दिल्ली में सुर-संगीत के तड़के से होगा 'ताल फ्राई', राग मालकौंस से गोरख कल्याण तक; वीकेंड पर Entry Free
नई दिल्ली में 21 और 22 नवंबर को 22वां सामापा संगीत सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें प्रतिष्ठित शास्त्रीय संगीतकार प्रस्तुति देंगे। कमानी सभागार में होने वाले इस निःशुल्क आयोजन में ध्रुपद, संतूर और 'ताल फ्राई' जैसे विशेष आकर्षण शामिल होंगे।

सामापा सम्मेलन में 'ताल फ्राई' की विशेष प्रस्तुति में भारतीय शास्त्रीय ताल वाद्यों की सामूहिक प्रस्तुति देंगे कई कलाकार।
HighLights
22वां सामापा संगीत सम्मेलन दिल्ली में आयोजित।
प्रसिद्ध शास्त्रीय कलाकार देंगे मनमोहक संगीत प्रस्तुति।
'ताल फ्राई' और विभिन्न रागों का होगा प्रदर्शन।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। भारतीय शास्त्रीय संगीत केवल सुर-तालों का संगम नहीं, सदियों पुरानी सांस्कृतिक विरासत, साधना और परंपराओं की ऐसी अनमोल धरोहर है, जिसमें हर राग अपनी एक कहानी कहता है और हर वाद्ययंत्र अपनी अलग पहचान के साथ संगीत की दुनिया को समृद्ध करता है।
इस वीकेंड 22वां सामापा संगीत सम्मेलन
कभी राजदरबारों की महफिल से लेकर संगीत के पारंपरिक घरानों तक गूंजने वाली ये स्वर लहरियां आज भी श्रोताओं को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ती हैं।
जब संतूर के तारों से झरती मधुर धुनें मन को छुएंगी, ध्रुपद की गंभीर गायकी रागों की गहराई से परिचित कराएगी और घटम व मृदंगम की थाप लय का अनूठा संसार रचेगी, तो संगीत प्रेमियों को एक बार फिर भारतीय संगीत की परंपराओं का साक्षी बनने का मौका मिलेगा।
सोपोरी एकेडमी ऑफ म्यूजिक एंड परफार्मिंग आर्ट्स की ओर से इस वीकेंड 22वें सामापा संगीत सम्मेलन का होगा।
प्रतिष्ठित शास्त्रीय संगीतकार देंगे प्रस्तुति
दो दिवसीय इस सम्मेलन में देश के प्रतिष्ठित शास्त्रीय संगीतकार अपनी प्रस्तुतियों से सुरों की महफिल सजाएंगे। इसमें प्रसिद्ध ध्रुपद गायक उस्ताद वसीफुद्दीन डागर, गायिका स्वाति तिवारी और गुलाम हसन खान के गायन के साथ संतूर वादक पंडित अभय रुस्तम सोपोरी और बांसुरी वादक पंडित रूपक कुलकर्णी की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
गूंजेगा सुर और लय का अनूठा संगम
इनके अलावा तबला वादक पंडित मिथिलेश झा, हारमोनियम वादक ललित सिसोदिया और सारंगी वादक सुभान अली खान आदि कलाकार कला का प्रदर्शन करेंगे।
महोत्सव का विशेष आकर्षण 'ताल फ्राई' होगा, जिसमें भारतीय शास्त्रीय ताल वाद्यों की सामूहिक प्रस्तुति के जरिए सुर और लय का अनूठा संगम देखने-सुनने को मिलेगा।
सुरों की इस यात्रा का समापन पंडित अभय रुस्तम सोपोरी के संतूर वादन से होगा। इस दौरान पंडित मिथिलेश झा तबले और पंडित ऋषि शंकर उपाध्याय पखावज पर उनका साथ देंगे।

ध्रुपद गायक उस्ताद वसीफुद्दीन डागर बोले...
कई सदियों की बसती है, कई सदियों से बसती है, बसते-बसते बसती है, दिल्ली हमारे दिलों में बसती है...। यह पंक्तियां सुनाते हुए ध्रुपद गायक उस्ताद वसीफुद्दीन डागर कहते हैं कि दिल्ली को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। इस शहर से मेरी बहुत सी यादें जुड़ी हैं। कार्यक्रम में मैं राग मालकौंस या चंद्रकौंस की प्रस्तुति दूंगा।”

क्या कहते हैं संतूर वादक अभय रुस्तम?
संतूर वादक अभय रुस्तम सोपोरी कहते हैं “इस बार मैं संतूर पर कुछ ऐसे राग प्रस्तुत करना चाहता हूं, जो पहले इस वाद्ययंत्र पर नहीं बजाई गई हैं। दिल्ली के संगीत प्रेमियों के लिए यह एक अलग अनुभव होगा। दिल्ली मेरी कर्मभूमि है और इसने मेरी पहचान व व्यक्तित्व को गढ़ा है। यहां के कलाकारों और श्रोताओं ने शास्त्रीय संगीत के लिए बहुत अच्छा माहौल बनाया है।”
गायक गुलाम हसन खान ने कहा, दिल्ली की संस्कृति बेहद पसंद
गायक गुलाम हसन खान कहते हैं, “मैं अपनी प्रस्तुति की शुरुआत राग गोरख कल्याण से करूंगा। इसके साथ ठुमरी और दादरा की प्रस्तुति भी होगी। आज मैं जो कुछ भी हूं, दिल्ली की वजह से हूं। यहां का खानपान, जायका, परंपरा और संस्कृति मुझे बेहद पसंद है।”
गायिका स्वाति तिवारी बोलीं, दिल्ली से जुड़ाव बेहद आत्मीय
गायिका स्वाति तिवारी कहती हैं कि “मेरी प्रस्तुति की शुरुआत राग नारायणी से होगी। इसमें विलंबित एकताल में बड़ा ख्याल और तीनताल में एक बंदिश प्रस्तुत करूंगी। वहीं समापन ठुमरी या टप्पा से होगा। दिल्ली की बात करूं तो यहां से मेरा जुड़ाव बेहद आत्मीय है और यहां के लोग संगीत को खूब सराहते हैं।”
- क्या: सामापा संगीत सम्मेलन
- कहां:कमानी सभागार, नई दिल्ली
- कब: 21 व 22 नवंबर, शाम 5:45 बजे से
- प्रवेश: निश्शुल्क
यह भी पढ़ें- Explainer: कहां गई ठिठुराने वाली 'दिल्ली की सर्दी'? नवंबर में पारा सामान्य से ऊपर, IMD की रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।