विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली के मरघट वाले हनुमान मंदिर का होगा कायाकल्प, काशी-उज्जैन की तर्ज पर बनेगा भव्य कॉरिडोर

Published: Mon, 06 Apr 2026 06:00 AM (IST)

दिल्ली सरकार पुरानी दिल्ली के मरघट वाले हनुमान मंदिर में भव्य कॉरिडोर बनाने की योजना पर काम कर रही है। ...और पढ़ें

मरघट वाले हनुमान मंदिर के सामने सड़क और फ्लाई ओवर ब्रिज पर बनी रहती है जाम की स्थिति। जागरण आर्काइव

मरघट वाले हनुमान मंदिर के सामने सड़क और फ्लाई ओवर ब्रिज पर बनी रहती है जाम की स्थिति। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. मरघट हनुमान मंदिर में बनेगा भव्य कॉरिडोर

  2. काशी-उज्जैन मॉडल पर होगा विकास कार्य

  3. जाम से मुक्ति, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

शशि ठाकुर, नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली के यमुना तट पर स्थित ऐतिहासिक एवं सिद्धपीठ मरघट वाले हनुमान मंदिर का स्वरूप जल्द ही भव्य और दिव्य होने जा रहा है।

भक्तों की बढ़ती संख्या और मंदिर की प्राचीन महत्ता को देखते हुए दिल्ली सरकार ने यहां भव्य कारिडोर बनाने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर विभिन्न विभागों, जनप्रतिनिधियों और मंदिर प्रबंधन के बीच उच्च स्तरीय बैठकों का दौर शुरू हो गया है।

मामले से जुड़े लोगों के अनुसार, मुख्यमंत्री की देख- रेख में तैयार होने वाली इस योजना का मुख्य उद्देश्य मंदिर परिसर को बेहतर स्तर की सुविधाओं से लैस करना और यहां लगने वाले भीषण जाम से भक्तों को स्थायी निजात दिलाना है। जिसका काम शाहजहांनाबाद पुनर्विकास निगम (एसआरडीसी) के तहत हो सकता है।

जाम की समस्या से परेशानी

वर्तमान में मंदिर के आसपास की स्थिति अत्यंत चुनौतीपूर्ण है। रिंग रोड और यमुना बाजार के समीप होने के कारण यहां वाहनों का दबाव बना रहता है। विशेषकर मंगलवार, शनिवार और हनुमान जयंती जैसे पर्वों पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है, जिससे पूरा क्षेत्र वाहनों का जाम लग जाता है।

संकरी गलियां और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में घंटों मशक्कत करनी पड़ती है। यहां जाम की वजह से न केवल स्थानीय यातायात प्रभावित होती है, बल्कि भक्तों को आवागमन में भारी परेशानी से जूझना पड़ता है।

इसी समस्या को जड़ से मिटाने के लिए योजना में एक आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग और चौड़े रास्तों का प्रस्ताव रखा गया है, ताकि भक्तों का प्रवाह निर्बाध रूप से बना रहे।

सीएम ने हाल रही में की थी घोषणा

मुख्यमंत्री ने हाल ही में हनुमान जन्मोत्सव के दिन मरघट वाले हनुमान मंदिर में आने वाले भक्तों की सुविधा के लिए कारीडोर के निर्माण की घोषणा की थी तथा इससे संबंधित जिम्मेदारी चांदनी चौक के पार्षद सुमन गुप्ता को दी है।

इस संबंध में चांदनी चौक निगम पार्षद सुमन गुप्ता ने बताया कि प्रस्तावित कारिडोर का खाका तैयार करने के लिए विशेषज्ञों की टीम उत्तर प्रदेश के काशी विश्वनाथ धाम और मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकाल लोक का बारीकी से अध्ययन करेगी।

कारिडोर के अंतर्गत मंदिर के चारों ओर एक भव्य गलियारा बनाया जाएगा, जो सीधे यमुना घाटों तक जुड़ेगा। इससे श्रद्धालु मंदिर दर्शन के बाद सुगमता से यमुना किनारे जा सकेंगे। साथ ही परिसर में ''''कथा कुंज'''' के निर्माण की भी योजना है जहां आध्यात्मिक आयोजन हो सकेंगे।

श्रद्धालुओं के विश्राम के लिए आधुनिक विश्राम स्थल और वर्तमान दुकानों को व्यवस्थित करने के लिए एक विशेष मार्केट जोन बनाने की भी योजना शामिल है।

जल्द शुरू होगा काम

इस कायाकल्प को पूरा करने के लिए डीडीए, पीडब्ल्यूडी, एमसीडी, डूसिब, जल बोर्ड और बाढ़ नियंत्रण विभाग के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है। डीडीए की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर सुंदरीकरण का कार्य जल्द शुरू होगा।

कारिडोर के निर्माण से न केवल भक्तों को जाम से मुक्ति मिलेगी, बल्कि यमुना किनारे की यह ऐतिहासिक विरासत एक नए पर्यटन केंद्र के रूप में भी उभरेगी।

चांदनी चौक के सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में कुछ माह पूर्व मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कोरिडोर निर्माण का आग्रह किया था, जिसका मुख्यमंत्री ने स्वागत किया था और डीडीए के अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण किया था।

यह भी पढ़ें- दूर होगी निजामुद्दीन स्टेशन पर भीड़ की समस्या, एलिवेटेड होल्डिंग एरिया और स्काईवॉक बनाने की तैयारी

यह भी पढ़ें- रायबरेली में गैस एजेंसी का ऑफिस बंद, गुस्साए लोगों ने प्रतापगढ़ रोड पर जाम लगाकर किया प्रदर्शन




देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।