Explainer: कहां गई ठिठुराने वाली 'दिल्ली की सर्दी'? नवंबर में पारा सामान्य से ऊपर, IMD की रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता
दिल्ली में नवंबर में भी कड़ाके की ठंड नहीं पड़ रही है। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ, जलवायु परिवर्तन, अर्बन हीट आइलैंड और अल नीनो के प्रभाव को इसका मुख्य कारण बताया गया है।

साल 2026 में अब तक ठंडक ने दस्तक तो दे दी है, लेकिन वह अहसास नहीं दिया है, जिसका सबको इंतजार रहता है। एआई इमेज
HighLights
दिल्ली में नवंबर का तापमान सामान्य से 4-8 डिग्री अधिक
कमजोर पश्चिमी विक्षोभ और अल नीनो मुख्य कारण
IMD ने 2026-27 की सर्दी को गर्म रहने का अनुमान दिया
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नवंबर का तीसरा सप्ताह खत्म होने को है। फिर भी दिल्ली में ठिठुरन वाली ठंड नहीं आई है। एक समय था कि दिल्ली की सर्दी बड़ी प्रसिद्ध मानी जाती थी। हालांकि, अब मौसम का मिजाज बदल चुका है। एक समय था कि नवंबर में ही कंबल ओढ़ना होता था। वहीं, साल 2026 में अब तक ठंडक ने दस्तक तो दे दी है, लेकिन वह अहसास नहीं दिया है, जिसका सबको इंतजार रहता है।
तापमान की तुलना
पिछले साल इस समय दिल्ली में रात का तापमान लगभग 14.3 डिग्री सेल्सियस रहता था। इस साल यह तापमान करीब 15 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। जो सामान्य से लगभग चार से आठ डिग्री अधिक है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में भी तापमान अपेक्षाकृत गर्म रहने की संभावना है। ऐसे में सवाल उठता है कि दिल्ली के जिस सितम ढाने वाली सर्दी को लेकर गाना तक रचा जा चुका है, वह अब भी इतनी गर्म क्यों है?
दिल्ली में ठंडक के आने में हो रही देरी के क्या हैं मुख्य कारण?
- कमजोर पश्चिमी विक्षोभ : दिल्ली में सर्दी आमतौर पर पश्चिमी विक्षोभ के साथ आती है। ये पश्चिम से आने वाले मौसमी सिस्टम हिमालय में बारिश और बर्फबारी लाते हैं, जिससे ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों में पहुंचती हैं। इस साल पश्चिमी विक्षोभ कमजोर या कम सक्रिय रहे हैं, जिससे पहाड़ों में बर्फबारी न के बराबर हुई और ठंडी हवाओं का आगमन धीमा रहा।
- जलवायु परिवर्तन : वैश्विक तापमान में वृद्धि मौसमी पैटर्न को बदल रही है। बर्फबारी और ठंड के आने का समय अब पहले जितना निश्चित नहीं रहा। उत्तर भारत के कई हिस्सों में सर्दी पहले की तुलना में देर से शुरू हो रही है। चूंकि दिल्ली की ठंडी हवाएं मुख्य रूप से पश्चिमी हिमालय से आती हैं, इसलिए पहाड़ों में बर्फबारी की कमी या देरी का सीधा असर राजधानी के मौसम पर पड़ता है।
- उत्तरी-पश्चिमी हवाओं का न चलना : जब तक हिमालय की तरफ से ठंडी और शुष्क हवाएं दिल्ली की ओर नहीं बहतीं, तब तक पारे में तेज़ गिरावट नहीं आती। हवाओं की दिशा बदलने और गति धीमी रहने से भी ठंड देर से दस्तक देती है।
- अर्बन हीट आइलैंड: दिल्ली में सर्दी का रास्ता रोकने का एक बड़ा कारण अर्बन हीट आइलैंड (Urban Heat Island) भी है। दिल्ली में कंक्रीट की इमारतों, सड़कों और वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण दिन की गर्मी रात में भी वातावरण में बनी रहती है। इससे न्यूनतम तापमान को गिरने में समय लगता है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान और जलवायु मॉडल के अनुसार, 2026-27 की सर्दियों के सामान्य से कम ठंडी और छोटी रहने की संभावना है, जिसका मुख्य कारण प्रशांत महासागर में सक्रिय 'मजबूत अल नीनो' (Strong El Nino) है।
मौसम विभाग की रिपोर्टों और बुलेटिन के मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं...
1. अल नीनो (El Nino) का बड़ा असर
- मार्च 2027 तक सक्रियता : आईएमडी के मानसून मिशन कपल्ड फोरकास्ट सिस्टम (MMCFS) के अनुसार, भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में 'मजबूत से बहुत मजबूत' अल नीनो (El Nino) स्थितियां बनी हुई हैं, जो जनवरी–मार्च 2027 तक जारी रहेंगी।
- गर्म सर्दी की संभावना : अल नीनो के प्रभाव के कारण देश के अधिकांश हिस्सों में दिन और रात का तापमान सामान्य से अधिक रहने और शीतलहर (Cold Wave) के दिनों की संख्या कम होने का अनुमान है। साथ ही, इस सीजन में बारिश भी सामान्य से कम रह सकती है।
2. दिल्ली-एनसीआर का ताजा और आगामी रुख
- हाल में जारी हुए आईएमडी के दिल्ली बुलेटिन के अनुसार, नवंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में रात के तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से 13 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
- नवंबर के साथ ही सुबह के समय दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा में हल्के से मध्यम कोहरे की शुरुआत हो चुकी है। कहीं-कहीं घने कोहरे (Dense Fog) के कारण सुबह की दृश्यता (Visibility) में गिरावट की चेतावनी भी जारी की गई है।
- दिसंबर की शुरुआत तक उत्तर-पश्चिम भारत में किसी बड़ी शीतलहर (Cold Wave) की संभावना नहीं जताई गई है। कड़ाके की ठंड मुख्य रूप से दिसंबर के आखिरी सप्ताह और जनवरी तक ही सीमित रहने के आसार हैं। हालांकि, अब पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण दिल्ली-एनसीआर में सुबह और रात की ठिठुरन धीरे-धीरे बढ़ने लगी है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में जहरीली हवा से घुट रहा दम, AQI फिर पहुंचा 300 पार; न्यूनतम तापमान में भी गिरावट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।