विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IIT Delhi का बड़ा कदम, सोनीपत कैंपस में 2500 डिग्री तापमान पर होगा सामग्रियों का परीक्षण; स्टार्ट अप होंगे आसान

Published: Wed, 25 Nov 2026 03:37 PM (GMT+05:30)

आईआईटी दिल्ली अपने सोनीपत कैंपस में देश की पहली व्यापक अनुसंधान सुविधा स्थापित कर रहा है, जहाँ 2500 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान पर सामग्रियों का परीक्षण होगा। 

देश को रक्षा, अंतरिक्ष और ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आईआईटी दिल्ली एक बड़ी पहल करने जा रहा है।

देश को रक्षा, अंतरिक्ष और ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आईआईटी दिल्ली एक बड़ी पहल करने जा रहा है।

HighLights

  1. सोनीपत कैंपस में देश की पहली व्यापक परीक्षण सुविधा।

  2. 2500 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान पर सामग्री परीक्षण।

  3. रक्षा, अंतरिक्ष, ऊर्जा में आत्मनिर्भरता को मिलेगा बढ़ावा।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। देश को रक्षा, अंतरिक्ष और ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली एक बड़ी पहल करने जा रहा है। संस्थान के सोनिपत कैंपस में अत्यधिक तापमान और विषम पर्यावरणीय परिस्थितियों में उन्नत सामग्रियों की जांच के लिए देश की पहली व्यापक अनुसंधान एवं परीक्षण सुविधा स्थापित की जाएगी।

सामग्रियों की क्षमता और मजबूती परखेंगे

एक्सट्रीम टेंपरेचर एंड एनवायरनमेंटल इवैल्यूएशन ऑफ मैटेरियल्स नाम की इस सुविधा में 2500 डिग्री सेल्सियस और उससे अधिक तापमान पर भी सामग्रियों की क्षमता और मजबूती का परीक्षण किया जा सकेगा।

रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के सहयोग से स्थापित होने वाली यह सुविधा उन्नत सामग्री परीक्षण के लिए राष्ट्रीय केंद्र के रूप में विकसित की जाएगी।

इसका उद्देश्य ऐसी सामग्रियों का परीक्षण और विश्लेषण करना है, जो अत्यधिक गर्मी और कठिन पर्यावरणीय परिस्थितियों में भी काम कर सकें। इससे एयरोस्पेस, रक्षा, ऊर्जा और विनिर्माण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में स्वदेशी तकनीक विकसित करने में मदद मिलेगी।

स्टार्टअप को मिलेगा सटीक परीक्षण ढांचा

आईआईटी दिल्ली के अनुसार, इस सुविधा से देश के शोधकर्ताओं, उद्योगों और स्टार्टअप को उन्नत परीक्षण ढांचा उपलब्ध होगा। अभी अत्याधुनिक सामग्रियों के परीक्षण के लिए जरूरी बुनियादी ढांचे की कमी अनुसंधान और तकनीकी विकास में चुनौती बनती है। ऐसे में यह केंद्र शोध को प्रयोगशाला से व्यावहारिक उपयोग तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

आत्मनिर्भरता के लिए महत्वपूर्ण कदम

डीआरडीओ के महानिदेशक (टेक्नोलाॅजी मैनेजमेंट) डाॅ. अनुपम शर्मा ने संस्थान को परियोजना का स्वीकृति पत्र सौंपा। उन्होंने स्वदेशी परीक्षण सुविधाओं को तकनीकी आत्मनिर्भरता के लिए महत्वपूर्ण बताया। परियोजना का नेतृत्व आईआईटी दिल्ली के मटेरियल साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. जयंत जैन कर रहे हैं। उनके साथ विभाग के आठ अन्य संकाय सदस्य भी जुड़े हैं।

व्यापक सामग्री परीक्षण सुविधा होगी

इस केंद्र में उच्च तापमान पर सामग्री की मजबूती जांचने वाली मशीनें, एक्स-रे डिफ्रैक्शन, स्कैनिंग इलेक्ट्रान माइक्रोस्कोपी, घर्षण और कटाव परीक्षण प्रणाली के साथ कंप्यूटेशनल मटेरियल डिजाइन की सुविधा विकसित की जाएगी। संस्थान के मुताबिक, यह देशभर के शोधकर्ताओं और उद्योगों के लिए उपलब्ध पहली ऐसी व्यापक सामग्री परीक्षण सुविधा होगी।

यह भी पढ़ें- करतारपुर कॉरिडोर कब खुलेगा? दिल्ली हाई कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई से किया इंकार, बताई बड़ी वजह

यह भी पढ़ें- सेना के जवानों की ढाल बनेगा 50 Kg का रोबोट, दिल्ली ट्रेड फेयर में छाया बस्ती के छात्रों का 'विशिष्ट अस्त्र'

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।