बुजुर्ग को बेटे-बहू से घर खाली कराने का हक, दिल्ली HC ने सुनाया बड़ा फैसला; पलटा DM और डिविजनल कमिश्नर का आदेश
दिल्ली हाई कोर्ट ने फैसला सुनाया है कि वरिष्ठ नागरिकों को खराब रिश्तों के कारण बच्चों के साथ रहने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने एक 85 वर्षीय बुजुर्ग की याचिका स्वीकार करते हुए उनके बेटे-बहू को चार हफ्ते में संपत्ति खाली करने का आदेश दिया।

अदालत ने 85 वर्षीय बुजुर्ग की याचिका स्वीकार करते हुए उनके बड़े बेटे और बहू को चार हफ्ते में संपत्ति खाली करने का आदेश दिया। एआई इमेज
HighLights
दिल्ली हाई कोर्ट ने वरिष्ठ नागरिकों के पक्ष में सुनाया फैसला।
बुजुर्गों को बच्चों से घर खाली कराने का अधिकार मिला।
अदालत ने बेटे-बहू को चार हफ्ते में घर खाली करने का आदेश दिया।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा है कि किसी वरिष्ठ नागरिक को उसकी इच्छा के विरुद्ध अपने ही घर में बच्चों के साथ रहने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता, खासकर तब जब रिश्ते इतने बिगड़ जाएं कि उसे पुलिस के पास जाना पड़े। अदालत ने 85 वर्षीय बुजुर्ग की याचिका स्वीकार करते हुए उनके बड़े बेटे और बहू को चार हफ्ते में संपत्ति खाली करने का आदेश दिया।
बेदखली की अर्जी खारिज की
न्यायमूर्ति अमित महाजन की पीठ ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक अधिनियम के तहत जिलाधिकारी और डिविजनल कमिश्नर के उन आदेशों को रद कर दिया, जिनमें बेदखली की अर्जी खारिज की गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने रवि कांत गुप्ता बनाम उत्तर प्रदेश राज्य मामले में माना है कि मेंटेनेंस ट्रिब्यूनल वरिष्ठ नागरिक की संपत्ति से उसके बच्चों को बेदखल करने का आदेश दे सकता है, यदि ऐसा करना बुजुर्ग के भरण-पोषण और सुरक्षा के लिए आवश्यक और उचित हो।
'बिना कारण या तर्क के निकाले गए निष्कर्ष को निष्कर्ष नहीं कह सकते'
पीठ ने कहा कि अधिकारियों ने बेदखली का आदेश देने से पहले बुजुर्ग से उत्पीड़न के स्पष्ट और ठोस सुबूत मांगे, जबकि 2022 से दर्ज कराई गई उनकी कई पुलिस शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया। बेटों के बीच व्यावसायिक विवाद होने से वरिष्ठ नागरिक की शिकायत झूठी नहीं हो जाती और न ही उन्हें कानून के तहत सुरक्षा देने से इनकार किया जा सकता है। अदालत ने कहा कि बिना कारण या तर्क के निकाले गए निष्कर्ष को निष्कर्ष नहीं कहा जा सकता।
पत्नी की मौत के बाद बदल गया व्यवहार
याचिकाकर्ता के अनुसार, उन्होंने मकान 1980 में डीडीए से लिया था और 2000 में उसे फ्रीहोल्ड कराया। बड़ा बेटा और बहू 2003 में शादी के बाद से वहां रह रहे थे। पत्नी की नवंबर 2020 में मृत्यु के बाद उनका व्यवहार और बिगड़ गया। आरोप है कि सितंबर 2022 में उन्होंने छोटे बेटे से मारपीट की और उसे धमकाया, जिसके बाद पुलिस में शिकायत की गई।
फैसले को हाई कोर्ट में चुनौती दी
बुजुर्ग ने अदालत को बताया कि संपत्ति का पूर्ण मालिक होने के बावजूद वह अपने घर में शांति से नहीं रह पा रहे थे। उन्होंने वरिष्ठ नागरिक अधिनियम के तहत बेटे और बहू को बेदखल करने तथा भरण-पोषण की मांग की थी। जिलाधिकारी ने उनकी अर्जी खारिज की और संभागीय आयुक्त ने भी उस फैसले को बरकरार रखा। फैसले को हाई कोर्ट में चुनौती देते हुए उन्होंने कहा था कि घर में शांति से रहने के लिए बेटे और बहू को बेदखल करने का उन्हें अधिकार है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।