विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IGI एयरपोर्ट पर सुरक्षा में सेंध की कोशिश, CISF जवानों को धक्का देकर टर्मिनल-3 में घुस रहा युवक दबोचा गया

Published: Thu, 19 Nov 2026 01:22 PM (GMT+05:30)

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 में एक युवक ने बिना वैध यात्रा दस्तावेज के प्रवेश करने का प्रयास किया। ...और पढ़ें

टर्मिनल-3 में बिना वैध यात्रा दस्तावेज के प्रवेश करने की कोशिश कर रहे एक युवक को सीआईएसएफ के जवानों ने पकड़ लिया। एआई इमेज

टर्मिनल-3 में बिना वैध यात्रा दस्तावेज के प्रवेश करने की कोशिश कर रहे एक युवक को सीआईएसएफ के जवानों ने पकड़ लिया। एआई इमेज

HighLights

  1. युवक ने बिना वैध दस्तावेज IGI T3 में घुसने का प्रयास किया।

  2. उसने सुरक्षाकर्मियों को धक्का दिया, लेकिन तुरंत काबू कर लिया गया।

  3. दिल्ली पुलिस युवक से अवैध प्रवेश के कारणों की जांच कर रही है।

मुकेश ठाकुर, नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 में बिना वैध यात्रा दस्तावेज के प्रवेश करने की कोशिश कर रहे एक युवक को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने पकड़ लिया।

बुधवार दोपहर करीब तीन बजे टर्मिनल के प्रस्थान द्वार पर हुई इस घटना के दौरान युवक ने सुरक्षाकर्मियों को धक्का देकर जबरन अंदर घुसने का प्रयास किया। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से सुरक्षा में सेंध लगने की कोशिश नाकाम हो गई।

क्यूआरटी के सदस्यों ने तुरंत दबोचा

सीआईएसएफ ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर घटना का 25 सेकंड का वीडियो भी साझा किया है। इसमें युवक सुरक्षाकर्मियों को धक्का देकर प्रवेश द्वार से अंदर जाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है।

प्रवेश द्वार पर तैनात जवानों ने तत्काल उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह कुछ मीटर अंदर तक पहुंच गया। इसी बीच हथियारबंद जवान और क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) के सदस्य मौके पर पहुंच गए और कुछ ही सेकंड में उसे काबू कर लिया।

प्रवेश करने के कारणों की हो रही जांच

सीआईएसएफ के अनुसार, युवक हरियाणा का रहने वाला बताया जा रहा है। उसे पूछताछ के लिए दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया गया है। उसके बैग की तलाशी लेने पर पहचान संबंधी दस्तावेज और शैक्षणिक प्रमाणपत्र भी बरामद हुए हैं। युवक बिना किसी अधिकृत यात्रा टिकेट व दस्तावेज के टर्मिनल में प्रवेश करने का प्रयास क्यों कर रहा था, इसकी जांच की जा रही है।

आधिकारिक पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य

टर्मिनल-3 में प्रवेश के लिए सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू है। यात्रियों को वैध टिकट और पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य है, जबकि एयरपोर्ट कर्मचारियों को प्रवेश के लिए अपना आधिकारिक पहचान पत्र प्रस्तुत करना होता है।

आईजीआई एयरपोर्ट को अति संवेदनशील सुरक्षा प्रतिष्ठानों में शामिल किया गया है। यहां घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से रोजाना हजारों यात्री आवाजाही करते हैं। एयरपोर्ट की सुरक्षा और आतंकवाद निरोधक जिम्मेदारी सीआईएसएफ के पास है।

यह भी पढ़ें- वीजा खत्म होने के बाद भी विदेशी नागरिक को जमानत, दिल्ली HC ने डिटेंशन सेंटर की शर्त पर कही बड़ी बात

यह भी पढ़ें- बिहार के मखाने का दिल्ली ट्रेड फेयर में जलवा, स्टॉल पर डोसा और मैकरोनी का स्वाद लेने को उमड़ रही भीड़

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।