विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दूर होगी निजामुद्दीन स्टेशन पर भीड़ की समस्या, एलिवेटेड होल्डिंग एरिया और स्काईवॉक बनाने की तैयारी

Published: Sun, 05 Apr 2026 08:25 PM (IST)

सराय काले खां की ओर से हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को भीड़ और संकरी सड़क से होने वाली परेशानी जल्द दूर होगी। रेलवे प्रशासन और नगर निगम के बीच भूमि विवाद के कारण यात्री सुविधाओं में बाधा आ रही थी। अब रेलवे ने एलिवेटेड होल्डिंग एरिया और स्काईवॉक बनाने का निर्णय लिया है। इससे ढाई लाख यात्रियों को सुविधा मिलेगी और प्लेटफॉर्म पर भीड़ प्रबंधन में भी मदद मिलेगी।

हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर एलिवेटेड होल्डिंग एरिया और एफओबी बनाने की तैयारी।

हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर एलिवेटेड होल्डिंग एरिया और एफओबी बनाने की तैयारी।

HighLights

  1. सराय काले खां से निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचने की समस्या होगी दूर।

  2. रेलवे बनाएगा एलिवेटेड होल्डिंग एरिया और नया स्काईवॉक।

  3. ढाई लाख यात्रियों को मिलेगी सुविधा, भीड़ प्रबंधन में मदद।

संतोष कुमार सिंह, नई दिल्ली। सराय काले खां की तरफ से हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचने में यात्रियों को होने वाली परेशानी दूर होने की उम्मीद है। रिंग रोड से स्टेशन परिसर के बीच संकरी सड़क व उसके दोनों ओर लगी अस्थायी दुकानों से यात्रियों को भारी परेशानी होती है।

समस्या का मुख्य कारण भूमि को लेकर विवाद है। स्टेशन परिसर के बाहर की भूमि नगर निगम की है। इस कारण उस भूमि का रेलवे प्रशासन यात्री सुविधा के लिए उपयोग नहीं कर सकता है। इसके समाधान के लिए रेलवे एलिवेटेड होल्डिंग एरिया और एफओबी बनाने की तैयारी कर रहा है।

ढाई लाख यात्री पहुंचते हैं हजरत निजामुद्दीन स्टेशन

नई दिल्ली व पुरानी दिल्ली के बाद हजरत निजामुद्दीन राजधानी का सबसे महत्वपूर्ण व भीड़-भाड़ वाला रेलवे स्टेशन हैं। वंदे भारत, गतिमान, राजधानी सहित प्रतिदिन लगभग दो सौ ट्रेनों का यहां से संचालन होता है और ढाई लाख के करीब यात्री पहुंचते हैं।

इसमें बड़ी संख्या में लोग सराय काले खां की तरफ से आते-जाते हैं। मुख्य भवन और उसके बाहर पर्याप्त स्थान होने के कारण यात्रियों को परेशानी नहीं होती है। परंतु, सराय काले खां की तरफ जगह की कमी है। इस तरफ सराय काले खां बस अड्डा, पिंक लाइन मेट्रो स्टेशन और नमो ट्रेन स्टेशन है।

ट्रैवलेटर वाला स्काई वॉक तैयार किया गया

नमो ट्रेन स्टेशन से सीधे रेलवे स्टेशन में पहुंचने के लिए ट्रैवलेटर वाला स्काई वाक तैयार किया गया है। लेकिन, बस, अन्य वाहनों और मेट्रो से आने वाले यात्रियों को संकरी सड़क से होकर स्टेशन परिसर में आना पड़ता है। संकरी सड़क पर आटो व कैब जाम में फंसे रहते हैं। पैदल चलने वाले यात्रियों को भी परेशानी होती है।

सराय काले खां की तरफ बने स्टेशन भवन में भी पर्याप्त स्थान नहीं है। इस कारण यहां अधिक यात्री नहीं रूक सकते हैं। सभी को प्लेटफार्म पर जाना पड़ता है। इससे प्लेटफार्म पर भी भीड़ बढ़ जाती है। स्टेशन भवन और प्लेटफार्म पर भीड़ प्रबंधन की समस्या होती है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्ग व बीमार यात्रियों को होती है।

रेलवे प्रशासन व नगर निगम के बीच बातचीत चल रही

भूमि उपलब्ध कराने को लेकर पिछले कई वर्षों से रेलवे प्रशासन व नगर निगम के बीच बातचीत चल रही थी। रेलवे इस भूमि के बदले अन्य स्थान पर नगर निगम को भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी रखा था। अभी तक इसे लेकर अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। इस कारण रेलवे प्रशासन ने अब एलिवेटेड होल्डिंग एरिया बनाने का निर्णय किया है।

साथ ही स्काई वाक भी बनेगा जिससे रिंग रोड व मेट्रो स्टेशन से आने वाले पैदल यात्रियों की परेशानी दूर रहोगी। शीघ्र ही इसका प्रस्ताव तैयार कर रेल मंत्री को भेजा जाएगा। होल्डिंग एरिया बनने से प्लेटफार्म पर भीड़ रोकने में मदद मिलेगी। ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्रियों को भी सुविधा होगी।

यह भी पढ़ें- नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मिलेंगी एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं, QR कोड से होगी एंट्री; 1500 AI कैमरे रखेंगे नजर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।