जमशेदपुर में पुरानी रंजिश में 'पकौड़ी' पर जानलेवा हमला, साजन मिश्रा और 'चिकना बच्चा' समेत 12 पर FIR
जमशेदपुर के मानगो स्थित उलीडीह थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक, इजहार हुसैन उर्फ पकौड़ी, पर जानलेवा ...और पढ़ें

मारपीट की घटना के बाद सड़क पर बेसुध पड़ा घायल युवक।
HighLights
मानगो में पुरानी रंजिश के चलते युवक पर जानलेवा हमला।
इजहार हुसैन उर्फ पकौड़ी का पैर तोड़ा, अस्पताल में भर्ती।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम बेखौफ अपराधियों ने सरेआम तांडव मचाया। पुरानी रंजिश के चलते डिमना बस्ती के करीब एक दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमलावरों ने युवक को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और धारदार हथियार व लाठी-डंडों से प्रहार कर उसका पैर तोड़ दिया।इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
दोस्त की दुश्मनी का बना निशाना
घायल की पहचान उलीडीह के हयातनगर निवासी इजहार हुसैन उर्फ पकौड़ी के रूप में हुई है। घटना कब्रिस्तान के पास घटी। अस्पताल में भर्ती इजहार ने पुलिस को बताया कि उसका हमलावरों से कोई सीधा विवाद नहीं था।
लेकिन वह इलाके के विक्की सिंह का करीबी दोस्त है। विक्की के साथ हमलावरों की पुरानी दुश्मनी चल रही है और इसी का बदला लेने के लिए बदमाशों ने इजहार को अकेला पाकर उस पर हमला बोल दिया।
चिह्नित अपराधी वारदात में शामिल
इजहार के अनुसार, हमले का नेतृत्व डिमना बस्ती निवासी साजन मिश्रा, इरशाद, वसीम और तौसीफ उर्फ चिकना बच्चा कर रहे थे। इनके साथ 10-12 अन्य अज्ञात युवक भी लाठी-डंडे, बेसबॉल बैट और हथियारों से लैस थे।
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत एमजीएम (MGM) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
अपराधियों की धर पकड़ के लिए छापामारी
वारदात की सूचना मिलते ही उलीडीह थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और पीड़ित का बयान दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि नामजद आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है।
फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए डिमना बस्ती और उनके संभावित ठिकानों पर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। सारे आरोपी बहुत जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
