दिल्ली के मोहन गार्डन में सीवर लाइन की हो रही खोदाई, पहले गिरी अर्थमूवर; फिर स्कूटी और अब फटी गैस पाइपलाइन
मोहन गार्डन में जल बोर्ड की सीवर लाइन खोदाई के दौरान ठेकेदार की लापरवाही से कई हादसे हुए हैं। पहले अर्थमूवर गड्ढे में गिरी, फिर गैस और पानी की पाइपलाइन टूटी, जिससे जलापूर्ति प्रभावित हुई और सुरक्षा पर सवाल उठे।

मोहन गार्डन में जल बोर्ड की सीवर लाइन खोदाई के दौरान ठेकेदार की लापरवाही से कई हादसे हुए हैं।
HighLights
मोहन गार्डन में सीवर लाइन खोदाई में लापरवाही।
खोदाई के दौरान अर्थमूवर मशीन गड्ढे में गिरी।
गैस और पानी की मुख्य पाइपलाइन टूटी।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। मोहन गार्डन में इन दिनों एक हादसा चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां के के-1 और के-2 रोड पर पिछले एक महीने से जल बोर्ड की सीवर लाइन के लिए खोदाई चल रही है।
ठेकेदार और विभाग की लापरवाही का आलम यह रहा कि दो दिन पहले सीवर लाइन के लिए खोदा गया यह गहरा गड्ढा खुद खोदाई करने वाली अर्थमूवर मशीन को ही निगल गया। काफी मशक्कत के बाद जब मशीन को बाहर निकाला गया, तो लोगों को लगा कि अब शायद प्रशासन सुधरेगा, लेकिन लापरवाही यही नहीं रुकी।
सुरक्षा के बुनियादी नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही
स्थानीय निवासी महावीर फौजी ने बताया कि इस खोदाई के दौरान सुरक्षा के बुनियादी नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। बैरिकेडिंग न होने के कारण कल यहां एक स्कूटी सवार इस गहरे दलदलनुमा गड्ढे में गिरते-गिरते बचा। हद तो शनिवार को तब हो गई जब लापरवाही से चल रही खोदाई के कारण जमीन के नीचे बिछी आइजीएल की गैस पाइपलाइन ही टूट गई।
इतना ही नहीं, साथ में जल बोर्ड की मुख्य पानी की लाइन भी तोड़ दी गई, जिससे जलापूर्ति प्रभावित हो रही है। इंटरनेट मीडिया पर जेसीबी के गड्ढे में गिरने की वीडियो प्रसारित हो रही है, जिस पर लोग तरह तरह के कमेंट कर रहे हैं।