विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब जानवरों पर नहीं, मानव ऊतकों पर होगी दवाओं की जांच; कैंसर के मरीजों के इलाज में भी मिलेगी मदद

By Gouri Edited By: Neeraj Tiwari
Published: Wed, 18 Nov 2026 12:43 PM (IST)

एक नई तकनीक से अब दवाओं की जांच जानवरों के बजाय मानव ऊतकों पर की जाएगी, जिससे पशु परीक्षण कम ...और पढ़ें

45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में हाल आफ इंस्पीरेशन में जोधपुर से आए युवराज स्टाल पर अपने स्टार्टअप के बारे में जानकारी देते हुए। जागरण

45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में हाल आफ इंस्पीरेशन में जोधपुर से आए युवराज स्टाल पर अपने स्टार्टअप के बारे में जानकारी देते हुए। जागरण

HighLights

  1. दवाओं की जांच अब मानव ऊतक मॉडल पर की जाएगी।

  2. इससे जानवरों पर होने वाले परीक्षणों में कमी आएगी।

  3. कैंसर मरीजों को व्यक्तिगत और प्रभावी उपचार चुनने में मदद मिलेगी।

गौरी शर्मा, नई दिल्ली। किसी दवा को बाजार में उतारने से पहले उसका असर और संभावित दुष्प्रभाव जानने के लिए लंबे समय से जानवरों पर परीक्षण किए जाते रहे हैं। लेकिन अब इस निर्भरता को कम करने की दिशा में नई तकनीक सामने आ रही है। आने वाले समय में दवाओं और कास्मेटिक उत्पादों की जांच जानवरों के बजाय मानव ऊतकों जैसे तैयार किए गए माॅडल पर की जा सकेगी।

जोधपुर के एक स्टार्टअप ने दिखाई राह

इससे न केवल बेजुबान जानवरों पर होने वाले परीक्षणों को कम करने की उम्मीद है, बल्कि किसी मरीज के शरीर पर दवा का संभावित असर समझने और उसके लिए बेहतर इलाज चुनने का रास्ता भी खुल सकता है। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) में जोधपुर के एक स्टार्टअप ने इस तकनीक का प्रदर्शन किया है।

ऊतक के नमूने की स्लाइड तैयार की

स्टार्टअप के युवराज सिंह ने बताया कि वे इन-विट्रो माॅडल तैयार करते हैं। इसके लिए सबसे पहले मरीज की बायोप्सी और जरूरी मेडिकल डेटा लिया जाता है। ऊतक के नमूने की स्लाइड तैयार कर उसकी इमेजिंग की जाती है। इसके बाद डिजिटल ट्विन तकनीक से ऊतक की संरचना और उसके विभिन्न घटकों का विश्लेषण किया जाता है।

दवा के संभावित असर और विषाक्तता का आकलन 

इसी आधार पर मानव ऊतकों जैसी विशेषताओं वाला माॅडल तैयार होता है, जिस पर दवाओं और उनके घटकों का परीक्षण किया जा सकता है। इससे दवा के संभावित असर और विषाक्तता का आकलन करने में मदद मिलती है। इस तकनीक का इस्तेमाल केवल दवाओं की जांच तक सीमित नहीं है।

कैंसर के मरीजों को मिलेगी मदद

कैंसर के मरीजों के लिए भी यह उपयोगी साबित हो सकती है। एक ही प्रकार के कैंसर से पीड़ित दो मरीजों के शरीर की जैविक प्रतिक्रिया अलग हो सकती है। ऐसे में मरीज के अपने ऊतक पर अलग-अलग दवाओं का परीक्षण कर उसके लिए अधिक उपयुक्त उपचार चुनने की दिशा में मदद मिल सकती है।

एम्स जोधपुर जैसे संस्थानों के साथ भी सहयोग कर रही

उन्होंने बताया कि उसके स्किन माॅडल मानव त्वचा से करीब 80 प्रतिशत तक समानता रखते हैं। फिलहाल कंपनी टिश्यू स्तर पर काम कर रही है और भविष्य में लिवर, किडनी व हृदय जैसे अंगों के माॅडल विकसित करने की योजना है। फार्मा कंपनियां दवाओं और कास्मेटिक कंपनियां सनस्क्रीन सहित अन्य उत्पादों की जांच के लिए इन माॅडल का इस्तेमाल कर सकती हैं। कंपनी मेडिकल संस्थानों और एम्स जोधपुर जैसे संस्थानों के साथ भी सहयोग कर रही है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के मुंडका में गोदाम में लगी भीषण आग, 1500 वर्ग गज में फैले कबाड़ ने पकड़ी आग; दमकल की 9 गाड़ियां मौके पर

यह भी पढ़ें- ACP मनस्वी वशिष्ठ के वायरल वीडियो पर दिल्ली HC सख्त, वीडियो अपलोड करने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स की होगी जांच

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।