मुलायम सिंह यादव को पद्म विभूषण देने पर विवाद, हिंदू सेना ने राष्ट्रपति को लिखा पत्र; सम्मान वापस लेने की मांग
हिंदू सेना ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र भेजकर दिवंगत मुलायम सिंह यादव को मरणोपरांत दिए गए पद्म विभूषण सम्मान को तत्काल रद्द करने की मांग की है।

पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत मुलायम सिंह यादव। जागरण
HighLights
हिंदू सेना ने मुलायम सिंह यादव के पद्म विभूषण रद्द करने की मांग की।
मांग 1990 अयोध्या गोलीकांड और तुष्टीकरण राजनीति पर आधारित।
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे से पहले यह विवाद फिर उठा।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। सपा के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत मुलायम सिंह यादव को मरणोपरांत दिए गए पद्म विभूषण सम्मान को लेकर एक बार फिर राजनीति गर्मा गई है। हिंदू सेना ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र भेजकर दिवंगत नेता का पद्म विभूषण सम्मान तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग की है।
यह मांग ऐसे समय है जब सपा मुखिया और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सपरिवार 12 दिसंबर को अयोध्या जाकर रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन करने का ऐलान किया है।
इस दौरे से पहले उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में अयोध्या में भक्तों की संख्या में कमी और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले असर का जिक्र कर कहा है कि सपा सरकार आने पर पारदर्शी व्यवस्था से विश्वास बहाल किया जाएगा और अयोध्या को बाहरी ठेकेदारों से मुक्त कराया जाएगा। इसके पूर्व दान चोरी का मामला भी उन्होंने जोर शोर से उठाकर केंद्र और राज्य में भाजपा सरकारों को घेरने की कोशिश की थी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने राष्ट्रपति को भेजे पत्र
हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने राष्ट्रपति को भेजे पत्र में कहा कि देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान केवल उन्हीं विभूतियों को दिए जाने चाहिए जिनका जीवन राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के प्रति समर्पित रहा हो। संगठन द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में 1990 के अयोध्या गोलीकांड का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है।
ज्ञापन में क्या लिखा है?
ज्ञापन के अनुसार, राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान निर्दोष और शांतिपूर्ण कारसेवकों पर तत्कालीन सरकार के आदेश पर हुई पुलिस फायरिंग एक गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन था। इसके साथ ही, पत्र में मुलायम सिंह यादव पर अपने राजनीतिक कार्यकाल के दौरान श्रीराम मंदिर निर्माण के विरोध और तुष्टीकरण की राजनीति करने के भी आरोप लगाए गए हैं।
वैसे, यह विवाद नया नहीं है। केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2023 में जब मुलायम सिंह यादव को मरणोपरांत देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण देने की घोषणा की गई थी, तब से ही इस निर्णय को हिंदू संगठनों तथा मंदिर आंदोलन से जुड़े लोगों की ओर से आलोचना देखने को मिली थीं।
एक तरफ जहां समाजवादी पार्टी ने इसे 'नेताजी' के कद के मुकाबले छोटा सम्मान बताते हुए भारत रत्न देने की मांग की थी, वहीं दूसरी तरफ राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े कई संगठनों और विपक्षी नेताओं ने 1990 की घटनाओं का हवाला देते हुए इस फैसले का कड़ा विरोध किया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।