Namo Bharat ट्रेन में अगर छूट गया लैपटॉप-मोबाइल तो क्या करें? अब NCRTC ने शुरू की नई पहल
एनसीआरटीसी ने नमो भारत ट्रेनों में छूटी वस्तुओं को यात्रियों तक पहुंचाने के लिए गाजियाबाद स्टेशन पर 'लास्ट एंड फाउंड' केंद्र बनाया है। इस केंद्र ने अब तक 160 से अधिक मूल्यवान वस्तुएं लौटाई हैं। यात्री नमो भारत कनेक्ट ऐप या हेल्पलाइन नंबर 08069651515 के माध्यम से अपने खोए सामान की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। ट्रेन अटेंडेंट इसमें अहम भूमिका निभाते हैं।

राज्य ब्यूरो, जागरण, नई दिल्ली। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेनों में छूटी या खोई वस्तुओं को यात्रियों तक वापस पहुंचाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) द्वारा गाजियाबाद स्टेशन पर 'लास्ट एंड फाउंड' केंद्र बनाया गया है। इसकी मदद से अब तक यात्रियों द्वारा भूली गई 160 से अधिक मूल्यवान वस्तुएं वापस लौटाई गई हैं, जिनमें महंगे लैपटॉप, स्मार्ट मोबाइल, कलाई घड़ी, अहम दस्तावेज, मेडिकल रिपोर्ट, पर्स, इयर बड्स, ब्लूटूथ डिवाइस, ट्राली बैग, आईपैड, कार और बाइक की चाबियां, किताबें और कपड़ों समेत अन्य सामान शामिल हैं।
नमो भारत कॉरिडोर पर अक्टूबर 2023 में ट्रेनों का परिचालन शुरू किया गया था। सेवाओं में विस्तार के साथ वर्तमान में दिल्ली के न्यू अशोक नगर से लेकर मेरठ साउथ तक नमो भारत सेवाएं उपलब्ध हैं। ट्रेन के अंदर की सभी गतिविधियों की निगरानी के लिए ट्रेन अटेंडेंट की बेहद अहम भूमिका रही है। ट्रेन अटेंडेंट ही ट्रेन में छूटी लावारिस वस्तुओं को मिलने पर तत्काल लास्ट एंड फाउंड केंद्र पहुंचाने में सहयोग करते हैं। हर ट्रेन में तैनात ट्रेन अटेंडेंट चलती ट्रेन में निरंतर राउंड लेते रहते हैं।
एनसीआरटीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स के मुताबिक, नमो भारत कनेक्ट एप में मौजूद “लास्ट एंड फाउंड” केंद्र के विकल्प में जाकर यात्री ट्रेन स्टाफ को मिली वस्तुओं की सूची में अपने खोये हुए सामान की जानकारी हासिल करके उसे वापस लेने के लिए दावेदारी कर सकते हैं। निर्धारित सत्यापन के बाद उनका सामान उन्हें वापस मिल सकता है।
यात्री सामान छूटने के बाद तत्काल जानकारी के लिए संबंधित स्टेशन के कंट्रोलर से भी संपर्क कर सकते हैं।
सभी स्टेशनों के कंट्रोल रूम के नंबर भी नमो भारत कनेक्ट ऐप के स्टेशन फेसिलिटीज़ आप्शन में मिल जाएंगे। इसके साथ ही यात्री नमो भारत के हेल्पलाइन नंबर 08069651515 पर काल करके भी अपने सामान के संबंध में सूचना दे व ले सकते हैं।
स्टेशनों में छूटा सामान 24 घंटों के भीतर उसी स्टेशन से सत्यापन के बाद वापस लिया जा सकता है, जहां वह छूटा था, जबकि ट्रेनों में छूटे सामान को गाज़ियाबाद नमो भारत स्टेशन में बने लास्ट एंड फाउंड सेंटर से वापस पाया जा सकता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।