Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शाहदरा जिले में लुटेरों के आगे पुलिस बेबस

    By JagranEdited By:
    Updated: Thu, 28 Feb 2019 08:18 PM (IST)

    शाहदरा जिले में लुटेरों के आगे पुलिस बेबस नजर आ रही है। यहां एक ही रात में दो घंटे के अंतराल में लुटेरों ने दो वारदात को अंजाम दिया। पहली वारदात परवेज ...और पढ़ें

    Hero Image
    शाहदरा जिले में लुटेरों के आगे पुलिस बेबस

    जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : शाहदरा जिले में लुटेरों के आगे पुलिस बेबस नजर आ रही है। यहां एक ही रात में दो घंटे के अंतराल में लुटेरों ने दो वारदात को अंजाम दिया। पहली वारदात परवेज (29) नामक युवक के साथ हुई। वह जीटीबी एंक्लेव थाने में शिकायत देकर लौट रहे थे। इस दौरान शाहदरा फ्लाईओवर पर बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और कट्टा दिखाकर नकदी, मोबाइल और स्कूटी लूट ली। दो घंटे बाद जीटीबी एंक्लेव इलाके में विष्णु (30) नामक युवक के साथ लूटपाट हुई। वह नोएडा की एक कंपनी में कर्मचारी हैं और यहां काम के सिलसिले में आए थे। पुलिस ने दोनों पीड़ितों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पीड़ित परवेज परिवार के साथ गली नंबर 43, जाफराबाद में रहते हैं। वह कूलर बनाने वाली फैक्ट्री में काम करते हैं। उनका छोटा भाई लापता है। इस मामले में बुधवार रात वह जीटीबी एंक्लेव थाने गए थे। वहां से रात करीब 9:30 बजे स्कूटी से घर लौट रहे थे। जब वह शाहदरा फ्लाईओवर पर पहुंचे तो बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। कट्टा तानकर बदमाश उनकी जेब से 44 हजार की नकदी, मोबाइल फोन और स्कूटी लूटकर भाग गए। राहगीर की मदद से उन्होंने पुलिस की सूचना दी। वहीं विष्णु परिवार के साथ सेक्टर-49, नोएडा में रहते हैं। वह नोएडा सेक्टर-18 में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। बुधवार रात वह कंपनी के काम से जीटीबी एंक्लेव थाने के झिलमिल इलाके में गए थे। रात करीब 11:30 बजे वह स्कूटी से घर लौट रहे थे। झिलमिल मेट्रो स्टेशन के पास बाइक सवार दो बदमाश उन्हें रोककर लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने नुकीली चीज से उनके सिर और चेहरे पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। बदमाश उनका पर्स और मोबाइल फोन लूटकर भाग गए। राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची।