दिल्ली में स्कूल के बाहर 12वीं के छात्र की गले में चाकू घोंपकर हत्या, सहम गए टीचर्स; 5 आरोपित अरेस्ट
मोहन गार्डन के एक सरकारी स्कूल के बाहर जूते की शिकायत पर हुए विवाद में 12वीं कक्षा के छात्र की ...और पढ़ें

12वीं कक्षा के छात्र की चाकू घोंपकर हत्या (सांकेतिक तस्वीर: AI-Generated)
HighLights
मोहन गार्डन में 12वीं के छात्र की हत्या
जूते की शिकायत पर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार
मुकेश ठाकुर, पश्चिमी दिल्ली। मोहन गार्डन स्थित सरकारी स्कूल के बाहर छात्रों के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी हमले में बदल गया। 14 अक्टूबर की शाम छुट्टी के बाद 12वीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। हमले के बाद छात्र गले में चाकू घुसा होने की स्थिति में ही स्कूल के अंदर पहुंचा।
उसे लहूलुहान देखकर एक शिक्षक ने उसके गले में घुसे चाकू को बाहर निकाला और खून रोकने की कोशिश की। शिक्षकों का आरोप है कि कई बार पीसीआर काल करने के बावजूद पुलिस की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची।
बाद में स्कूल का एक कर्मचारी थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मामले में अब तक तीन नाबालिगों और दो बालिगों समेत पांच आरोपितों को पकड़ा है।
इलाज के दौरान हुई मौत
द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त के अनुसार, 14 अक्टूबर को शाम करीब 6:10 बजे मोहन गार्डन थाने में स्कूल के पास एक लड़के को चाकू मारने की पीसीआर कॉल मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि घायल छात्र को तारक अस्पताल ले जाया गया है।
उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहन गार्डन निवासी एन के रूप में हुई। वह 12वीं कक्षा का छात्र था। उसके पिता पूर्व सैनिक हैं और वर्तमान में गुरुग्राम में निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं।
जूते की शिकायत पर हुआ था विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, उसी स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले के ने निर्धारित पैटर्न के जूते नहीं पहनने को लेकर ए की शिकायत शिक्षक से की थी। इस बात पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई और के ने ए को धमकी दी थी।
छुट्टी के बाद ए अपने दोस्तों के साथ स्कूल के गेट से बाहर निकला। उसके साथ मृतक छात्र भी था। आरोप है कि लड़के ने अपने साथियों को उकसाया और इसी दौरान एक हमलावर ने एन के गले में चाकू घोंप दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।
हत्या के प्रयास के मामले में मुख्य गवाह था मृतक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र पहले एक अन्य छात्र पर हुए जानलेवा हमले के मामले में मुख्य गवाह था। उस मामले में हत्या के प्रयास का मुख्य आरोपित, वर्तमान हत्या के मुख्य आरोपित छात्र का दोस्त बताया जा रहा है। पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है कि कहीं पुराने मामले की रंजिश के चलते तो छात्र की हत्या नहीं की गई। यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या के प्रयास के मामले का आरोपित इस वारदात में शामिल था या नहीं।
स्कूल के गेट के पास मिला चाकू
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू स्कूल के गेट के पास से बरामद किया है। क्राइम टीम और फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मोहन गार्डन थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 115(2) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में अब तक तीन नाबालिग और दो बालिग आरोपित पकड़े गए हैं।
जुलाई में भी स्कूल के बाहर हुआ था चाकू से हमला
गौरतलब है कि जुलाई में इसी परिसर से लगे सरकारी स्कूल नंबर-1 के गेट के बाहर 10वीं कक्षा के छात्र पर चाकू से हमला हुआ था। उस घटना में छात्र की जान बच गई थी। स्कूलों के बाहर बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं ने विद्यार्थियों की सुरक्षा और पुलिस निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
