दिल्ली: साकेत ब्लॉक में ओवरफ्लो नालियों ने बढ़ाई मुसीबत, गंदे पानी के बीच गुजरने को मजबूर बच्चे
पूर्वी दिल्ली के मंडावली स्थित साकेत ब्लॉक में नालियां जाम होने से गंदा पानी गलियों में भर गया है, जिससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।

नाले के गंदे पानी से परेशान हैं लोग। जागरण
HighLights
मंडावली के साकेत ब्लॉक में नालियां जाम, गंदा पानी भरा।
नियमित सफाई न होने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी।
पार्षद ने समस्या समाधान का आश्वासन दिया, शिकायत नहीं मिली।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। लक्ष्मी नगर विधानसभा क्षेत्र के मंडावली स्थित साकेत ब्लॉक में जाम नालियां स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। नालियों का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर गलियों और घरों के सामने जमा हो रहा है। इसके चलते लोगों का घरों से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। स्कूली बच्चों को भी इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने और मुख्य नाले से पानी की निकासी बाधित होने के कारण लंबे समय से यह समस्या बनी हुई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
स्थानीय निवासी का क्या कहना है?
स्थानीय निवासी गुलाब चौधरी ने बताया कि नालियों में गाद और कचरा जमा होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। वहीं, मुख्य नाले से उचित जुड़ाव नहीं होने के चलते गंदा पानी वापस गलियों में भर जाता है। लंबे समय से जमा गंदे पानी के कारण इलाके में दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों के पनपने का खतरा भी बना हुआ है।
लक्ष्मी चौधरी ने बताया कि गलियों में गंदा पानी जमा होने से महिलाओं और बच्चों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है। वहीं, रतवती देवी का कहना है कि घरों के सामने पानी जमा रहने से रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन कई बार शिकायत के बावजूद नालियों की सफाई नहीं कराई गई।
पार्षद का पक्ष
इस मामले में स्थानीय वार्ड पार्षद यशपाल कैंतुरा का कहना है कि इस समस्या को लेकर कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।
यह भी पढ़ें- नोएडा: दीवाली से पहने बनी सड़क पर 5 करोड़ का नया टेंडर जारी, छिजारसी गोल-चक्कर से बहलोलपुर फ्लाईओवर तक काम शुरू
यह भी पढ़ें- दिल्ली के लोगों को प्रदूषण से राहत, AQI 228, जानिए अपने इलाके का हाल