विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में आग की घटनाओं से जाग रहे सोसायटी प्रबंधक, कई सोसायटियों में रविवार को होगा मॉक ड्रिल

Published: Sat, 02 May 2026 08:39 PM (IST)

गाजियाबाद में इंदिरापुरम की एक सोसायटी में आग लगने के बाद, राजनगर एक्सटेंशन की कई सोसायटियों में रविवार को अग्निशमन मॉक ड्रिल और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इंदिरापुरम स्थित गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में हाल में लगी थी आग। फाइल फोटो

इंदिरापुरम स्थित गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में हाल में लगी थी आग। फाइल फोटो

HighLights

  1. इंदिरापुरम आग घटना के बाद बढ़ी सक्रियता।

  2. रविवार को कई सोसायटियों में मॉक ड्रिल।

  3. निवासियों को आपातकालीन प्रशिक्षण और जागरूकता।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। इंदिरापुरम स्थित गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में हाल में हुई आग की घटना के बाद सोसायटियों में फायर सेफ्टी को लेकर सक्रियता बढ़ गई है। रविवार को राजनगर एक्सटेंशन की कई सोसायटियों में माक ड्रिल और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि निवासियों को आपात स्थिति से निपटने का प्रशिक्षण मिल सके।

यूनिनव हाइट्स सोसायटी के सचिव अमित कुमार सिलावट ने बताया कि सुबह 10 बजे सेंट्रल पार्क में फायर सेफ्टी अवेयरनेस ड्राइव होगी। इसमें एओए पदाधिकारियों और जिला फायर विभाग की मौजूदगी में निवासियों को फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग, आपातकालीन निकासी और प्राथमिक सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जाएगी।

लाइव डेमो के जरिए उपकरणों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी कराया जाएगा। वहीं आफिसर सिटी-दो में सुबह साढ़े नौ बजे से माक ड्रिल शुरू होगी।

क्या है उद्देश्य

एओए अध्यक्ष गौरव सोनी के अनुसार, इस अभ्यास में निवासी, सुरक्षा गार्ड और मेंटेनेंस टीम शामिल होंगे। उद्देश्य यह है कि आग लगने की स्थिति में शुरुआती मिनटों में किस तरह त्वरित और समन्वित कार्रवाई की जाए, इसकी समझ विकसित हो।

अजनारा इंटीग्रिटी के एओए अध्यक्ष गौरव कुमार ने बताया कि 26 अप्रैल को स्टाफ के लिए फायर ड्रिल कराई गई थी। रविवार को निवासियों के लिए माक ड्रिल होगी, जिसमें फायर उपकरणों के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इसके अलावा प्रतीक ग्रैंड सिटी सोसायटी में भी फायर सेफ्टी माक ड्रिल आयोजित की जाएगी। सोसायटी प्रबंधकों का कहना है कि ऐसी गतिविधियां आपदा के समय घबराहट कम कर सही प्रतिक्रिया देने में मददगार साबित होती हैं।