विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ऋषिकेश में निर्माणाधीन होटल की टॉप फ्लोर पर लगी आग, वेल्डिंग की चिंगारी बनी वजह

Published: Sat, 02 May 2026 08:51 PM (IST)

ऋषिकेश के स्वर्गाश्रम क्षेत्र में एक निर्माणाधीन होटल की ऊपरी मंजिल पर वेल्डिंग कार्य के दौरान लगी आग से अफरा-तफरी मच गई।

HighLights

  1. निर्माणाधीन होटल की ऊपरी मंजिल पर लगी आग

  2. वेल्डिंग कार्य के दौरान निकली चिंगारी बनी वजह

  3. दमकल कर्मियों ने आधे घंटे में आग पर पाया काबू

जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। शनिवार को ऋषिकेश के स्वर्गाश्रम क्षेत्र में एक निर्माणाधीन होटल की ऊपरी मंजिल में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वेल्डिंग कार्य के दौरान उठी चिंगारी से आग भड़क गई, जिससे निर्माण सामग्री तेजी से आग की चपेट में आ गई।

घटना के समय होटल में निर्माण कार्य चल रहा था और मजदूर काम में जुटे हुए थे। आग लगते ही मजदूरों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए सुरक्षित नीचे उतरकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही उत्तराखंड फायर सर्विस और लक्ष्मणझूला थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सूर्य भूषण नेगी ने बताया कि बैराज रोड स्थित होटल हरे रामा के टॉप फ्लोर पर आग लगी थी। सूचना मिलते ही फायर यूनिट को मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने मिनी वाटर टेंडर के होजरील की सहायता से करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग की चपेट में आने से होटल निर्माण में उपयोग हो रही लकड़ियां और अन्य कीमती सामग्री जलकर राख हो गई। हालांकि, समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से बड़ा हादसा टल गया और आसपास के हिस्सों तक आग फैलने से रोक लिया गया।

फायर ऑपरेशन में लीड फायरमैन भूपेश त्यागी, आजम, नरेश शर्मा और गणेश सिंह शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्रथम दृष्टया वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी को आग की वजह माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें- टिहरी के चंबा में शॉर्ट सर्किट से टेलर की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान राख

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड से आंध्र प्रदेश तक 12 राज्यों के जंगलों में भड़की आग, मध्य प्रदेश सबसे ज्यादा प्रभावित