AAP के 3 दिग्गजों को दिल्ली के कोर्ट का नोटिस, 'गुल्लक चोर' बोलकर मुश्किल में फंसे; 18 नवंबर को होगी सुनवाई
मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा की मानहानि शिकायत पर दिल्ली कोर्ट ने आप नेताओं सौरभ भारद्वाज, संजीव झा और कुलदीप कुमार ...और पढ़ें

सौरभ भारद्वाज समेत तीन आप नेताओं को नोटिस। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा की ओर से दायर आपराधिक मानहानि शिकायत पर कोर्ट ने आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज, विधायक संजीव झा और कुलदीप कुमार को नोटिस जारी किया है।
राउज एवेन्यू स्थित अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) की अदालत ने शिकायत पर संज्ञान लेने से पहले तीनों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया है। मामले की अगली सुनवाई 18 नवंबर को होगी।
तीनों गवाहों के बयान के बाद नोटिस
अदालत ने सिरसा और तीन गवाहों अभिषेक शर्मा, गुरदेव सिंह तथा गुरजीत सिंह के बयान दर्ज करने के बाद यह नोटिस जारी किया। सिरसा की ओर से अधिवक्ता योगेंद्र हांडू पेश हुए।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रेसवार्ता के दौरान उनके खिलाफ 400 से 450 करोड़ रुपये की गुल्लक चोरी, हर माह 600 करोड़ रुपये के चावल की चोरी और 11 हजार करोड़ रुपये के घोटाले के आरोप लगाए गए थे। इससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है।
गुल्लक चोर कहना बताया अपमानजनक
सिरसा ने अदालत को बताया कि सिख धर्म में गुल्लक का विशेष महत्व है और गुल्लक चोर कहना बेहद अपमानजनक है। इन आरोपों के सार्वजनिक होने के बाद उनके परिचित और करीबी लोग भी उनसे सवाल करने लगे।
उन्होंने कहा कि इन टिप्पणियों से सिख समुदाय और गुरुद्वारा गतिविधियों से जुड़े लोगों के बीच उनकी छवि प्रभावित हुई है। उन्होंने भारद्वाज और संजीव झा को कानूनी नोटिस भेजकर सार्वजनिक माफी और आरोप वापस लेने की मांग भी की थी।
भारद्वाज ने आरोपों को बताया झूठा
वहीं, भारद्वाज ने एक्स पर पोस्ट कर सिरसा के खिलाफ चावल घोटाले के आरोप दोहराए। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली के गरीबों के लिए निर्धारित पांच करोड़ किलो सब्सिडी वाले चावल की हेराफेरी के संबंध में 24 सितंबर को सीबीआई को पूरक शिकायत दी थी।
उन्होंने मंत्री की संलिप्तता के दस्तावेजी साक्ष्य होने का दावा किया। साथ ही मानहानि के मुकदमे को झूठा और निराधार बताते हुए कहा कि ऐसे मुकदमे सरकार से जवाबदेही मांगने से नहीं रोक सकते हैं।
यह भी पढ़ें- रामलीला मैदान रैली के चलते दिल्ली में ट्रैफिक अर्ल्ट, 10 प्रमुख चौराहों पर रहेगा डायवर्जन; एडवाइजरी जारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।