दिल्ली की गीता कॉलोनी में कपड़ों की फैक्ट्री में लगी आग, इलाके में फैला धुएं का गुबार; लाखों का नुकसान
पूर्वी दिल्ली की गीता कॉलोनी में सोमवार सुबह एक कपड़ों की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया, हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ।

गीता कॉलोनी इलाके में कपड़ों की फैक्ट्री में लगी भीषण आग। जागरण
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। गीता कॉलोनी इलाके में सोमवार सुबह कपड़ों की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते फैक्ट्री के अंदर रखे कपड़ों और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना सुबह करीब नौ बजे की है। आग लगने के समय फैक्ट्री के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मौके पर पहुंची दमकल विभाग की 12 गाड़ियां
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को सूचित किया गया। इसके बाद दमकल विभाग की 12 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया। फैक्ट्री में कपड़ों का सामान बड़ी मात्रा में होने के चलते आग तेजी से फैल गई।
आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों में भी चिंता बढ़ गई। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। इसके बाद भी मौके पर आग की स्थिति पर निगरानी रखी गई, ताकि आग दोबारा न भड़क सके।
आग की घटना में फैक्ट्री के अंदर रखा कपड़ों समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया। फैक्ट्री संचालक को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।