दिल्ली के शोर से दूर सुकून देता टापू, संरक्षित हैं 250 से ज्यादा प्रजातियों के कछुए देखकर आप भी रह जाएंगे दंग
दिल्ली के असोला भट्टी वन्यजीव अभयारण्य में 250 से अधिक प्रजातियों के कछुओं का संरक्षण किया जा रहा है, जो शहर के शोरगुल से दूर एक शांत और जीवंत संसार है। यह अभयारण्य तस्करी से बचाए गए कछुओं को नया जीवन दे रहा है, जिसमें स्टार टर्टल भी शामिल हैं, और प्रकृति प्रेमियों को सुकून का अनुभव कराता है।

बायीं तरफ वाला ब्लैक पोंडबीच और दायीं तरफ वाला इंडिया रूफ्ड टर्टल। विपिन शर्मा
HighLights
असोला भट्टी में 250 से अधिक कछुओं की प्रजातियां संरक्षित।
स्टार टर्टल सहित कई कछुए अवैध व्यापार से बचाए गए।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत कछुओं को सुरक्षा।
गौरी शर्मा, नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली की पहचान अक्सर इसकी भागदौड़, प्रदूषण, कंक्रीट की ऊंची इमारतों और दमघोंटू यातायात से की जाती है। हालांकि, इसी महानगर के दक्षिणी छोर पर, अरावली की प्राचीन पहाड़ियों की गोद में एक ऐसा शांत और जीवंत संसार बसता है, जो प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण की एक नई इबारत लिख रहा है। हम बात कर रहे हैं तुगलकाबाद के पास स्थित असोला भट्टी वन्यजीव अभयारण्य की...तो आइए सबरंग के इस अंक में...
यहां नहीं दिखती आपाधापी, भाग-दौड़
जरा कल्पना कीजिए, एक ऐसी दुनिया की जहां किसी को सुबह उठकर दफ्तर जाने की जल्दी नहीं, न ट्रैफिक का शोर है और न ही जिंदगी की आपाधापी। कोई पानी में अपनी धीमी चाल से तैर रहा है तो कोई किनारे पर आराम से बैठा है।
किसी की नजर भोजन की तलाश में है तो कोई अपने खोल में सिमटकर शांत बैठा है। पहली नजर में यह किसी प्राकृतिक तालाब का सामान्य नजारा लग सकता है, लेकिन राजधानी के असोला भाटी में मौजूद इस दुनिया की खासियत कुछ और ही है।

दिखेंगे 250 से अधिक अलग प्रजातियों के कछुए
इस अभयारण्य में जब आप दूर से ही कछुओं की सुकून से भरी इस दुनिया को देखेगो तो अपनी कल्पना भी उसी स्वरूप करने लगेंगे। लगेगा काश, वक्त हमारे लिए भी यहीं ठहर जाए। यहां रहने वाले कई कछुओं के खोल पर प्रकृति ने सितारों जैसे खूबसूरत निशान बनाए हैं।
इन्हें स्टार टर्टल कहा जाता है। यह जगह सिर्फ कछुओं का तालाब नहीं, बल्कि अलग-अलग प्रजातियों के बेजुबान जीवों के लिए बनाया गया सुरक्षित आश्रय है। यहां 250 से अधिक अलग प्रजातियों के कछुए रह रहे हैं, जिन्हें तस्करी व अवैध कारोबार से बचाकर नई जिंदगी दी गई है।
खोल पर सितारे, धीमी चाल और अनोखी पहचान
असोला भाटी में सबसे खास हैं स्टार टर्टल। इनके खोल पर बने सितारों जैसे पीले निशान इन्हें दूसरी प्रजातियों से अलग पहचान देते हैं। करीब 78 स्टार टर्टल की मौजूदगी इस जगह को और खास बनाती है। इनके खोल पर उभरे पीले रंग के सितारे जैसे पैटर्न देखकर ऐसा लगता है, मानो किसी ने बड़ी बारीकी से इन पर कलाकारी की हो। इनकी चाल भी इनके नाम की तरह ही खास है।
स्टार टर्टल की खूबसूरती ही खतरा
धीरे-धीरे आगे बढ़ना, आसपास के वातावरण को महसूस करना और अनुकूल जगह मिलने पर आराम करना इनकी सामान्य गतिविधियों का हिस्सा है। यहां इनके लिए अलग स्थान बनाया गया है, ताकि इनकी जरूरतों के अनुसार देखभाल की जा सके। स्टार टर्टल की खूबसूरती ही कई बार इनके लिए खतरा भी बन जाती है।

