विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सेना के जवानों की ढाल बनेगा 50 Kg का रोबोट, दिल्ली ट्रेड फेयर में छाया बस्ती के छात्रों का 'विशिष्ट अस्त्र'

By Gouri Edited By: Kapil Kumar
Published: Wed, 25 Nov 2026 01:21 PM (IST)

पहलगाम आतंकी हमले से प्रेरित होकर बस्ती के पांच स्कूली छात्रों ने सैनिकों की सुरक्षा के लिए 'विशिष्ट अस्त्र' नामक 50 किलो का रोबोट बनाया है। India International Trade Fair में यह रोबोट छाया हुआ है।

व्यापार मेले में बस्ती जिले के सावित्री विद्या मंदिर में पढ़ने वाले आरव, शुभम, रितेश, मयंक और अभिषेक अपने मॉडल का प्रदर्शन करते हुए। जागरण

व्यापार मेले में बस्ती जिले के सावित्री विद्या मंदिर में पढ़ने वाले आरव, शुभम, रितेश, मयंक और अभिषेक अपने मॉडल का प्रदर्शन करते हुए। जागरण

गौरी शर्मा, नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले की घटना ने बस्ती के पांच स्कूली छात्रों को इस कदर प्रभावित किया कि उन्होंने सैनिकों की सुरक्षा के लिए कुछ नया करने की ठान ली।

10वीं कक्षा में पढ़ने वाले इन छात्रों ने ऐसा रोबोट बनाने का फैसला किया, जिसे जोखिम वाले इलाकों में भेजकर दूर बैठे कंट्रोल रूम से संचालित किया जा सके।

करीब छह महीने की मेहनत के बाद उन्होंने 50 किलो वजनी रोबोट तैयार किया। इसका नाम 'विशिष्ट अस्त्र' रखा गया है।

भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF) में हाल नंबर-14 में प्रदर्शित यह मॉडल लोगों का ध्यान खींच रहा है।

बस्ती के छात्रों ने बनाया रोबोट

इस रोबोट को उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के सावित्री विद्या मंदिर में पढ़ने वाले आरव, अभिषेक, शुभम, रितेश और मयंक ने मिलकर बनाया है। पांचों छात्र दसवीं कक्षा में पढ़ते हैं। सभी ने अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार काम बांट लिया था। आरव और शुभम ने कोडिंग और मशीन के अंदरूनी सिस्टम पर काम किया, जबकि मयंक और रितेश ने प्लाईवुड काटकर रोबोट की बनावट तैयार की।

अभिषेक ने प्रोजेक्ट डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभाली। इसे बनाने में ऑर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल डिजाइनिंग की भी मदद ली गई।

इस मॉडल को तैयार करना छात्रों के लिए आसान नहीं था। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में बार-बार खराबी आती थी। दसवीं की पढ़ाई के साथ प्रोजेक्ट के लिए समय निकालना भी बड़ी चुनौती थी।

WhatsApp Image 2026-11-25 at 13.17.44

व्यापार मेले में बस्ती जिले के सावित्री विद्या मंदिर में पढ़ने वाले आरव, शुभम, रितेश, मयंक और अभिषेक अपने मॉडल का प्रदर्शन करते हुए। जागरण

रोजाना किया 11 घंटे काम

आरव ने बताया कि टीम ने रविवार और स्कूल की छुट्टियों में भी करीब 11 घंटे तक काम किया। फिलहाल यह शुरुआती माडल है। छात्रों की योजना के मुताबिक, सेना के जवान सुरक्षित कंट्रोल रूम से रोबोट को संचालित करेंगे।

इसे ऐसे जोखिम वाले इलाकों में भेजा जाएगा, जहां सैनिकों की मौजूदगी खतरनाक हो सकती है। इसमें लगे 360 डिग्री कैमरे से दूर बैठकर आसपास की निगरानी की जा सकेगी।

खतरे पहचानने वाले सेंसर और बिना आवाज काम करने की सुविधा भी इसमें विकसित करने की परिकल्पना है। हालांकि, इन सुविधाओं की उपयोगिता और क्षमता का परीक्षण अभी बाकी है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली मेला के वैश्विक बाजार में नजर आएगा गाजीपुर का हस्तशिल्प, पहुंचेंगे 110 से अधिक देशों के खरीदार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।