Delhi Monsoon: दिल्ली में अगले 24 घंटे में मानसून दे सकता है दस्तक, पढ़ें IMD का पूरा अपडेट
दिल्ली में मानसून का इंतजार लंबा हो रहा है। मौसम विभाग पिछले एक सप्ताह से इसके आने की संभावना जता रहा है, पर अब तक सिर्फ बूंदाबांदी ही हुई है। बुधवार को भी मानसून नहीं आया, हालांकि अगले 24 घंटे में दस्तक की उम्मीद है। स्काईमेट वेदर के अनुसार, कमजोर मौसमी प्रणालियों के चलते मानसून को दिल्ली पहुंचने में अभी दो-तीन दिन और लग सकते हैं, और इसकी शुरुआत भी हल्की होगी। उमस भरी गर्मी जारी है।

फाइल फोटो
राज्य ब्यूरो, जागरण, नई दिल्ली। उमस भरी गर्मी से बेहाल दिल्ली वासियों के लिए अबकी बार मानसून का इंतजार कुछ लंबा ही होता जा रहा है। मौसम विभाग पिछले एक सप्ताह से कमोबेश रोज ही मानसून आने की संभावना जता रहा है और आंधी-वर्षा का यलो अलर्ट भी जारी कर रहा है।
लेकिन मानसून आना तो दूर की बात, वर्षा के नाम पर भी कहीं- कहीं बूंदाबांदी ही होकर रह जाती है। बुधवार को भी ऐसा ही हुआ। हालांकि मौसम विभाग ने अभी भी अगले 24 घंटे के भीतर दिल्ली में मानसून की दस्तक हो जाने की संभावना व्यक्त की है।
साथ ही बृहस्पतिवार के लिए भी यलो अलर्ट जारी किया है। बुधवार को दिनभर बादलों की लुकाछिपी चलती रही और बीच बीच में धूप भी निकली रही। उमस भरी गर्मी के बीच अधिकतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री कम 34.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हवा में नमी का स्तर 88 से 73 प्रतिशत रहा। जहां तक वर्षा का सवाल है तो कहीं कहीं बूंदाबांदी होने का समाचार है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बृहस्पतिवार को दिन भर बादल छाए रहेंगे।
गर्जन वाले बादल बनने, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने व बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा होने की संभावना है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 34 और 27 डिग्री रहने के आसार हैं।
दूसरी तरफ दिल्ली की हवा फिलहाल साफ ही चल रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक बुधवार को दिल्ली का एक्यूआइ बुधवार को 132 रहा। इसे मध्यम श्रेणी में रखा जाता है।
एक दिन मंगलवार को यह पहले यह संतोषजनक श्रेणी में 95 था। यानी 24 घंटे के भीतर इसमें 37 अंकों की वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि मौजूदा मौसमी परिस्थितियों के बीच इसके खराब श्रेणी में पहुंचने की कोई संभावना नहीं है।
सिस्टम कमजोर पड़ने से मानसून की दस्तक में लग सकते दो से तीन दिन : स्काईमेट
पहेली बने मानसून को लेकर मौसम विभाग जहां बहुत कुछ स्पष्ट नहीं कर पा रहा वहीं स्काईमेट वेदर ने इसके आगमन में अभी दो से तीन दिन और लगने की आशंका जताई है। स्काईमेट के अनुसार जिन मौसमी प्रणालियों के सक्रिय होने से मानसून के जल्द आने की संभावना जताई जा रही थी, वो फिलहाल कमजोर पड़ गए हैं।
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में अब जो सिस्टम विकसित हो रहा है, वह मानसून ट्रफ को मध्य प्रदेश की ओर लेकर जाएगा। एक दो तीन बाद जब पंजाब के ऊपर एक अपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनेगा तो मानसून दिल्ली की ओर बढ़ेगा।
स्काईमेट के अनुसार मानसून की शुरुआत भी हल्की ही होगी। याद रहे कि दिल्ली में मानसून आने की सामान्य तारीख 27 जून है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।