दिल्ली के जौहरीपुर में एसी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, चार साल के मासूम की मौत; भाई गंभीर
पूर्वी दिल्ली के जौहरीपुर में एसी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में चार साल के यक्षित की मौत हो ...और पढ़ें

आग की चपेट में आकर चार साल के यक्षित की मौत। फाइल फोटो
HighLights
एसी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
चार वर्षीय यक्षित की दुखद मौत
बड़ा भाई प्रियांश गंभीर रूप से घायल
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। कुछ ही पलों में सब कुछ बदल गया। घर के अंदर उठता धुआं और कमरे में बेसुध पड़े दो मासूम, जौहरीपुर में शनिवार शाम ऐसा ही मंजर देखने को मिला, जब एसी के इनडोर यूनिट में शार्ट सर्किट से आग लग गई। धुएं के बीच दोनों बच्चे बेहोश हो गए। चार वर्षीय यक्षित की मौत हो गई, जबकि उसके बड़े भाई प्रियांश की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, जौहरीपुर निवासी मनीष, जो रोहिणी सेक्टर सात स्थित डाकघर में कार्यरत हैं, अपने परिवार के साथ दूसरी मंजिल पर रहते हैं। परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटे,साढ़े पांच वर्षीय प्रियांश व यक्षित शामिल हैं। पहली मंजिल पर बच्चों की नानी रहती हैं। दोनों पति पत्नी नौकरी करते हैं, ऐसे में दिन में नानी ही बच्चों की देखभाल करती हैं।
अचेत मिले बच्चे
शनिवार शाम को नानी बच्चों के लिए फ्रूटी लेने नीचे गई थीं। करीब दस मिनट बाद जब वह ऊपर लौटीं तो कमरे से धुआं निकलता दिखा। अंदर पहुंचने पर दोनों बच्चे अचेत अवस्था में मिले और एसी के इनडोर यूनिट में आग लगी हुई थी।
स्वजन तुरंत दोनों को जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने यक्षित को मृत घोषित कर दिया। प्रियांश का उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलने पर गोकलपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। स्वजन ने बताया कि 28 तारीख को ही घर में नया एसी लगाया गया था। ऐसे में एसी में आग लगने को लेकर उन्होंने कंपनी पर सवाल उठाए हैं कि इतनी जल्दी शार्ट सर्किट कैसे हो गया।
मातम में डूबा परिवार, खुद को कोसती रही नानी
हादसे के बाद घर में मातम पसरा हुआ है। स्वजन का रो रोकर बुरा हाल है। मासूम यक्षित की मौत से पूरे परिवार में चीख पुकार मच गई। वहीं नानी खुद को कोसती नजर आईं और बार बार यही कहती रहीं कि वह नीचे गई ही क्यों। स्वजन के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
बच्चों के साथ बरतें सावधानी:-
- छोटे बच्चों को घर में अकेला न छोड़ें
- बिजली उपकरणों की समय समय पर जांच कराएं
- खराब तार या ढीले कनेक्शन तुरंत ठीक कराएं
- घर में अग्नि सुरक्षा के बुनियादी इंतजाम रखें
यह भी पढ़ें- ऋषिकेश में निर्माणाधीन होटल की टॉप फ्लोर पर लगी आग, वेल्डिंग की चिंगारी बनी वजह
