दिल्ली-NCR में जहरीली हवा से घुट रहा दम, AQI फिर पहुंचा 300 पार; न्यूनतम तापमान में भी गिरावट
दिल्ली में शनिवार को ठंड बढ़ी और न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर की वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में पहुंच गई, जिसमें औसत AQI 278 रहा।

स्माॅग में शुक्रवार की शाम दिल्ली के कर्तव्य पथ पर घूमते लोग। स्माग के कारण ओझल दिखा राष्ट्रपति भवन। हरीश कुमार
HighLights
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शहर की वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में पहुंच गई।
आयानगर दिल्ली का सबसे ठंडा इलाका रहा, 11.5 डिग्री सेल्सियस।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में शनिवार को ठंड के तेवर तनिक तीखे नजर आए और हवा की गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में दर्ज की गई। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 0.1 डिग्री कम है। तापमान में आई इस गिरावट के साथ ही सुबह के समय राजधानी में हल्की ठंड महसूस की गई।
आयानगर रहा सबसे ठंडा इलाका
राजधानी के विभिन्न मौसम केंद्रों पर तापमान के अलग-अलग आंकड़े दर्ज किए गए, जिनमें आयानगर सबसे ठंडा रहा। आयानगर में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम है। इसके अलावा पालम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.4 डिग्री कम) और रिज केंद्र पर 13.1 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.4 डिग्री कम) रहा। वहीं, लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा।
25 इलाकों की हवा 'बेहद खराब'
न्यूनतम तापमान में कमी आने के साथ ही दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर भी बढ़ गया है और शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 278 पर पहुंच गया। शहर के 57 सक्रिय निगरानी केंद्रों में से 25 केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता 'बेहद खराब' श्रेणी में दर्ज की गई। सुबह 9 बजकर 5 मिनट पर दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) केंद्र पर सबसे अधिक 369 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया।
क्या है एक्यूआई का पैमाना
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मानकों के अनुसार...
- शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा'
- 51 से 100 को 'संतोषजनक'
- 101 से 200 को 'मध्यम'
- 201 से 300 को 'खराब'
- 301 से 400 को 'बेहद खराब'
- 401 से 500 को 'गंभीर'
यह भी पढ़ें- दिल्ली की हवा में मामूली सुधार, 270 पर पहुंचा AQI; रविवार को फिर बढ़ सकता है प्रदूषण का स्तर