IGI एयरपोर्ट पर 'सर, सस्ता होटल दिलवा दूंगा...', विदेशी पर्यटकों को घेर रहे एजेंट; देश की छवि हो रही धूमिल
आईजीआई एयरपोर्ट पर एजेंट यात्रियों, विशेषकर विदेशी पर्यटकों को सस्ते होटल और कैब का लालच देकर परेशान कर रहे हैं, जिससे देश की छवि धूमिल हो रही है। आधिकारिक सुविधाओं और ठगी रोकने वाले कानून के बावजूद, इस समस्या पर कार्रवाई की कमी पर सवाल उठ रहे हैं।

टर्मिनल से बाहर निकलते ही यात्रियों को एजेंट घेर लेते हैं। एआई इमेज
HighLights
एजेंट आईजीआई एयरपोर्ट पर यात्रियों, विशेषकर विदेशी पर्यटकों को घेर रहे हैं।
सस्ते होटल और कैब का लालच देकर ठगी का डर पैदा कर रहे हैं।
यह स्थिति दिल्ली और भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को धूमिल कर रही है।
मुकेश ठाकुर, नई दिल्ली। “सर, कहां जाएंगे? सस्ता होटल दिलवा दूंगा, कैब भी मिल जाएगी।” यह स्थिति किसी बस टर्मिनल या रेलवे स्टेशन की नहीं, बल्कि देश का नंबर वन एयरपोर्ट होने का दावा करने वाले आईजीआई एयरपोर्ट की है।
इन दिनों टर्मिनल से बाहर निकलते ही यात्रियों को एजेंट घेर लेते हैं। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय, दोनों टर्मिनलों के आगमन द्वारों पर ऐसे लोगों का जमावड़ा रहता है। विदेशी पर्यटक इनके खास निशाने पर हैं।
भारत की छवि पर पड़ता है असर
एयरपोर्ट पर प्रीपेड टैक्सी, ऐप आधारित कैब, मेट्रो और सहायता केंद्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसे रोकने के लिए विशेष कानून भी है, फिर भी ऐसी गतिविधियां जारी हैं। आगमन द्वार पर यह स्थिति यात्रियों को परेशान करने के साथ दिल्ली और भारत की छवि पर भी असर डाल सकती है।
भारत आने वाले पर्यटकों के लिए एयरपोर्ट ही राजधानी से पहला परिचय होता है। विमान से उतरने के बाद अनजान लोगों का होटल और कैब दिलाने के नाम पर उन्हें घेरना और साथ चलने का दबाव बनाना असुरक्षा तथा ठगी का डर पैदा कर सकता है।
इससे उनकी यात्रा का शुरुआती अनुभव खराब होने के साथ अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के बीच दिल्ली और भारत की छवि पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
आधिकारिक काउंटर्स पर ले सकते हैं मदद
तीनों टर्मिनलों के बाहर प्रीपेड टैक्सी, निर्धारित किराये वाली टैक्सी और ओला-उबर जैसी ऐप आधारित कैब उपलब्ध हैं। एयरपोर्ट एक्सप्रेस मेट्रो, मैजेंटा लाइन और बसों से शहर के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचा जा सकता है।
सूचना केंद्र, सहायता कियोस्क, खानपान, मुद्रा विनिमय, चिकित्सा सहायता और दिव्यांग यात्रियों के लिए व्हीलचेयर की सुविधा भी है। यात्री आधिकारिक काउंटरों और निर्धारित बुकिंग माध्यमों से सेवाएं ले सकते हैं।
सत्यापन को लेकर उठते हैं सवाल
इसके बावजूद यहां 24 घंटे एजेंटों का जमावड़ा रहता है। ये बिना अनुमति यात्रियों को घेरते, उनका पीछा करते, परेशान करते या बहलाकर साथ ले जाने की कोशिश करते हैं। आईजीआई संवेदनशील सुरक्षा स्थलों में शामिल है।
आगमन क्षेत्र में सक्रिय लोगों की पहचान, वहां रहने की अवधि और गतिविधियों के सत्यापन को लेकर सवाल उठते हैं। पुलिस और एयरपोर्ट प्रबंधन को बताना चाहिए कि कितनी शिकायतें मिलीं, कितने लोगों पर कार्रवाई हुई और निगरानी की क्या व्यवस्था है।
पुलिस कार्रवाई की जानकारी के लिए पुलिस उपायुक्त, आईजीआई विचित्र वीर से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया।
अनावश्यक रूप से प्रेरित करना है टाउटिंग
बता दें कि इनसे निपटने के लिए दिल्ली प्रिवेंशन ऑफ टाउटिंग एंड मालप्रैक्टिसेज अगेंस्ट टूरिस्ट्स एक्ट है, जिसके तहत यात्रियों को बहलाना या गुमराह करना, किसी खास होटल अथवा परिवहन सेवा के लिए अनावश्यक रूप से प्रेरित करना टाउटिंग के दायरे में आता है। दोषी को एक साल तक की जेल या दस हजार रुपये तक हो सकते हैं।
पहले हुई ऐसी घटनाएं...
- 20 जून 2025: आईजीआई एयरपोर्ट पर अमेरिकी नागरिक बलदेव सिंह से 700 डालर की ठगी हुई। 21 जून को प्राथमिकी दर्ज, 26 जून को ईरानी महिला गिरफ्तार।
- 14 फरवरी 2025: टर्मिनल-1 पर यात्री को सस्ते होटल और सैर-सपाटे का झांसा देने के आरोप में तैयब अली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई।
- सितंबर 2024: विदेशी यात्री को होटल और परिवहन बंद होने का झांसा देकर वाराणसी पहुंचाने के नाम पर 98,700 रुपये ठगे गए। पुलिस ने चार आरोपित गिरफ्तार किए।
यह भी पढ़ें- बुजुर्ग को बेटे-बहू से घर खाली कराने का हक, दिल्ली HC ने सुनाया बड़ा फैसला; पलटा DM और डिविजनल कमिश्नर का आदेश
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।