दिल्ली के मुंडका में गोदाम में लगी भीषण आग, 1500 वर्ग गज में फैले कबाड़ ने पकड़ी आग; दमकल की 9 गाड़ियां मौके पर
पश्चिमी दिल्ली के मुंडका औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार सुबह एक गोदाम में भीषण आग लग गई। करीब 1500 वर्ग गज ...और पढ़ें

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
मुंडका औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार सुबह गोदाम में आग लगी।
1500 वर्ग गज में फैले कबाड़ में आग लगी।
दमकल की नौ गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं।
मुकेश ठाकुर, पश्चिमी दिल्ली। मुंडका औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार सुबह एक गोदाम में आग लगने की सूचना से दमकल विभाग में हड़कंप मच गया। मेट्रो पिलर नंबर 578 के पास आग लगने की सूचना सुबह 5:12 बजे मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
1500 वर्ग गज में रखे कबाड़ में लगी आग
दमकल विभाग के अनुसार, घटनास्थल पर खुले क्षेत्र में करीब 1500 वर्ग गज में रखे कबाड़ में आग लगी थी। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल की गाड़ियों की संख्या बढ़ाई गई। शुरुआत में एक क्विक रिस्पांस व्हीकल (क्यूआरवी), तीन वाटर टेंडर और दो वाटर बाउजर भेजे गए थे। बाद में आग की स्थिति को देखते हुए कुल नौ दमकल वाहन मौके पर तैनात किए गए। इनमें चार वाटर टेंडर, तीन वाटर बाउजर, एक क्यूआरवी और एक मिस्ट प्रेशर वाहन शामिल थे।
अभी नहीं किया गया नुकसान का आकलन
सुबह 5:47 बजे आग को मेक-4 श्रेणी में रखा गया। इसके बाद दमकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और अभियान की निगरानी कर रहे हैं। आग से संबंधित अपडेट भी जारी किया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आग से कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन आग बुझने के बाद किया जाएगा।