कहीं पत्थर में उभरे चेहरे तो कहीं शीशे पर रंगों का जादू, दिल्ली के इस फेस्टिवल में सजी कला की अनोखी दुनिया
दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में इंडिया आर्ट फेस्टिवल का आयोजन किया गया है, जहाँ विभिन्न कला रूपों जैसे पेंटिंग, मूर्तिकला और फोटोग्राफी का संगम देखने को मिल रहा है। यह फेस्टिवल 22 नवंबर तक चलेगा।

फेस्टिवल में जैसे ही आप कदम रखते हैं तो कलाओं की विविधता आपको आकर्षित करती है।
HighLights
कांस्टीट्यूशन क्लब में इंडिया आर्ट फेस्टिवल, कला का अद्भुत संगम।
पत्थर, शीशे, पेंटिंग में जीवंत कलाकृतियां, दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रहीं।
युवा कलाकारों को मंच, पारंपरिक-समकालीन कला का अनूठा प्रदर्शन।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। कहीं कैनवस पर प्रकृति की खूबसूरती रंगों के जरिये जीवंत हो उठी है, तो कहीं शहर की भागती-दौड़ती जिंदगी और मानवीय संवेदनाएं चित्रों में आकार लेकर अपनी कहानी बयां कर रही हैं।
हर मूर्ति बयां कर रही अनोखी कहानी
मूर्तियों की आकर्षक बनावट से लेकर अमूर्त चित्रों की रहस्यमयी अभिव्यक्ति तक, कला के ऐसे ही अनगिनत रंगों से कांस्टीट्यूशन क्लब गुलजार है। देश के अलग-अलग हिस्सों से आए कलाकार अपनी उद्भावना, अनुभव के अनूठे रचनात्मक प्रयोगों से अद्भुत कहानी कहते हैं...फेस्टिवल में जैसे ही आप कदम रखते हैं तो कलाओं की विविधता आपको आकर्षित करती है।
कला बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर
पेंटिंग के साथ स्कल्पचर, फोटोग्राफी, प्रिंट और मिक्स्ड मीडिया भी प्रदर्शनी का हिस्सा हैं। पारंपरिक भारतीय कला और समकालीन प्रयोगों का यह संगम दर्शकों को कला के विविध आयामों से रूबरू कराता है। खास बात यह है कि यहां कलाकृतियों को देखने के साथ उनके रचनाकारों से संवाद भी कर सकते हैं। फेस्टिवल के संस्थापक एवं निदेशक राजेंद्र पाटिल कहते हैं हमारा उद्देश्य युवा और उभरते कलाकारों को अपनी कला बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर देना है।

पत्थर में उभरते भाव, शीशे पर रंगों का जादू
कलाकृतियों का संसार जितना विविध है, उतना ही कल्पनाशील भी। कहीं पत्थर को तराशकर उभारे गए चेहरे अपनी भाव-भंगिमाओं से मानो दर्शकों से संवाद करते हैं, तो कहीं कांच और शीशे पर बिखरे रंग रोशनी के साथ मिलकर अलग संसार रचते हैं। राकेश कुमार के स्कल्पचर के सामने नजरें अनायास ठहर जाती हैं। पत्थर जैसे कठोर और निर्जीव माध्यम को तराशकर उन्होंने उसमें सौंदर्य, संवेदना और भावों को इस खूबसूरती से आकार दिया है कि आकृतियां जीवंत प्रतीत होती हैं।
रचनात्मक प्रयोगों से दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रहीं
वहीं, के. कंथा रेड्डी की मूर्तियों में उभरे भव्य मानवीय चेहरे रंगों के साथ मिलकर अलग ही जादू रचते हैं। दूसरी ओर, मानसी की शीशे पर उकेरी गई कृतियां अपनी चमक, रंगों के अनूठे संयोजन और बारीक कलाकारी से ध्यान खींचती हैं।
रोशनी पड़ते ही इनका सौंदर्य और निखर उठता है। चांदनी गुलाटी अग्रवाल, लेफ्टिनेंट कर्नल राहुल रमन और प्रणति सिंह की मेराकी आर्ट भी अपनी विशिष्ट शैली और रचनात्मक प्रयोगों से दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रही है।

रोजमर्रा की चीजों में तलाशा खूबसूरती का संसार
कैनवस पर कल्पनाओं की उड़ान भी दर्शकों को अलग-अलग भावलोक से परिचित कराती है। शैली वर्मा ने अपनी भव्य पेंटिंग्स में देवी-देवताओं के दिव्य स्वरूपों को प्रभावशाली ढंग से उकेरा है।
मालिनी मनसुखानी और नीरजा टाटा की कलाकृतियां अपनी कल्पनाशीलता से दर्शकों का दिल जीत रही हैं। तो अनीता राज की महीन कलाकारी में रंगों और रेखाओं का ऐसा बारीक संयोजन है, जिसे करीब से निहारने का मन करता है।
सुभाष रस्तोगी की पेंटिंग्स में रंगों की जीवंतता और खूबसूरत तालमेल इसे खास बनाते हैं, तो समकालीन भारतीय कलाकार बिश्वरंजन भुनिया की रचनाओं में दैवीय सौंदर्य के साथ काशी के घाटों जैसे दृश्य भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता की झलक प्रस्तुत करते हैं।
'थ्रेड्स आफ ट्रेडिशन' से 'आर्ट ऑफ मोनोटोंस' तक
रंगों और आधुनिक कलाकृतियों के बीच गांवों की मिट्टी से जुड़ी कला भी अपनी खुशबू बिखेर रही है। फेस्टिवल में खास कार्नर है 'थ्रेड्स आफ ट्रेडिशन', जहां देश के अलग-अलग हिस्सों से आए ग्रामीण शिल्पकार अपनी पीढ़ियों से संजोई हुनरकारी लेकर पहुंचे हैं। इस जगह कहीं हाथों से बुने धागों में परंपराओं की कहानी दिखाई देती है तो कहीं हस्तनिर्मित शिल्प में लोकजीवन की झलक दिखती है।

रंगों के संसार में भी एक अलग रंग
उसके कई शेड्स किस तरह कैनवस पर जादू रच सकते हैं, इसकी झलक चित्राक्ष की प्रस्तुति 'आर्ट आफ मोनोटोंस' में देखने को मिलेगी। यहां एक ही रंग के अलग-अलग टोन के जरिये कलाकार अपनी कल्पनाओं को आकार देते हैं। कहीं हल्की छाया तो कहीं गहरी रंगत कलाकृति में गहराई और भाव पैदा करती है। सीमित रंगों के बावजूद बनावट, रोशनी और बारीकियों का खूबसूरत तालमेल दर्शकों को कला का अलग अनुभव देता है।
- क्या: इंडिया आर्ट फेस्टिवल
- कब: 22 नवंबर तक, सुबह 11 से रात आठ बजे तक
- कहां: कंस्टीट्यूशन क्लब आफ इंडिया
- प्रवेश: बुक माय शो पर टिकट 299 रुपये से
यह भी पढ़ें- दिल्ली के शोर से दूर सुकून देता टापू, संरक्षित हैं 250 से ज्यादा प्रजातियों के कछुए देखकर आप भी रह जाएंगे दंग
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।