IRS की बेटी हत्याकांड में नया मोड़, नौकर के पिता को पहले से जानता था परिवार; पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे
अमर कॉलोनी हत्याकांड के आरोपी राहुल मीणा के पिता का मृतका के आईआरएस अधिकारी पिता से पुराना संबंध था, जिससे उसे घर में नौकरी मिली थी।

राहुल मीणा सीसीटीवी में कैद। वीडियो ग्रैब
HighLights
राहुल के पिता मृतका के पिता के सहकर्मी थे।
नौकरी से निकाले जाने पर राहुल ने लिया बदला।
अलवर में दुष्कर्म के बाद दिल्ली में वारदात।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। अमर कॉलोनी हत्याकांड के आरोपी राहुल मीणा को लेकर पुलिस जांच में चौंकाने वाली बात सामने आई है, जिससे स्पष्ट होता है कि यह वारदात न केवल लूट, बल्कि बदले की भावना और विश्वासघात का भी परिणाम थी। जांच में राहुल के परिवार को लेकर नया खुलासा हुआ है।
राहुल के पिता को लेकर बड़ा खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया है कि राहुल के पिता उसी विभाग में कार्यरत थे जहां मृतका के पिता आईआरएस अधिकारी थे। पिता के पुराने संबंधों और भरोसे के आधार पर ही अधिकारी ने राहुल को अपने घर पर नौकरी दी थी, लेकिन वहां वह पैसों की हेराफेरी करने लगा और पड़ोसियों से भी उसकी शिकायतें आने लगीं।
गांव जाकर दिनभर खेलता था जुआ
इसी के चलते उसे नौकरी से निकाल दिया गया था, जिससे राहुल को लगा कि उसकी भारी बेइज्जती हुई है। वह पिछले डेढ़ महीने से अपने गांव में रह रहा था, जहां वह दिनभर दोस्तों के साथ ऑनलाइन लूडो और जुए में डूबा रहता था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नौकरी से निकाला जाना ही मुख्य वजह थी जिसके कारण वह बदला लेने के लिए 22 अप्रैल को दिल्ली पहुंचा। इससे पूर्व 21 अप्रैल को उसने अलवर में अपने पड़ोस की महिला के साथ दुष्कर्म की वारदात की थी, जिसकी मेडिकल जांच हो चुकी है और अब न्यायालय में पीड़िता के बयान दर्ज कराए जा रहे हैं।
पिता की गिरफ्तारी के बाद ही पकड़ा जा सका राहुल
दिल्ली पुलिस ने इस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए राहुल के पिता और उसके दोस्तों सहित 6 लोगों को अलवर से हिरासत में लिया था, जिनसे मिली सूचनाओं के आधार पर राहुल की गिरफ्तारी संभव हो सकी।
आरोपी ने पहले अलवर में वारदात की और फिर दिल्ली आकर उसी घर में वारदात को अंजाम दिया जहां उसे कभी पनाह मिली थी। अलवर पुलिस भी इस मामले में गहन जांच कर रही है और दिल्ली पुलिस की प्रक्रिया पूरी होने के बाद राहुल को अलवर ले जाकर वहां के दुष्कर्म मामले में पूछताछ की जाएगी।
कभी दौसा और जयपुर में पढ़ाई करने वाला यह युवक अब अपनी जुए की लत और आपराधिक सनक के कारण खूंखार दरिंदा बन चुका है।
यह भी पढ़ें- IRS Daughter Murder: राहुल मीणा के साइको होने का गहराया शक, दुष्कर्म-हत्या के आरोपी ने 8 घंटे में किए दो अपराध
यह भी पढ़ें- दिल्ली में IRS अधिकारी की बेटी के हत्यारोपी ने 11 घंटे पहले राजस्थान के अलवर में भी किया था दुष्कर्म
