंडी हाउस व केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन को शाम को 6.05 मिनट पर बंद करना पड़ा और लगभग 7.30 पर इसे पुन: खोल दिया गया। इस वजह से कार्यालय से घर लौटने वाले लोगों को भी परेशानी हुई। इससे पहले नव वर्ष की पूर्व संध्या पर राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के निकास द्वार को बंद कर दिया गया था।
रैन बसेरों में पहुंचे 4259 लोग
सड़क पर खुले में रात गुजारने वालों के लिए दिल्ली सरकार के रैन बसेरा बड़ा आसरा बन रहे हैं। अब तक राजधानी के रैन बसेरों में 4259 लोग पहुंच चुके हैं। दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब) द्वारा बेघर लोगों को रैन बसेरों में आश्रय दिया जा रहा है। बुधवार से यहां सुबह के समय चाय व दो रस देने की सुविधा भी शुरू कर दी गई है। यह व्यवस्था ठंड रहने तक जारी रहेगी। इसके अलावा प्रत्येक रैन बसेरे में हंिदूी के दो अखबार भी मिलते हैं। 15 नवंबर से शुरू किए गए इस अभियान में अभी तक 4259 बेघरों को भेजा जा चुका है।