जलवायु संकट की सबसे बड़ी मार झेल रहे देशों में भारत 10वें नंबर पर, 30 साल में 4.7 ट्रिलियन डॉलर का नुकसान
जर्मनवॉच की 'क्लाइमेट रिस्क इंडेक्स 2027' रिपोर्ट के अनुसार, भारत जलवायु संकट से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में 10वें स्थान ...और पढ़ें

सबसे ज्यादा प्रभावित शीर्ष 10 देशों में भारत 10वें स्थान पर है। एआई इमेज
HighLights
भारत जलवायु संकट से प्रभावित शीर्ष 10 देशों में शामिल।
वैश्विक स्तर पर 4.7 ट्रिलियन डॉलर से अधिक का आर्थिक नुकसान।
हीटवेव सबसे जानलेवा, जलवायु अनुकूलन में निवेश की जरूरत।
संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। जलवायु संकट का असर पूरी दुनिया पर दिख रहा है, लेकिन इसकी सबसे भारी कीमत वे देश चुका रहे हैं जिनका इस संकट को पैदा करने में योगदान बेहद कम रहा है। सबसे ज्यादा प्रभावित शीर्ष 10 देशों में भारत 10वें स्थान पर है।
जर्मनी की मौजूदा जीडीपी के बराबर हो रहा नुकसान
जर्मनी के पर्यावरण एवं विकास संगठन 'जर्मनवॉच' (Germanwatch) की ताजा रिपोर्ट 'क्लाइमेट रिस्क इंडेक्स (सीआरआई) 2027' के अनुसार, 1996 से 2025 के बीच दुनिया भर में करीब 10,000 चरम मौसम की घटनाएं दर्ज की गईं।
इन आपदाओं में 9 लाख से अधिक लोगों की जान गई, 5.5 अरब लोग प्रभावित हुए और 4.7 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर से ज्यादा का प्रत्यक्ष आर्थिक नुकसान हुआ। यह नुकसान जर्मनी की मौजूदा जीडीपी के लगभग बराबर है।
सबसे प्रभावित देशों में भारत 10वें नंबर पर
17 नवंबर को तुर्किये के अंताल्या में चल रहे सीओपी31 (COP31) के दौरान जारी इस रिपोर्ट में पिछले तीन दशकों (1996-2025) के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया है। सबसे ज्यादा प्रभावित शीर्ष 10 देशों में डोमिनिका पहले, म्यांमार दूसरे और होंडुरास तीसरे स्थान पर हैं। इसके बाद लीबिया, हैती, ग्रेनेडा, फिलीपींस, निकारागुआ और बहामास का नंबर आता है, जबकि भारत इस सूची में 10वें स्थान पर है।
सीमित संसाधनों वाले देशों के लिए बड़ी चुनौती
जर्मनवॉच की लेखिका लौरा शेफर के मुताबिक, शीर्ष 10 देशों में बहामास ही एकमात्र उच्च आय वाली अर्थव्यवस्था है। रिपोर्ट इन देशों को दो श्रेणियों में बांटती है...
- पहला : वे देश जो डोमिनिका और म्यांमार की तरह कुछ बेहद विनाशकारी आपदाओं के शिकार हुए।
- दूसरा : भारत व फिलीपींस जैसे देश, जहां लगातार चरम मौसम की घटनाएं सामने आती रही हैं। सह-लेखिका वेरा कुंजेल का मानना है कि सीमित संसाधनों वाले देशों के लिए यह चुनौती और भी गंभीर हो गई है।
2025 में जमैका, श्रीलंका और स्पेन पर पड़ी सबसे ज्यादा मार
वार्षिक आधार पर देखें तो वर्ष 2025 में चरम मौसम से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में जमैका पहले, श्रीलंका दूसरे और स्पेन तीसरे स्थान पर रहे। इनके बाद थाईलैंड, फिलीपींस और पाकिस्तान का स्थान रहा।
- जमैका: श्रेणी-5 के तूफान 'मेलिसा' ने 62 लोगों की जान ली और देश की सालाना जीडीपी के लगभग आधे हिस्से के बराबर आर्थिक नुकसान पहुंचाया।
- श्रीलंका: चक्रवात 'दित्वाह' से आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन में 823 लोगों की मौत हुई, 17 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए और करीब 4.1 अरब डॉलर का नुकसान हुआ।
- स्पेन: एक ही साल में भीषण हीटवेव, तीन तूफान और जंगलों में आग लगने की तीन बड़ी घटनाओं ने भारी तबाही मचाई।
लू (हीटवेव) बनी सबसे जानलेवा
रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि पिछले 30 वर्षों में सबसे ज्यादा मौतें हीटवेव (लू) के कारण हुई हैं, जबकि संपत्ति और बुनियादी ढांचे को सबसे ज्यादा आर्थिक नुकसान तूफानों ने पहुंचाया है।
अकेले 2025 में दुनिया भर में 367 चरम मौसम की घटनाएं हुईं, जिनसे 158 अरब डॉलर से अधिक का नुकसान हुआ और करीब 35,000 लोगों की मौत हुई।
इन मौतों में लगभग 70 प्रतिशत के लिए अकेले हीटवेव जिम्मेदार थी। लेखकों ने आगाह किया है कि कम आय वाले देशों में रिकॉर्ड रखने की पुख्ता व्यवस्था न होने के कारण गर्मी से होने वाली मौतों का वास्तविक आंकड़ा इससे कहीं अधिक हो सकता है।
राहत के बजाय 'जलवायु अनुकूलन' में निवेश की जरूरत
जर्मनवॉच के विशेषज्ञों ने जोर दिया है कि आपदा के बाद राहत और पुनर्निर्माण पर पैसा खर्च करने के बजाय पहले से तैयारी यानी 'क्लाइमेट अडॉप्टेशन' (जलवायु अनुकूलन) में निवेश करना अधिक प्रभावी है।
सह-लेखक डेविड एकस्टाइन के अनुसार, सीओपी31 में देशों को जीवाश्म ईंधन (फॉसिल फ्यूल) पर निर्भरता कम करने और कमजोर देशों को वित्तीय मदद देने की प्रक्रिया तेज करनी होगी, क्योंकि कार्रवाई में देरी की कीमत तैयारी के खर्च से कहीं ज्यादा भारी पड़ेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।