Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Delhi Monsoon: आखिर कब आएगा मानसून? उमस ने किया बेहाल, IMD ने बताया- इस दिन होगी गरज के साथ भारी बारिश

    Updated: Mon, 23 Jun 2025 10:35 PM (IST)

    मौसम विभाग ने दिल्ली में मानसून की जल्द दस्तक की संभावना जताई है, जो 2013 के बाद सबसे जल्दी हो सकती है। मंगलवार के लिए आंधी-वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है, क्योंकि मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। सोमवार को उमस भरी गर्मी रही और दिल्ली का एक्यूआई 100 से ऊपर पहुंच गया। अगले सप्ताह हल्की से मध्यम वर्षा और बादलों के छाए रहने का अनुमान है, जिससे प्रदूषण में सुधार की उम्मीद है।

    Hero Image

    राजधानी दिल्ली में कभी भी दस्तक दे सकता है मानसून।

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। आंधी-वर्षा के यलो अलर्ट को लेकर लगातार कठघरे में खड़े मौसम विभाग ने अब कहा है कि राजधानी में मानसून की दस्तक कभी भी हो सकती है। मंगलवार के लिए भी आंधी-वर्षा का यलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान, पंजाब तथा हरियाणा के कुछ अन्य हिस्सों सहित चंडीगढ़ और दिल्ली में मानसून के आगे बढ़ने के लिए मौसम की परिस्थितियां बिल्कुल अनुकूल बनी हुई हैं। ऐसे में कभी भी मानसून की दस्तक हो सकती है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मालूम हो कि आमतौर पर दिल्ली में दक्षिण-पश्चिम मानसून 27 से 28 जून के आसपास पहुंचता है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगर मंगलवार को भी मानसून दिल्ली आ जाता है तो यह 2013 के बाद से शहर में सबसे जल्दी पहुंचेगा। 2013 में यह 16 जून को दिल्ली में पहुंचा था। इसकी तुलना में, बीते साल मानसून 28 जून को, 2023 में 25 जून को, 2022 में 30 जून को एवं 2021 में यह 13 जुलाई को राजधानी पहुंचा था।

    सोमवार को दिनभर लोगों का उमस से बुरा हाल रहा

    मौसम विभाग ने अगले सप्ताह भर के लिए दिल्ली में बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम वर्षा, गरज के साथ छींटे पड़ने और बिजली चमकने का अनुमान लगाया है। वहीं दिल्ली में 23 जून तक के लिए सामान्य मासिक वर्षा लगभग 43.3 मिमी है। जबकि अब तक 89 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है। पूरे माह के लिए औसत वर्षा 74.1 मिमी है जबकि पिछले साल जून में 243.4 मिमी वर्षा हुई थी। दूसरी तरफ बादलों की लुकाछिपी और तेज धूप के बीच सोमवार को दिल्ली में दिनभर लोगों का उमस से बुरा हाल रहा।

    मंगलवार को दिन भर बादल छाए रहेंगे

    अधिकतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री कम 36.2 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री कम 28.2 डिग्री दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 89 से 60 प्रतिशत एवं हीट इंडेक्स 48.5 डिग्री रिकार्ड किया गया। जहां तक वर्षा का सवाल है तो शाम साढ़े पांच बजे तक सफदरजंग में 4.1 मिमी व लोधी रोड पर 4.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को दिन भर बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने एवं बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा होने की संभावना है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 35 और 26 डिग्री रहने के आसार हैं।

    पांच दिन बाद 100 से ऊपर पहुंचा दिल्ली का एक्यूआई

    लगातार पांच दिन तक दिल्ली की हवा संतोषजनक श्रेणी में और एक्यूआइ 100 से नीचे बने रहने के बाद सोमवार को यह फिर 100 से ऊपर चला गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक दिल्ली का एक्यूआइ सोमवार को 112 रहा। इसे मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। एक दिन पहले यह 92 था। यानी 24 घंटे के भीतर इसमें 20 अंकों की वृद्धि दर्ज की गई है।हालांकि मानसून की वर्षा का दौर शुरू हो जाने पर यह वापस 100 से नीचे यानी संतोषजनक श्रेणी में पहुंच जाने का पूर्वानुमान है।