विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रायबरेली में गैस एजेंसी का ऑफिस बंद, गुस्साए लोगों ने प्रतापगढ़ रोड पर जाम लगाकर किया प्रदर्शन

Published: Sun, 05 Apr 2026 10:17 PM (IST)

सलोन, रायबरेली में एलपीजी गैस एजेंसी कार्यालय बंद होने से नाराज उपभोक्ताओं ने प्रतापगढ़ रोड पर जाम लगा दिया। गैस की किल्लत, बुकिंग पर्ची और केवाईसी में परेशानी के कारण लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।

News Article Hero Image

HighLights

  1. सलोन में एलपीजी गैस एजेंसी कार्यालय बंद होने पर विरोध।

  2. उपभोक्ताओं ने प्रतापगढ़ रोड पर आधे घंटे तक जाम लगाया।

  3. पूर्ति निरीक्षक ने नई व्यवस्था का आश्वासन दिया, आपूर्ति जल्द सामान्य।

संवाद सूत्र, सलोन (रायबरेली)। एलपीजी गैस एजेंसी का कार्यालय बंद मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने कस्बे की पुलिस चौकी से चंद कदम दूर मुख्य मार्ग पर जाम कर लगभग आधे घंटे तक प्रदर्शन किया। जाम के कारण थोड़ी ही देर में कस्बा-प्रतापगढ़ मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

पुलिस ने लोगों को समझाकर किसी तरह आवागमन बहाल कराया। लोगों का कहना है कि पहले से ही गैस की किल्लत के कारण परेशानी हो रही है। इसके बाद एजेंसी कार्यालय में बुकिंग के बाद पर्ची लेने और केवाईसी कराने की प्रक्रिया भी टेढ़ी खीर साबित हो रही है।

लोगों ने क्या लगाए आरोप?

लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ उपभोक्ता गोदाम से सीधे सिलिंडर ले जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में गैस वितरण व्यवस्था बाधित हो रही है। पूर्ति निरीक्षक अमर सिंह ने बताया कि एजेंसी कार्यालय का स्थान छोटा होने के कारण अव्यवस्था की स्थिति बन रही है।

एजेंसी संचालक को बड़ी जगह पर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार से ब्लाक के पास बुकिंग पर्ची और केवाईसी की व्यवस्था विभाग की निगरानी में कराई जाएगी, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। पूर्ति निरीक्षक का कहना है कि एक-दो दिनों में गैस की दो गाड़ियां आने की संभावना है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था सामान्य हो जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।