कड़कड़डूमा कोर्ट में अधिवक्ता पर जानलेवा हमला, बदमाशों ने सिर पर नुकीले हथियार से किया वार
कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर में अधिवक्ता अमन गंभीर पर चार युवकों और दो महिलाओं ने नुकीले हथियार से हमला कर दिया। ...और पढ़ें

कड़कड़डूमा कोर्ट में अधिवक्ता पर हमला। (AI Generated Image)
HighLights
कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर में अधिवक्ता अमन गंभीर पर हमला।
नुकीले हथियार से सिर पर वार, गंभीर चोटें आईं।
पुलिस चौकी के अंदर हुई घटना, सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की पोल मंगलवार को उस समय खुल गई जब कोर्ट परिसर में मौजूद चौकी के अंदर ही एक अधिवक्ता पर चार युवक और दो महिलाओं ने हमला कर दिया।
अधिवक्ता के सिर पर नुकीले हथियार से वार किए गए जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। गनीमत रही कि आसपास मौजूद वकीलों ने उन्हें बचाया और हमला करने वाले लोगों की पिटाई कर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने आरोपितों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, हमले के बाद अधिवक्ताओं में रोष है।
पहले भी किया था हमला
दिलशाद गार्डन निवासी पीड़ित अधिवक्ता अमन गंभीर ने बताया कि उनके घर के पास ही कुछ असामाजिक तत्व रहते हैं जो लोगों को परेशान करते हैं। उन्होंने इसके खिलाफ आवाज उठाई तो इन लोगों ने साल 2024 में उनपर हमला किया था।
इसके एक साल बाद भी उनपर हमला हुआ। दोनों मामलों की एफआइआर दर्ज है। मंगलवार को वह 2024 में हुए हमले के मामले में सुनवाई पर आए थे। इस दौरान सुनवाई से पहले ही आए युवकों ने उन्हें बयान देने पर जान से मारने की धमकी दी।
अमन ने कंट्रोल रूम पर काल की और पुलिस को सूचना देकर सुनवाई के लिए चले गए। सुनवाई से लौटकर वह कोर्ट परिसर में ही स्थित चौकी पर शिकायत देने जैसे ही पहुंचे वहां पहले से मौजूद चार युवकों और दो महिलाओं ने उनपर हमला कर दिया। एक युवक ने नुकीले हथियार से उनके सिर पर वार कर दिया।
वकील न बचाते तो जा सकती थी जान
अमन ने बताया कि चौकी पर ही झगड़ा शुरू होने के दौरान युवक उनसे बहस कर रहे थे लेकिन चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें बचाने तक की कोशिश नहीं की। इतना ही नहीं जब उनपर हमला हुआ तब भी पुलिसकर्मी बैठे रहे।
जब वकील उन्हें बचाने आए उसके बाद पुलिसकर्मी पहुंचे और उन्हें बचाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस के अनुसार आरोपितों को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- जमशेदपुर में पुरानी रंजिश में 'पकौड़ी' पर जानलेवा हमला, साजन मिश्रा और 'चिकना बच्चा' समेत 12 पर FIR
यह भी पढ़ें- DIG पर जानलेवा हमला करने वाले 16 दोषियों का ठिकाना बदला, मुरादाबाद से बरेली सेंट्रल जेल शिफ्ट
