LIVE Delhi NCR News Updates: दिल्ली के द्वारका में मकान का लेंटर गिरने से दिव्यांग बच्चा घायल, अस्पताल में भर्ती
Delhi NCR News Updates Live राष्टीय राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर की सभी छोटी-बड़ी खबरें, पल-पल की अपडेट आपको Jagran.Com के इस लाइव ब्लॉग में मिलेगा। यहां पर ताजा खबरों को लगातार अपडेट किया जाता रहेगा।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Delhi NCR Live News Updates : राष्टीय राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर की सभी छोटी-बड़ी खबरें, पल-पल की अपडेट आपको Jagran.Com के इस लाइव ब्लॉग में मिलेगा। यहां पर ताजा खबरों को लगातार अपडेट किया जाता रहेगा। दिल्ली की राजनीति में उथल-पुथल, शिक्षा, चिकित्सा, अपराध, बिजनेस, सोशल मीडिया पर वायरल टिप्पणियां, मॉनसून की जानकारी, रेलवे सहित अन्य जानकारियों के लिए आप हमारे साथ बने रहें।
गाजियाबादः पिता ने बेटी को गला दबाकर मार डाला
संबंधों के शक में पिता ने बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। वेव सिटी थाना पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। अहमद अली की बेटी रुखसार की शादी 10 वर्ष पूर्व हुई थी। संतान न होने के कारण पिछले सप्ताह पति ने रुखसार को तीन तलाक दे दिया था। शनिवार आधी रात के बाद अहमद ने रुखसार की गला दबाकर हत्या कर दी।
गुरुग्राम: तारबंदी के दौरान कंपनी कर्मचारियों पर लाठी-डंडों से हमला
खेड़कीदौला थाना क्षेत्र सेक्टर 56 में एक कंपनी में आधे भाग की फेंसिंग करने पहुंचे कंपनी के पटवारी समेत अन्य कर्मचारियों के साथ दूसरे पक्ष के लोगों ने मारपीट की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। पीड़ित की शिकायत पर खेड़कीदौला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Delhi: खतरे के निशान से ऊपर पहुंचा यमुना का जलस्तर
दिल्ली में यमुना का जलस्तर फिर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। रविवार सुबह दस बजे यमुना का जलस्तर 206 मीटर से अधिक पहुंच गया। इसके पहले सुबह नौ बजे यमुना का जलस्तर 205.96 मीटर था। अभी हथनी कुंड बैराज से हर घंटे सवा लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा जा रहा है। जबकि शनिवार को दो लाख क्यूसेक से अधिक पानी यमुना में दिल्ली की तरफ छोटा गया था। इस वजह से दिल्ली में बाढ़ का खतरा बना हुआ है।
सोनीपत में यमुना एक बार फिर उफान पर
हथनीकुंड बैराज से करीब दो लाख क्यूसिक पानी छोड़ने के बाद यमुना एक बार फिर उफान पर है। जल स्तर बढ़ने पर प्रशासन ने अलर्ट घोषित कर दिया है। जिले में यमुना के बाढ़ प्रभावित गांव फिर से बाढ़ से निपटने की तैयारी में जुट गए हैं। क्योंकि फसलों में पहले से भरा पानी अभी पूरी तरह से नहीं निकला है।किसानों ने कहा कि यदि इस बार फिर पहले जैसी स्थिति बनी तो वह सह नहीं पाएंगे।
दिल्ली: ट्रांसफार्मर के तांबा चोरी करने वाले दो चोर और एक रिसीवर गिरफ्तार
एनडीपीएल के बिजली ट्रांसफार्मर के तांबे चोरी करने वाले दो चोर और एक रिसीवर को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया। इनकी गिरफ्तारी से पुलिस ने चोरी के 55 मामले सुलझाने का दावा किया। नॉर्थ दिल्ली पावर लिमिटेड के बिजली के ट्रांसफार्मरों से तांबे की चोरी की घटनाएं बढ़ रही थी जिसे देखते हुए सहायक उप निरीक्षक ने एफआईआर दर्ज कराई थी।
गाजियाबाद: आज जारी होगी सीसीएसयू की पहली मेरिट
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों में आज रविवार शाम को स्नातक कोर्स में दाखिले के लिए प्रथम वरीयता सूची जारी की जाएगी। सूची के आधार पर 24 जुलाई से दाखिले शुरू हो जाएंगे जो 27 जुलाई तक 4 कार्य दिवस में होंगे। इस साल विश्वविद्यालय द्वारा दो मुख्य दो ओपन मेरिट जारी की जाएंगी। 27 के बाद खाली सीटों पर दाखिले के लिए दूसरी मेरिट जारी की जाएगी।
हापुड़: फ्लैट की छत से गिरकर युवती की मौत, हत्या की आशंका
कोतवाली क्षेत्र के आनंद विहार स्थित फ्लैट की छत से गिरकर शनिवार देर रात एक युवती की मौत हो गई। सालों से युवती एक युवक के साथ रह रही थी। देर रात दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। पुलिस के अनुसार राहुल नाम बताकर मोहसिन युवती के साथ रहता था। दोनों एक ही हॉस्पिटल में नौकरी करते थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गाजियाबादः नशीला पदार्थ देकर ई-रिक्शा लूटा
बदमाशों ने चालक को नशीला पदार्थ देकर ई-रिक्शा लूट लिया। नगर कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में समीर ने बताया कि 18 जुलाई को नया बस अड्डा से दो युवक नई बस्ती के लिए उनके ई रिक्शा में बैठे थे नई बस्ती पहुंच कर दोनों ने कोल्ड्रिंक दी। इसे पीते ही समीर बेसुध हो गया और दोनों बदमाश ई-रिक्शा, मोबाइल व जेब में रखे 600 रुपये लेकर फरार हो गए।
दिल्ली: एक फिर बिगड़ सकती है बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति
हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद राजधानी दिल्ली के बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति फिर बिगड़ सकती है। मदनपुर खादर स्थित विश्वकर्मा कॉलोनी, खड्डा कॉलोनी और कालीमुल्लाह मोहल्ला के लोग बाढ़ ग्रसित होने के बाद मुश्किल से जीवनयापन कर रहे हैं।
मणिपुर के लिए रवाना हुईं DCW चीफ स्वाति मालीवाल
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल राष्ट्रीय राजधानी से आज मणिपुर के लिए रवाना हो गई हैं। वह राज्य की कानून व्यवस्था व महिलाओं के साथ दरिंदगी के मामले को लेकर मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह मुलाकात करेंगी।
दिल्ली: सोने में ट्रेड कराने के नाम पर स्टील व्यापारी से 48.13 लाख की ठगी
सोने में ट्रेड कराने के नाम पर रोहिणी के स्टील व्यापारी से 48.13 लाख की ऑनलाइन ठगी कर ली गई। व्यापारी की पहचान रोहिणी सेक्टर नौ के सौरभ गोयल के रूप में हुई है। उन्हें वाट्सऐप पर युवती का कॉल आया था, जिसने खुद को सिंगापुर स्थित कंपनी की ऑपरेशन डायरेक्टर बताया था।रोहिणी जिले की साइबर थाना पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुट गई है।
फरीदाबाद: बाइक के क्लच वायर से गला दबाकर युवक की हत्या
युवक 20 जुलाई से घर से लापता था। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज किया था। गांव सोतई में युवक का शव मिला।
साहिबाबाद : नहीं हो रहा हरनंदी का जलस्तर कम, लोगों को रेस्क्यू करने का काम जारी
हरनंदी का जलस्तर कम नहीं हो रहा है। गांव से लेकर शहर तक पानी लोगों के घरों में घुस गया। करहेड़ा की सात कालोनी के पांच हजार से ज्यादा मकान बाढ़ की चपेट में हैं। कृषि भूमि पर पानी भर गया है। हजारों एक एकड़ फसल बर्बाद हो गई है।
गाजियाबाद: युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट
मुरादनगर थाना क्षेत्र में गंगनहर पर रात में युवकों को नहाने से मना करना पुलिसकर्मियों को महंगा पड़ गया। आरोपित युवकों ने पुलिसकर्मियों को पीट दिया। पथराव का भी आरोप है। थाने से अतिरिक्त बल बुलाकर आरोपितों को पुलिस ने पकड़ा। पीड़ित पुलिसकर्मी 41वीं वाहिनी पीएसी में तैनात हैं। उनकी ड्यूटी गंगनहर पर चल रही है। मामले में सिपाही पवन की शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस ने चार आरोपित हिरासत में लिए हैं।
हापुड़: ईंट से वार कर कर युवक की हत्या का प्रयास
कोतवाली पिलखवा क्षेत्र के पानी की टंकी के पास रहने वाले प्रभात भूषण ने बताया कि 21 जुलाई की रात पड़ोसी मोनू, सूरज, करन और एक अज्ञात व्यक्ति ने ईंट से पीड़ित पर हमला कर दिया। सर पर ईंट से लगातार वार कर उसकी हत्या का प्रयास किया। घायल को स्वजन ने अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।
हापुड़: घर में घुसकर विवाहिता से दुष्कर्म का प्रयास
थाना धौलाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने बताया कि 20 जुलाई की रात घर में घुसकर पड़ोस में सचिन नामक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर सुनकर स्वजन मौके पर आए तो आरोपित हत्या की धमकी देकर फरार हो गया। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।
हापुड़: घर में घुसकर जानलेवा हमला, पांच घायल
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आदर्श नगर कालोनी की शकुंतला ने बताया कि 19 जुलाई की रात पड़ोसी सुभाष, प्रेमपाल, अमन, गोलू, प्रकाश, रोहित, मो, नीरज और गौरव अपने घर में घुसकर लाठी डंडों से जानलेवा हमला कर दिया । जिसमें शकुंतला, महिपाल, प्रकाशवाती, रामेश्वरी उर्फ रमेश और आशीष घायल हो गए। घायलों को आसपास के लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने सभी नामजद आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
फरीदाबाद: बदमाशों ने थाने के सामने से किया एएसआइ के अपहरण का प्रयास
फरीदाबाद में बदमाशों ने थाने के सामने से एएसआइ के अपहरण का प्रयास किया। विरोध करने पर मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। वारदात ओल्ड फरीदाबाद के अग्रवाल धर्मशाला के पास की है।
दिल्ली के द्वारका में मकान का लेंटर गिरने से दिव्यांग बच्चा घायल
दिल्ली के द्वारका सेक्टर-16 बी स्थित आदर्श अपार्टमेंट में अचानक लेंटर का मलबा गिर गया। इस हादसे में एक दिव्यांग बच्चा घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौके पर अग्निशमन विभाग की टीम पहुंच गई है। बता दें कि कुछ दिन पहले दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने भी इस अपार्टमेंट का दौरा किया था।
दोपहर तक 206 के ऊपर पहुंच सकता है यमुना का जलस्तर
दिल्ली में पुराना लोहा पुल के पास यमुना का जलस्तर 205.81 मीटर पहुंच गया है। रविवार सुबह चार बजे से यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है। इससे पहले यमुना शनिवार को खतरे के निशान से नीचे बह रही थी। शनिवार को हरियाणा के हथनी कुंड से प्रति घंटे दो लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा गया है। आज दोपहर तक जलस्तर 206 के ऊपर पहुंच सकता है।