विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नमो भारत में सफर करने वालों की बल्ले-बल्ले, 16 नवंबर से नई फास्ट ट्रेनें; 36 मिनट में दिल्ली टू मेरठ

Published: Sat, 14 Nov 2026 01:19 PM (GMT+05:30)

Namo Bharat Fast Trains: एनसीआरटीसी 16 नवंबर, 2026 से दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर फास्ट ट्रेनें शुरू कर रहा है। ...और पढ़ें

नमो भारत ट्रेन।

नमो भारत ट्रेन।

HighLights

  1. नमो भारत की फास्ट ट्रेनें 16 नवंबर, 2026 से होंगी शुरू।

  2. आनंद विहार से गाजियाबाद 8 मिनट, बेगमपुल 36 मिनट में।

  3. पीक आवर्स में यात्रियों के लिए अतिरिक्त तेज सेवाएं।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की बढ़ती संख्या और खासकर सुबह-शाम के पीक आवर्स में उनके सफर को और तेज व सुविधाजनक बनाने के लिए एनसीआरटीसी फास्ट ट्रेनें परिचालित करने जा रहा है। यह सुविधा सोमवार यानी 16 नवंबर 2026 से शुरू होगी।

नमो भारत की इन सीमित स्टॉपेज वाली ट्रेनों से यात्रियों का यात्रा समय और कम होगा। इन ट्रेनों के माध्यम से अब यात्री आनंद विहार से गाजियाबाद की दूरी महज 8 मिनट में, गाजियाबाद से बेगमपुल की दूरी 28 मिनट में और आनंद विहार से बेगमपुल की दूरी सिर्फ 36 मिनट में तय कर सकेंगे। वहीं, पूरे कॉरिडोर का सफर 50 मिनट से भी कम समय में पूरा किया जा सकेगा।

WhatsApp Image 2026-11-14 at 13.00.17

सुबह के पीक आवर्स में दोनों टर्मिनल स्टेशनों से दो-दो फास्ट ट्रेनें चलेंगी। सराय काले खां से मोदीपुरम और मोदीपुरम से सराय काले खां के लिए ये ट्रेनें सुबह 8:00 बजे और 8:30 बजे रवाना होंगी।

इसी तरह, शाम के पीक आवर्स में दोनों दिशाओं में दो-दो फास्ट ट्रेनें शाम 6:00 बजे और 6:30 बजे चलेंगी। ये फास्ट ट्रेनें मौजूदा नियमित नमो भारत सेवाओं के अतिरिक्त चलाई जाएंगी। नियमित ट्रेनें पहले की तरह हर 10 मिनट में उपलब्ध रहेंगी।

तेज सफर सुनिश्चित करने के लिए इन फास्ट ट्रेनों का स्टॉपेज कॉरिडोर के केवल 5 प्रमुख स्टेशनों, सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद, बेगमपुल और मोदीपुरम पर ही रहेगा।

WhatsApp Image 2026-11-14 at 13.00.02

एनसीआरटीसी यात्रियों के समय की अहमियत को समझता है और रोजाना के सफर में लगने वाले समय को कम करना इसकी प्राथमिकता रही है। पीक आवर्स में शुरू की जा रही ये अतिरिक्त सेवाएं इसी दिशा में किया जा रहा एक प्रयास है। खासकर छात्रों और ऑफिस जाने वाले यात्रियों को इससे काफी सुविधा होगी, जिन्हें अपने शिक्षण संस्थान और दफ्तर समय से पहुंचने के लिए तेज और भरोसेमंद परिवहन की जरूरत होती है।

नमो भारत की इन अतिरिक्त फास्ट सेवाओं की शुरुआत ऐसे समय में हो रही है, जब अधिक से अधिक लोग अपनी दैनिक यात्रा के लिए नमो भारत को अपना रहे हैं। कॉरिडोर पर प्रतिदिन लगभग 1.1 लाख यात्री सफर कर रहे हैं और यात्रियों की इस संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

नमो भारत ने बनाया रिकॉर्ड

वहीं, हाल ही में कॉरिडोर ने 5 करोड़ पैसेंजर जर्नी का महत्वपूर्ण माइलस्टोन भी पार किया है। केवल पिछले तीन महीनों के दौरान ही इस सिस्टम में हर महीने औसतन 32 लाख से अधिक पैसेंजर जर्नी दर्ज की गई हैं।

क्षेत्र में वायु प्रदूषण की गंभीर स्थिति के बीच सफर को और तेज बनाकर इस पहल का उद्देश्य लोगों को सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना और सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम करने में मदद करना भी है।

नियमित नमो भारत ट्रेनें इन फास्ट ट्रेनों के साथ पहले की तरह परिचालित रहेंगी। यात्रियों से अनुरोध है कि ट्रेन में सवार होने से पहले स्टेशन पर लगे डिस्प्ले बोर्ड देखें और प्लेटफॉर्म पर होने वाली घोषणाओं को ध्यान से सुनें, ताकि वे यह सुनिश्चित कर सकें कि ट्रेन फास्ट सेवा है या नियमित सेवा।

यह भी पढ़ें- नमो भारत ने रचा इतिहास, 5 करोड़ के पार पहुंची यात्रियों की संख्या; 93 दिन में जुड़ा एक करोड़

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।