दिल्ली के प्रदूषण नियंत्रण की खुली पोल, लैंडफिल पर 52 लाख टन से ज्यादा कचरा; 94 प्रतिशत लक्ष्य अधूरे
सीएक्यूएम की रिपोर्ट ने दिल्ली के प्रदूषण नियंत्रण प्रयासों की पोल खोल दी है, जिसमें कचरा प्रसंस्करण, लैंडफिल निस्तारण और पार्किंग जैसे कई महत्वपूर्ण लक्ष्यों में गंभीर खामियां सामने आई हैं।

कचरा प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाने का लक्ष्य शून्य। जागरण
संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। दिल्ली में वायु प्रदूषण से निपटने के लिए सरकार की ओर से बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीन पर किए गए काम की तस्वीर कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के प्रदूषण नियंत्रण संबंधी रिपोर्ट कार्ड में राजधानी की तैयारियों की कई गंभीर खामियां सामने आई हैं।
कूड़े के पहाड़ों का निस्तारण हो या नई कचरा प्रसंस्करण क्षमता तैयार करना, सड़कों की धूल रोकने के इंतजाम हों या पार्किंग की समस्या से निपटना, कई अहम मोर्चों पर दिल्ली निर्धारित लक्ष्य से काफी पीछे है।
कचरा प्रबंधन कार्य चिंताजनक
सबसे चिंताजनक स्थिति ठोस कचरा प्रबंधन की है। दिल्ली में साल 2026 के दौरान कचरा प्रसंस्करण क्षमता प्रतिदिन 650 टन बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन 31 अक्टूबर तक इसमें एक टन की भी बढ़ोतरी नहीं हुई।
यानी उपलब्धि शून्य रही। इसी तरह तीनों लैंडफिल साइटों पर जमा पुराने कचरे के निस्तारण का काम भी लक्ष्य से काफी पीछे है। ओखला में 67 प्रतिशत, भलस्वा में 57 प्रतिशत और गाजीपुर में केवल 42 प्रतिशत कचरे का ही निस्तारण हो पाया है।
रिपोर्ट कार्ड में दिल्ली के लिए निर्धारित 29 कार्यों के तहत अलग-अलग क्षेत्रों में लक्ष्य और उपलब्धियों का ब्योरा दिया गया है। इसमें वाहनों से होने वाले प्रदूषण, औद्योगिक उत्सर्जन, सड़क की धूल, कचरा प्रबंधन, निर्माण एवं तोड़फोड़ से निकलने वाले मलबे और अन्य प्रदूषण स्रोतों पर नियंत्रण के प्रयास शामिल हैं। आयोग ने राज्यों और दिल्ली सरकार को शेष अवधि में काम तेज करने का अवसर दिया है।
तीनों लैंडफिल पर 52 से 58 लाख टन कचरा निस्तारण बाकी
दिल्ली के तीनों कूड़े के पहाड़ों की स्थिति रिपोर्ट में सबसे गंभीर तस्वीर पेश करती है। ओखला लैंडफिल पर 27.45 लाख टन कचरे के निस्तारण का लक्ष्य था, लेकिन 18.26 लाख टन ही हटाया जा सका। यहां अभी 9.19 लाख टन का अंतर बाकी है। भलस्वा में 48.42 लाख टन के लक्ष्य के मुकाबले 27.49 लाख टन कचरा हटाया गया।
यहां 20.93 लाख टन का काम बाकी है। वहीं गाजीपुर में 39.12 लाख टन के लक्ष्य के मुकाबले 16.53 लाख टन कचरे का निस्तारण हुआ है। यहां 22.59 लाख टन का अंतर है। तीनों लैंडफिल साइटों पर कुल 114.99 लाख टन कचरे के निस्तारण का लक्ष्य था, जबकि 62.28 लाख टन हटाया जा सका। इस तरह 52.71 लाख टन कचरे का निस्तारण अभी बाकी है।
पार्किंग के 94 प्रतिशत लक्ष्य अधूरे
वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए पार्किंग व्यवस्था में सुधार भी दिल्ली की बड़ी चुनौती बना हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2026 में 266 पार्किंग स्थल विकसित करने का लक्ष्य था, लेकिन 31 अक्टूबर तक केवल 15 ही तैयार हो पाए। यानी लक्ष्य का महज छह प्रतिशत हासिल हुआ है और 251 पार्किंग स्थलों का काम बाकी है।
सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए 2,395 सिटी बसें बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया था। इसके मुकाबले 1,703 बसें ही बढ़ाई जा सकीं। उपलब्धि 71 प्रतिशत रही। हालांकि इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाने का लक्ष्य दिल्ली ने पार कर लिया। पांच हजार के लक्ष्य के मुकाबले छह हजार स्टेशन दर्ज किए गए।
