विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कमर्शियल वाहन मालिकों की जेब पर भारी पड़ रहा यूपी का नया नियम, दिल्ली-हरियाणा में रजिस्ट्रेशन करा रहे लोग

Published: Mon, 23 Nov 2026 08:49 AM (IST)

उत्तर प्रदेश में वन टाइम टैक्स (ओटीटी) और महंगे व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (वीएलटीडी) के कारण व्यावसायिक वाहनों का पंजीकरण घट गया है। 

कमर्शियल वाहन। फाइल फोटो - जागरण

कमर्शियल वाहन। फाइल फोटो - जागरण

HighLights

  1. ओटीटी और वीएलटीडी से यूपी में पंजीकरण घटा।

  2. पड़ोसी राज्यों में वाहन पंजीकरण करा रहे हैं खरीदार।

  3. वीएलटीडी की दरें यूपी में पड़ोसी राज्यों से महंगी।

लक्ष्य चौधरी, गाजियाबाद। वन टाइम टैक्स (ओटीटी) की एकमुश्त अदायगी और व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (वीएलटीडी) की महंगी दरें उत्तर प्रदेश में कमर्शियल वाहन खरीदने वालों की जेब पर भारी पड़ रही हैं।

इसका असर वाहन बाजार पर भी दिखाई देने लगा है। खरीदार अधिक खर्च से बचने के लिए दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में वाहनों का पंजीकरण करा रहे हैं।

वाहन मालिकों का आरोप है कि प्रदेश में वीएलटीडी के नाम पर 18 से 20 हजार रुपये तक वसूले जा रहे हैं, जबकि पड़ोसी राज्यों में यही उपकरण तीन से पांच हजार रुपये में उपलब्ध है।

बाजार में सुस्ती

वाहन पंजीकरण के आंकड़े भी बाजार में सुस्ती की ओर इशारा कर रहे हैं। इस साल अब तक मोटर कैब और 7.5 टन तक सकल वाहन भार वाले हल्के कमर्शियल मालवाहक वाहनों के 3829 पंजीकरण हुए हैं।

पिछले साल पूरे वर्ष में 4147 और वर्ष 2024 में 4185 वाहनों का पंजीकरण हुआ था। वाहन कारोबारियों के मुताबिक, ओटीटी के तहत वाहन खरीदते समय ही एकमुश्त टैक्स जमा करना पड़ता है। इससे शुरुआती निवेश बढ़ जाता है।

कंपनियों की दरों में एकरूपता नहीं

वहीं, वीएलटीडी की अलग-अलग कंपनियों की मनमानी दरों के चलते भी खरीदारों को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है। प्रदेश में 18 कंपनियों के माध्यम से वाहनों में पैनिक बटन और वीएलटीडी लगाए जा रहे हैं। आरोप है कि कंपनियों की दरों में एकरूपता नहीं है।

सीमित विकल्प होने के कारण वाहन स्वामियों को अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है। ड्राइवर दीपक गुप्ता का कहना है कि कंपनियों के एकाधिकार से प्रतिस्पर्धा खत्म हो रही है। इसका सीधा असर वाहन मालिकों की जेब पर पड़ रहा है।

दूसरी ओर, परिवहन विभाग के अधिकारियों का तर्क है कि ओटीटी व्यवस्था में लंबी अवधि के हिसाब से कर का बोझ कम होता है। पहले निर्धारित अंतराल पर टैक्स जमा करना पड़ता था, जबकि अब एकमुश्त भुगतान की व्यवस्था है।

वन टाइम टैक्स में देना होता है कम कर

ओटीटी के तहत 10 लाख रुपये तक कीमत वाले वाहन पर 10.5 प्रतिशत और इससे अधिक कीमत वाले वाहन पर 12.5 प्रतिशत की दर से एकमुश्त टैक्स जमा करना होता है।

वहीं, उदाहरण के तौर पर छह लाख रुपये के वाहन पर 63 हजार रुपये टैक्स देना पड़ता है। पहले चार एसी सीट वाले वाहन पर 3960 रुपये प्रति तिमाही के हिसाब से टैक्स जमा होता था। इस तरह 15 साल में कुल 2,11,500 रुपये का भुगतान करना पड़ता था।

पड़ोसी राज्यों में पंजीकरण का विकल्प

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली और हरियाणा में कमर्शियल मोटर कैब का पंजीकरण अधिक होता है। इन राज्यों में त्रैमासिक या मासिक टैक्स भुगतान की व्यवस्था होने से वाहन खरीदारों को शुरुआती निवेश में राहत मिलती है।

इसके अलावा पंजीकरण के लिए स्थायी पते की बाध्यता भी उत्तर प्रदेश की तुलना में कम है। किरायानामे के आधार पर भी वाहन पंजीकरण की सुविधा मिलने से दूसरे राज्यों के खरीदार वहां का रुख कर रहे हैं।

ओटीटी लागू होने के शुरुआती चार महीनों में वाहन खरीद में अधिक गिरावट दर्ज की गई थी। हालांकि, अब वाहन स्वामियों को एकमुश्त टैक्स के फायदे समझ में आने लगे हैं। इससे खरीदारों की संख्या में फिर बढ़ोतरी हो रही है। आमतौर पर हरियाणा में कमर्शियल मोटर कैब का पंजीकरण अधिक होता है। वहां वाहन स्वामियों को मिलने वाली छूट भी इसकी एक वजह है। - अंतरिक्ष कुमार, प्रबंधक, नेक्सा शोरूम, मोदीनगर

कमर्शियल वाहनों का पंजीकरण दिल्ली और हरियाणा में अधिक होता है। उत्तर प्रदेश में एकमुश्त कर की व्यवस्था है, जबकि पड़ोसी राज्यों में त्रैमासिक टैक्स भुगतान का विकल्प मिलता है। इससे वाहन स्वामी शुरुआती आर्थिक बोझ से बचने के लिए दूसरे राज्यों में वाहन खरीद रहे हैं। - पीके सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी, गाजियाबाद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।