पत्नी के हत्यारे को क्यों नहीं मिली फांसी? कड़कड़डूमा कोर्ट ने बताई उम्रकैद की वजह
कड़कड़डूमा कोर्ट ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने वाले अमन को उम्रकैद की सजा सुनाई है। उसने पत्नी पर दूसरे व्यक्ति से संबंध होने के शक में वारदात को अंजाम दिया था। हालांकि, कोर्ट ने मृत्युदंड की मांग खारिज कर दी।

कड़कड़डूमा कोर्ट ने दोषी को उम्रकैद की सजा सुनाई है।
HighLights
अमन ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
कड़कड़डूमा कोर्ट ने हत्यारे को उम्रकैद की सजा सुनाई।
मृतका की नाबालिग बेटी को मुआवजा देने का निर्देश।
सौरभ पांडेय, पूर्वी दिल्ली। पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने के बाद खुद हर्ष विहार थाने पहुंचकर पुलिस को वारदात की जानकारी देने वाले अमन को कड़कड़डूमा कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई है।
शाहदरा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश पवन कुमार मट्टो ने अमन (24) पर दस हजार रुपये जुर्माना भी लगाया है। नंद नगरी थाना पुलिस की जांच और अभियोजन पक्ष की पैरवी के आधार पर कोर्ट ने उसे हत्या का दोषी ठहराया और सजा सुनाई गई।
गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई
25 फरवरी 2025 को शाम करीब पांच बजे हर्ष विहार थाने के ड्यूटी अधिकारी ने नंद नगरी थाना पुलिस को सूचना दी कि अमन नाम का युवक थाने पहुंचा है और उसने नंद नगरी में पत्नी की हत्या करने की बात बताई है।
पुलिस अमन को लेकर नंद नगरी स्थित मकान की तीसरी मंजिल पर पहुंची, जहां उसकी पत्नी रश्मि उर्फ रेशमा का शव मिला।
जांच में सामने आया कि अमन को पत्नी पर दूसरे व्यक्ति से संबंध होने का शक था। इसी शक में उसने दोपहर करीब दो बजे पत्नी का गला घोंट दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई।
दोषी को मृत्युदंड देने की मांग की
पुलिस ने मामले में वैज्ञानिक, फोरेंसिक और चिकित्सकीय साक्ष्य जुटाकर 24 मई 2025 को आरोपपत्र दाखिल किया। सजा पर सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने मृतका की कम उम्र और करीब ढाई साल की बेटी का हवाला देते हुए दोषी को मृत्युदंड देने की मांग की थी।
हालांकि, कोर्ट ने मामले को दुर्लभ से दुर्लभतम श्रेणी में नहीं माना। दोषी की कम उम्र और पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं होने को ध्यान में रखते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई।
कोर्ट ने मृतका की नाबालिग बेटी को दिल्ली विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) शाहदरा के माध्यम से उचित मुआवजा देने का निर्देश भी दिया है। बेटी फिलहाल अपनी नानी के पास रह रही है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली के वजीरपुर में एक व्यक्ति की चाकू से गोदकर हत्या, हत्यारों की तलाश में जुटी पुलिस
यह भी पढ़ें- लड़की के पिता का सच जानने के लिए होगा DNA टेस्ट, दिल्ली हाई कोर्ट ने पिता की निजता के हवाला वाली दलील नकारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।