डांस में कई मेडल, IIT दिल्ली से पास आउट; IAS भी बनना चाहती थी IRS की बेटी... नौकर ने चकनाचूर किए सपने
दक्षिणी दिल्ली की कैलाश हिल्स निवासी 22 वर्षीय छात्रा पढ़ने में मेधावी थी और आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग के बाद यूपीएससी की तैयारी कर रही थी।

कैलाश हिल्स में छात्रा की हत्या के बाद जांच करती पुलिस। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली में कैलाश हिल्स निवासी 22 वर्षीय छात्रा पढ़ने में शुरू से तेज थी। आरके पुरम स्थित डीपीएस से 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद अखिल भारतीय परीक्षा जेईई एडवांस्ड क्रैक किया और आईआईटी दिल्ली में दाखिला लिया और यहां से पास आउट हो गई थी। उसे नृत्य का भी शौक था।
पड़ोसियों के मुताबिक, नृत्य में वह काफी अच्छी थी। इंजीनियिरिंग के साथ-साथ नृत्य प्रैक्टिस भी करती थी। उसने डांस प्रतियोगिताओं में कई पुरस्कार भी जीते थे।
पिता की तरह बनना चाहती थी बड़ी अफसर
वहीं परिवार के एक करीबी के मुताबिक, पिता की तरह वह भी बड़ी अफसर बनना चाहती थी। इसलिए इंजीनियरिंग के बाद यूपीएससी की तैयारी में जुट गई। पिछले एक वर्ष से वह तैयारी कर रही थी।
यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा 24 मई को होनी है। वह उसकी तैयारी में जुटी थी। पढ़ाई करने के लिए तीसरे तल के ऊपर अलग से उसके लिए स्टडी रूम बना था।
परीक्षा की तैयारी में जुटी थी छात्रा
पड़ोसियों के मुताबिक, इन दिनों वह परीक्षा की तैयारियों में इतनी व्यस्त रहती थी कि कभी-कभार ही बाहर निकलती थी। उसका सपना आईएएस अफसर बनना था। पर नियति को कुछ और ही मंजूर था।
यह भी पढ़ें- कैलाश हिल्स हत्याकांड: CCTV से बचने की कोशिश में था दरिंदा राहुल मीणा, पार्क से भागकर मेट्रो तक पहुंचा
आरोपी ने न केवल एक बेटी से उसके सपने और जिंदगी छीन ली, बल्कि एक झटके में परिवार का सबकुछ छीन लिया।
आईआरएस अफसर के घर में घरेलू सहायक था आरोपी
बुधवार सुबह दक्षिणी दिल्ली के कैलाश हिल्स में आईआरएस अधिकारी की बेटी की दुष्कर्म के बाद हत्या की वारदात सामने आ गई। आरोपी इसी घर में घरेलू सहायक था और चोरी व पैसे की हेराफेरी के कारण उसे डेढ़ महीने पहले काम से हटा दिया गया था। उसने मोबाइल फोन के चॉर्जर के तार से गला कसकर युवती की हत्या की और फरार होते समय भी घर में चोरी की। वह आदतन अपराधी माना जा रहा है, क्योंकि दिल्ली में सुबह दरिंदगी करने से पहले मंगलवार रात 11 बजे अलवर में अपनी पड़ोसी महिला के साथ दुष्कर्म किया था।
पुलिस की प्राथमिक जांच में नौकरी से निकाले जाने का बदला लेने के लिए अधिकारी के घर वारदात करने की बात सामने आ रही है। उसे द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस जांच कर रही है कि वह आदतन अपराधी या साइको तो नहीं है? घटना अमर कालोनी थाना क्षेत्र की है।
गलत आदतों की वजह से नौकरी से निकाल दिया था
पुलिस के मुताबिक, युवती के पिता 1997 बैच के आईआरएस अधिकारी हैं और कस्टम अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने 19 वर्षीय घरेलू सहायक राहुल मीणा को सामान की खरीदारी को दिए रुपये में हेराफेरी करने, गार्ड व दुकानदारों से उधार लेने, गेम खेलने व अन्य गलत आदतों की वजह से नौकरी से निकाल दिया था। उनकी बेटी आइआइटी दिल्ली से इंजीनियरिंग करने के बाद यूपीएससी की तैयारी कर रही थी। उसकी पढ़ाई के लिए परिवार ने तीसरे तल पर स्टडी रूम बनवाया था, जिसका रास्ता फ्लैट के अंदर से ही था।
आईआरएस अधिकारी पत्नी के साथ हर सुबह जिम जाते थे और बेटी को पढ़ाई में डिस्टर्ब न हो, इसलिए घर में ताला लगाकर चाबी बाहर किसी गुप्त स्थान पर रख देते थे। राहुल मीणा को इसकी जानकारी थी। इसलिए वह बुधवार सुबह ही आस्था कुंज पार्क में बैठकर उन लोगों के जाने का इंतजार करने लगा और उनके जाने के बाद गार्ड के पास पहुंचा। चूंकि, उसने घर में करीब आठ माह तक काम किया था, इसलिए गार्ड ने भी आने के मकसद के बारे में ज्यादा पूछताछ नहीं की और वह चाबी से घर खोलकर वारदात के बाद फरार हो गया।
बताया गया कि लगभग आठ बजे युवती के माता-पिता लौटे तो बेटी बेडरूम में बेहोशी की हालत में थी। पुलिस को सूचना देने के बाद उसे एम्स पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में घरेलू सहायकों का 'खूनी' खेल, 5 साल में 750 से अधिक वारदात; सत्यापन न कराना पड़ रहा भारी
