DIG पर जानलेवा हमला करने वाले 16 दोषियों का ठिकाना बदला, मुरादाबाद से बरेली सेंट्रल जेल शिफ्ट
2011 के मैनाठेर डीआईजी हमले के 16 दोषियों को मुरादाबाद से बरेली सेंट्रल जेल भेज दिया गया है। मुरादाबाद की ...और पढ़ें

फाइल फोटो
HighLights
28 मार्च को एडीजे कोर्ट दो ने 16 को सुनाई थी उम्रकैद की सजा
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। मैनाठेर के गांव असातनगर बघा में छह जुलाई 2011 को कानून व्यवस्था को छिन्न-भिन्न करने वाले सभी 16 दोषियों को मुरादाबाद से बरेली सेंट्रल जेल भेज दिया है। इन सभी को मुरादाबाद की एडीजे कोर्ट दो ने 28 मार्च को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। सभी को सोमवार को बरेली भेजा गया है।
असालतपुर बघा गांव में युवती से छेडखानी के आरोपित के घर पुलिस टीम छह जुलाई, 2011 को दबिश देने गई थी। तभी पुलिस पर महिलाओं ने कुरान का अपमान करने का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया था। गांव के लोगों की भीड़ डींगरपुर के पाकबड़ा तिराहे पर जाम लगाकर बवाल शुरू कर दिया था।
लोग पुलिस से भिड़ गए और पथराव कर दिया था। हालात नियंत्रित करने के लिए तत्कालीन डीआइजी एवं वर्तमान में एडीजी भर्ती बोर्ड अशोक कुमार सिंह, तत्कालीन डीएम एवं वर्तमान में एमडी जलनिगम राजशेखर व फोर्स संग पहुंचे थे। इस बीच डीएम वहां से भाग गए। जिससे उपद्रवियों ने डीआइजी को घेर लिया था।
जान बचाने के लिए डीआइजी पास के एमएम तुर्की पेट्रोल पंप के कमरे में घुसे। तभी भीड़ ने दरवाजा तोड़कर डीआइजी को बाहर निकाल लिया था। उपद्रवियों ने डीआइजी व उनके पीआरओ रवि कुमार पर जानलेवा हमला कर दिया। सरकारी असलहा लूट लिया। मरणासन्न स्थिति में डीआइजी को छोड़कर चले गए।
डीआइजी की गाड़ी, मैनाठेर थाने की जीप, पीएसी वैन और डींगरपुर पुलिस चौकी में तोड़फोड़ कर आग लगा दी थी। उपद्रव में पुलिस ने डीआइजी के पीआरओ रवि कुमार के शिकायती पर 33 आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। कोर्ट ने 23 मार्च को 16 को दोषी करार दिया था। 28 मार्च को कोर्ट ने सभी को उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
इसके बाद इन्हें मुरादाबाद जेल भेज दिया था। अब सोमवार को सभी दोषियों को मुरादाबाद से सेंट्रल जेल बरेली भेज दिया है। जेल अधीक्षक आलोक कुमार सिंह ने बताया कि सजायाफ्ता को सेंट्रल जेल बरेली में ही रखा जाता है। इसलिए उन्हें बरेली भेज दिया गया है।
इन्हें सुनाई गई थी सजा
कोर्ट ने मंजूर अहमद निवासी डींगरपुर, मोहम्मद अली, हाशिम निवासी ललवारा मैनाठेर, मोहम्मद कमरुल, मोहम्मद मुजीफ निवासी मसेबी रसूलपुर मैनाठेर, मोहम्मद यूनुस, रिजवान निवासी लालपुर मैनाठेर, अम्बरीश निवासी शाहपुर चामरान, कासिम निवासी परियावली असमोली संभल, मोहम्मद मोबीन उर्फ मोहम्मद मोहसिन निवासी बरखेड़ा डिडौली अमरोहा, मोहम्मद मुजीब, तहजीब आलम निवासी असदपुर मैनाठेर, जाने आलम निवासी मिलक नवाब मैनाठेर, फिरोज निवासी ताहरपुर मैनाठेर और मोहम्मद नाजिम निवासी असदपुर मैनाठेर।
