कश्मीरी गेट आईएसबीटी से 2,100 किमी दूर बेंगलुरु पहुंचा 55 लाख के गहनों वाला बैग, दिल्ली पुलिस ने दिलाया वापस
कश्मीरी गेट आईएसबीटी पर गलती से बदले गए 55 लाख रुपये के सोने के गहनों से भरा बैग बेंगलुरु पहुंच गया था। दिल्ली पुलिस ने 2100 किमी दूर से बैग को सुरक्षित बरामद कर उसके मालिक को लौटा दिया।
-1795404523791_m.webp)
HighLights
कश्मीरी गेट आईएसबीटी पर 55 लाख का बैग बदला गया।
गहनों से भरा बैग 2100 किमी दूर बेंगलुरु पहुंचा।
दिल्ली पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर मालिक को लौटाया।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। कश्मीरी गेट आईएसबीटी पर नियमित सुरक्षा जांच के दौरान हुई अदला-बदली के बाद 55 लाख रुपये के सोने के गहनों से भरा बैग करीब 2,100 किलोमीटर दूर बेंगलुरु पहुंच गया, जिसे दिल्ली पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर उसके मालिक को लौटा दिया।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने 12 नवंबर को बताया था कि बस टर्मिनल के प्रवेश द्वार पर एक्स-रे मशीन के पास गलती से किसी और का बैग उठ गया था। यह गहने उसकी बहन की शादी के लिए रखे गए थे।
बैग में क्या-क्या सामान था?
पुलिस के मुताबिक, काले रंग के उस बैकपैक में कपड़े, सोने के गहने, एक आधार कार्ड, एक चार्जर और लगभग 9,000 रुपये नकद रखे हुए थे। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और मामले की छानबीन शुरू की।
जांच में ऐसे खुला राज और बेंगलुरु तक पहुंची टीम
मामले की पड़ताल के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, विभिन्न बस मार्गों की जांच की, बस टिकटों का सत्यापन किया और वित्तीय लेन-देन का विश्लेषण किया। इसी कड़ी में एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि सामने आई और अधिकारियों ने उसकी बस यात्रा का पता लगाया, जो बेंगलुरु से जुड़ी हुई थी। वित्तीय विश्लेषण और तकनीकी निगरानी के जरिए संदिग्ध को बेंगलुरु में ट्रेस किया गया, जिसकी पहचान रुद्रप्रयाग के रूप में हुई।
सुरक्षित लौटाया गया सारा सामान
पूछताछ में संबंधित व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि बैग की अदला-बदली का अहसास होने पर उसने पीसीआर कॉल करने की कोशिश की थी, लेकिन तब तक वह दिल्ली से निकल चुका था और कॉल दिल्ली कंट्रोल रूम से जुड़ नहीं सकी। पुलिस के अनुसार, उसने बैग को सुरक्षित रखा था और सभी कीमती सामान के साथ उसे वापस कर दिया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।