विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

INDI गठबंधन का दावा रामलीला मैदान में पहुंचेंगे 10 लाख लोग, पुलिस के पास 70 हजार का इनपुट; 4000 जवान तैनात

Published: Sat, 31 Oct 2026 07:58 PM (IST)Updated: Sat, 31 Oct 2026 08:28 PM (IST)

दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान में होने वाली कांग्रेस की रैली के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। दिल्ली की ...और पढ़ें

रामलीला मैदान में विपक्ष की प्रस्तावित महारैली। फोटो-दैनिक जागरण

रामलीला मैदान में विपक्ष की प्रस्तावित महारैली। फोटो-दैनिक जागरण

HighLights

  1. रामलीला मैदान में आइएनडीआइए रैली हेतु व्यापक सुरक्षा।

  2. चार हजार पुलिसकर्मी, 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे तैनात।

  3. आयोजकों को सुरक्षा सहयोग, अनुशासन बनाए रखने के निर्देश।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। रामलीला मैदान में रविवार को होने वाली कांग्रेस की रैली को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। INDI गाठबंधन की ओर से इस रैली में 10 लाख लोगों के आने का दावा किया जा रहा है, वहीं दिल्ली पुलिस के पास 70 हजार लोगों के आने का ही इंटेलिजेंस इनपुट है।

सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए शनिवार दोपहर दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार और विशेष पुलिस आयुक्त ला एंड आर्डर देवेश चंद्र श्रीवास्तव रामलीला मैदान पहुंचे।

एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर विशेष सतर्कता

दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि संदिग्ध लोगों और उनकी गतिविधियों पर खास नजर रखी जाए। भीड़ के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि किसी भी तरह की अफरा-तफरी या सुरक्षा में चूक न हो।

14 जोन में बंटा रामलीला मैदान

दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से मैदान को 14 जोन में बांटा है। वहीं सुरक्षा व भीड़ प्रबंधन के लिए करीब चार हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की योजना बनाई गई है। रामलीला में प्रवेश के लिए मेटल डिटेक्टर गए हैं। जांच के बाद ही लोगों को मैदान में प्रवेश देने की तैयारी है। वहीं, रैली के मद्देनजर प्रमुख चौराहों पर 150 अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रविवार सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक प्रस्तावित रैली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर वरिष्ठ अधिकारी नजर रखेंगे। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी एसीपी रैंक के अधिकारी को सौंपी जाएगी, जबकि दो जोन की निगरानी एडिशनल डीसीपी रैंक के अधिकारी करेंगे।

200 से अधिक सीसीटीवी तैनात

मैदान और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी के लिए 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के साथ बाडी-वार्न कैमरों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए दंगा विरोधी वाहन और निगरानी उपकरणों से लैस गाड़ियां तैनात रहेंगी

आयोजकों को भी सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी

दिल्ली पुलिस ने आयोजकों को सुरक्षा इंतजामों में सहयोग करने के निर्देश दिए हैं। रणनीतिक स्थानों पर हाई-डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी फुटेज पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम बनाने को कहा गया है। रैली में शामिल होने वाले आमंत्रित लोगों, स्वयंसेवकों और उन्हें लाने वाली बसों का ब्योरा भी मांगा गया है।

वाहनों की पार्किंग व्यवस्था तय करने के लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय करने के निर्देश दिए गए हैं। मैदान में रात में रुकने की अनुमति नहीं होगी। आयोजकों को अनुशासन बनाए रखने और ऐसे भाषणों से बचने की हिदायत दी गई है, जिनसे सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका हो।

सीएपीएफ की 270 कंपनियां तैनात

नवंबर तक दिल्ली में रहेंगी सीएपीएफ की 270 कंपनियां रैली और विभिन्न संगठनों की ओर से अचानक प्रदर्शन किए जाने की आशंका को देखते हुए केंद्र सरकार ने दिल्ली में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की 270 कंपनियों की तैनाती तीसरी बार बढ़ाकर 16 नवंबर तक कर दी है।

इस महीने की शुरुआत में सीजेपी के प्रदर्शनों के मद्देनजर इन बलों को दिल्ली बुलाया गया था। इनकी तैनाती के समन्वय की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस को सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में कल से इन गाड़ियों पर पाबंदी: तुरंत चेक करें, क्या आपकी गाड़ी पर भी पड़ेगा असर?

यह भी पढ़ें- AAP के 3 दिग्गजों को दिल्ली के कोर्ट का नोटिस, 'गुल्लक चोर' बोलकर मुश्किल में फंसे; 18 नवंबर को होगी सुनवाई 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।