सड़क की धूल रोकने के इंतजाम भी अधूरे
सड़कों की धूल दिल्ली में प्रदूषण का बड़ा कारण है। इसके नियंत्रण के लिए बड़े आकार की मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों (एमआरएसएम) की संख्या 35 करने का लक्ष्य था, लेकिन 19 ही उपलब्ध हो पाईं। मध्यम आकार की 57 मशीनों के लक्ष्य के मुकाबले केवल एक मशीन की उपलब्धता दर्ज की गई। यानी इस श्रेणी में लक्ष्य का महज दो प्रतिशत ही हासिल हुआ।
हालांकि छोटे आकार की मशीनों के मामले में चार के लक्ष्य के मुकाबले चारों मशीनें उपलब्ध बताई गई हैं। इससे साफ है कि सड़क की धूल पर नियंत्रण के लिए जरूरी मशीनरी की उपलब्धता में भी एकरूपता नहीं है।
उद्योगों के निरीक्षण में बेहतर, लेकिन कचरा प्रबंधन में शून्य
रिपोर्ट कार्ड में दिल्ली की कुछ उपलब्धियां भी दर्ज हैं। औद्योगिक इकाइयों के निरीक्षण का लक्ष्य 979 था, जबकि 1,609 निरीक्षण किए गए। ऑनलाइन उत्सर्जन निगरानी प्रणाली (ओसीईएमएस) और वायु प्रदूषण नियंत्रण उपकरण (एपीसीडी) लगाने के मामले में भी निर्धारित लक्ष्य पूरा किया गया। वहीं डीजल जनरेटर सेट के 539 निरीक्षणों के लक्ष्य के मुकाबले 1,296 निरीक्षण किए गए।
निर्माण एवं तोड़फोड़ से निकलने वाले मलबे के प्रसंस्करण की क्षमता प्रतिदिन एक हजार टन करने का लक्ष्य भी पूरा किया गया। लेकिन इस मलबे का सरकारी और निजी एजेंसियों की ओर से उपयोग काफी कम रहा।
सरकारी एजेंसियों के लिए निर्धारित 9.90 लाख टन से अधिक के लक्ष्य के मुकाबले लगभग 2.07 लाख टन मलबे का उपयोग हुआ। निजी एजेंसियों के लिए 12.09 लाख टन के लक्ष्य के मुकाबले करीब 3.08 लाख टन का उपयोग दर्ज किया गया।
हरित शवदाह गृह बनाने में चारों राज्यों की उपलब्धि शून्य
प्रदूषण कम करने के लिए हरित शवदाह गृह बनाने का लक्ष्य भी पूरा नहीं हुआ। दिल्ली में 49, हरियाणा में 196, राजस्थान में 53 और उत्तर प्रदेश में 123 हरित शवदाह गृह बनाने का लक्ष्य निर्धारित था, लेकिन 31 अक्टूबर तक चारों राज्यों में एक भी तैयार नहीं हुआ। कुल 421 हरित शवदाह गृहों के लक्ष्य के मुकाबले उपलब्धि शून्य रही।
जनवरी में जारी होगा अंतिम रिपोर्ट कार्ड
सीएक्यूएम ने वर्ष 2026 के जनवरी से अक्टूबर तक की उपलब्धियों के आधार पर यह रिपोर्ट कार्ड तैयार किया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि राज्यों और दिल्ली सरकार के पास शेष वर्ष में अपने प्रयास तेज कर स्थिति सुधारने का अवसर है। वर्ष 2026 का अंतिम रिपोर्ट कार्ड जनवरी 2027 में जारी किया जाएगा।
दिल्ली के प्रदूषण नियंत्रण की पांच बड़ी कमियां
कार्य लक्ष्य वास्तविता
- नई कचरा प्रसंस्करण क्षमता 650 टन प्रतिदिन 0%
- पार्किंग स्थल तैयार 266 में से सिर्फ 15 6%
- मध्यम आकार की रोड स्वीपिंग मशीनें 57 में से सिर्फ एक 2%
- गाजीपुर लैंडफिल पर कचरा निस्तारण 39.12 लाख टन के लक्ष्य के मुकाबले 42%
- हरित शवदाह गृह तैयार 49 का लक्ष्य 0
- ईवी चार्जिंग स्टेशन का लक्ष्य पूरा 5,000 के मुकाबले 6,000 120%
'एमसीडी लगातार वायु प्रदूषण के कारकों की पहचान कर उसमें सुधार का कार्य कर रही है। नई 1000 मशीनें सफाई के लिए लगाई गई है। पार्किंगों के निर्माण और कच्चे पार्किंंग स्थल को पक्का करने के लिए भी काम जारी है। हमारी पूरी कोशिश होती है कि धूल न उड़े इसके लिए जो-जो कारक है उनको खत्म किया जाए।'
-प्रवेश वाही, महापौर, दिल्ली
यह भी पढ़ें- कश्मीरी गेट आईएसबीटी से 2100 किमी दूर बेंगलुरु पहुंचा 55 लाख के गहनों वाला बैग, दिल्ली पुलिस ने दिलाया वापस
यह भी पढ़ें- कमर्शियल वाहन मालिकों की जेब पर भारी पड़ रहा यूपी का नया नियम, दिल्ली-हरियाणा में रजिस्ट्रेशन करा रहे लोग
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।