विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Chhath Puja 2026: नई दिल्ली और आनंद विहार से आज चलेंगी 31 विशेष ट्रेनें, अनारक्षित स्पेशल ट्रेनों का भी इंतजाम

Published: Wed, 11 Nov 2026 09:18 AM (IST)

दीपावली के बाद दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर छठ पूजा के लिए घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ गई ...और पढ़ें

छठ पर घर जाने के लिए स्टेशन पहुंचे यात्री।

छठ पर घर जाने के लिए स्टेशन पहुंचे यात्री।

HighLights

  1. दिल्ली के स्टेशनों पर छठ पूजा यात्रियों की भीड़ बढ़ी।

  2. आज 31 विशेष ट्रेनें चलेंगी, अनारक्षित ट्रेनें भी उपलब्ध।

  3. रेलवे प्रशासन की व्यवस्थाओं और छठ गीतों की सराहना।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दीपावली के बाद अब दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर छठ पूजा में घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। यात्रियों के लिए विशेष ट्रेनें चलाने के साथ ही स्टेशनों पर छठ पूजा के गीत गूंज रहे हैं। इससे माहौल भक्तिमय हो गया है।

यात्रियों ने रेलवे प्रशासन के इस पहल की सराहना की है। बुधवार को दिल्ली के रेलवे स्टेशनों से 31 विशेष ट्रेनें चलेंगी।
दिल्ली के रेलवे स्टेशनों विशेषकर नई दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल पर पूर्व दिशा के यात्रियों की भीड़ अधिक पहुंच रही है। इन स्टेशनों पर दीपावली के पहले से ही भीड़ प्रबंधन के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी दोनों स्टेशनों का दौरा कर तैयारियों का निरीक्षण किया था। पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन और शकूरबस्ती से भी पूर्व दिशा की विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। मंगलवार को दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों से कुल 27 विशेष ट्रेनें चलाई गई हैं। इनमें 23 पूर्व निर्धारित विशेष ट्रेनें थीं।

अलग-अलग रूट पर चल रहीं अनारक्षित विशेष ट्रेनें

वहीं, अलग-अलग रूट पर भीड़ बढ़ने के कारण अल्प सूचना के आधार पर चार अनारक्षित विशेष ट्रेनें चलाई गई जिससे कि सामान्य श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों की परेशानी दूर हो सके। आनंद विहार टर्मिनल से नौ, नई दिल्ली से छह, शकूरबस्ती से पांच, हजरत निजामुद्दीन से तीन, दिल्ली जंक्शन से तीन और रोहतक से एक विशेष ट्रेन चलाई गई।

यह भी पढ़ें- त्योहारी भीड़ में रेलवे का बड़ा तोहफा! 5 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के बढ़ेंगे फेरे; पटना, सियालदह के लिए राहत

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने कहा कि यात्रियों की भीड़ की निगरानी करते हुए जरूरत के हिसाब से अतिरिक्त विशेष ट्रेनों की योजना बनाई जाएगी। मंडल रेल प्रबंधक, अपर मंडल रेल प्रबंधकों एवं मुख्यालय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ की लगातार निगरानी की जा रही।

अव्यवस्था के भ्रामक पोस्ट हो रहे प्रसारित

कई यात्रियों ने बताया कि एक्स, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर रेलवे स्टेशनों पर भीड़ और अव्यवस्था की भ्रामक और फर्जी पोस्ट प्रसारित किए जा रहे हैं। पटना जा रहे राजीव सिंह का कहना था कि इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट देखकर वह परेशान थे।

उन्हें लग रहा था कि वह परिवार के साथ कैसे ट्रेन में सवार होंगे, लेकिन यहां पहुंचने पर किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। रेलवे प्रशासन को इस तरह के भ्रामक पोस्ट करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करनी चाहिए।

रेलवे स्टेशनों के होल्डिंग एरिया और अन्य स्थानों पर लगे स्क्रीन पर छठ गीत प्रसारित हो रहे हैं। यात्रियों ने इसकी सराहना की। दरभंगा जा रही रागिनी मिश्रा का कहना था कि स्टेशन पर पहुंचते ही माहौल भक्तिमय लगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।