निजी तौर पर पालन करना या रखना गैरकानूनी
इनके आकर्षक खोल और दुर्लभ वन्यजीव होने के कारण अवैध वन्यजीव कारोबार में इनकी मांग रहती है। इसी वजह से इन्हें तस्करी से बचाकर सुरक्षित स्थान पर रखना बेहद जरूरी है। स्टार टर्टल वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-एक में शामिल है। इसका निजी तौर पर पालन करना या रखना गैरकानूनी है।
कई रंगों और प्रजातियों से भरी है कछुओं की दुनिया
स्टार टर्टल के अलावा इस परिसर में इंडियन रूफ टर्टल, इंडियन फ्लैपशेल, टेंट टर्टल, यलो स्पाटेड और इंडियन आइड टर्टल जैसी प्रजातियां भी मौजूद हैं। इनमें इंडियन रूफ टर्टल की संख्या प्रमुख है। इनके खोल, रंग और शारीरिक बनावट में काफी अंतर होता है। कुछ कछुओं का खोल मजबूत और सख्त होता है, जबकि कुछ प्रजातियों में खोल अपेक्षाकृत मुलायम होता है।
कैसे शुरू हुआ यहां कछुओं का संरक्षण?
इसी अंतर के आधार पर इनके लिए हार्डशेल और साफ्टशेल के अलग तालाब बनाए गए हैं। यहां एक ब्लैक पोंड भी है, जबकि दूसरी प्रजातियों के लिए भी अलग-अलग व्यवस्था की गई है। इस तरह एक ही परिसर में कछुओं की कई प्रजातियों को देखने और उनके रहन-सहन के अंतर को समझने का अवसर मिलता है। अब से लगभग पांच साल पहले कछुओं की प्रजातियों का संरक्षण यहां शुरू हुआ था।
संरक्षण की दुनिया में छिपी कछुओं की जिंदगी
वन्यजीव विशेषज्ञ लखन बताते हैं कि यहां कछुओं के तालाब को किसी चिड़ियाघर की भांति पर्यटकों के लिए नहीं खोला गया है, यह जगह उनके संरक्षण और पुनर्वास के लिए है। यहां लोग आते हैं। उन्हें दूर से जरूर देख सकते हैं। आम लोगों को इनके बीच जाकर घूमने या इन्हें छूने की अनुमति नहीं है।
प्राकृतिक नजारे मन को देते हैं सुकून
हालांकि, वन्यजीवों में रुचि रखने वाले लोगों के लिए यह जानना रुचिकर रहता है कि इन कछुओं की कैसे तस्करी हुई और अवैध शिकार हुआ, फिर यहां नया जीवन मिला। दिल्ली की भागदौड़ और शोर-शराबे से दूर असोला भट्टी वन्यजीव अभयारण्य प्रकृति के करीब समय बिताने का मौका देता है। यहां की हरियाली, शांत वातावरण, पेड़ों के बीच से आती पक्षियों की आवाज और प्राकृतिक नजारे मन को सुकून देते हैं।

क्या कहते हैं वन्यजीव विशेषज्ञ?
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, प्रकृति के बीच समय बिताने से लोगों का तनाव कम हो सकता है और मानसिक स्वास्थ्य पर सकारात्मक असर पड़ता है। वहीं, मनोवैज्ञानिक भी मानते हैं कि हरियाली और प्राकृतिक वातावरण से जुड़ाव मन को शांत रखने में मदद करता है। परिवार के साथ यहां समय बिताना रोजमर्रा की थकान से राहत देने वाला अनुभव हो सकता है, इसीलिए सुबह-शाम नियमित लोग यहां वाक करने भी आते हैं, तो कछुओं के समीप दूर से ही समय बिताते हैं।
और अब...प्रवासी पक्षियों से गुलजार
असोला भट्टी वन्यजीव अभयारण्य में मौसम बदलने के साथ वन्यजीवों और पक्षियों की गतिविधियां भी बदल जाती हैं। खासकर सर्दियों में यहां स्थानीय पक्षियों के साथ प्रवासी पक्षियों को देखने की संभावना बढ़ जाती है। जलाशयों के आसपास अलग-अलग प्रजातियों की बत्तखें और अन्य जलपक्षी नजर आ सकते हैं। इसके अलावा तितलियां, सरीसृप और कई तरह के स्तनधारी जीव भी इस अभयारण्य की जैव विविधता का हिस्सा हैं। तेंदुओं की मौजूदगी भी इसे खास बनाती है।

कानून भी देता है सुरक्षा का कवच
कछुओं की कई प्रजातियां वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-एक में शामिल है। इसका मतलब है कि इसे पकड़ना, इसका अवैध व्यापार करना या निजी तौर पर रखना कानूनन अपराध है।
आकर्षक खोल और विदेशी पालतू जीव के रूप में इसकी मांग के कारण इसका अवैध कारोबार वन्यजीव संरक्षण के सामने बड़ी चुनौती है।
दिल्ली जैसे महानगर में मौजूद यह परिसर याद दिलाता है कि शहर की पहचान केवल ऊंची इमारतों, सड़कों और बाजारों से नहीं होती, बल्कि उन बेजुबान जीवों से भी होती है, जिन्हें सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी इंसानों की है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में सुर-संगीत के तड़के से होगा 'ताल फ्राई', राग मालकौंस से गोरख कल्याण तक; वीकेंड पर Entry Free
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।