विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महादेव एप के प्रमोटर्स का 'फिक्सर' कौन? वकील हिमांशु शेखर पर ईडी के दस्तावेजों में बड़े आरोप

Published: Wed, 25 Nov 2026 01:54 PM (IST)

वकील हिमांशु शेखर को महादेव एप प्रमोटर्स के लिए 'फिक्सर' के तौर पर काम करने के आरोप में ईडी ने गिरफ्तार किया है। ईडी के दस्तावेजों के अनुसार, उन पर करोड़ों रुपये की रिश्वत लेने और आपराधिक मामलों को रफा-दफा करने का वादा करने का आरोप है।

ईडी के दस्तावेजों में वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित, महादेव एप के प्रमोटर्स के लिए मुख्य मध्यस्थ और 'फिक्सर' की तरह काम कर रहा था। वीडियो ग्रैब

ईडी के दस्तावेजों में वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित, महादेव एप के प्रमोटर्स के लिए मुख्य मध्यस्थ और 'फिक्सर' की तरह काम कर रहा था। वीडियो ग्रैब

HighLights

  1. वकील हिमांशु शेखर महादेव एप के 'फिक्सर' के रूप में गिरफ्तार।

  2. ईडी ने करोड़ों की रिश्वत और हवाला लेनदेन के आरोप लगाए।

  3. सबूत मिटाने के लिए मोबाइल डेटा डिलीट करने का भी आरोप।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। ईडी की दस्तावेज (कस्टडी एप्लीकेशन) के आधार पर वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित महादेव एप के प्रमोटर्स के लिए मुख्य मध्यस्थ और 'फिक्सर' की तरह काम कर रहे थे। पंचशील पार्क, मालवीय नगर के रहने वाले हिमांशु पेशे से वकील हैं।

दुबई कनेक्शन सामने आने पर हुई गिरफ्तारी

हिमांशु का येस्या मीडिया प्राइवेट लिमिटेड नाम से लाजपत नगर में एक कंपनी है जिसमें इनका 75 प्रतिशत हिस्सेदारी है। दुबई कनेक्शन सामने आने पर इन्हें गिरफ्तार किया गया है। इनकी मंगेतर का नाम चित्रांशी ध्यानी है जिन्हें ईडी ने गिरफ्तारी की सूचना दी। उन्हें डायबिटीज, थायराइड और इस्केमिक हार्ट डिजीज (हृदय रोग) की समस्या है।

ईडी के दस्तावेजों में हिमांशु शेखर पर क्या लगे आरोप?

ईडी के दस्तावेज के अनुसार, हिमांशु शेखर कई साल से महादेव एप के प्रमोटर्स (सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल) के लिए मुख्य मध्यस्थ और 'फिक्सर' की तरह काम कर रहे थे।

अक्टूबर 2023 में मुंबई स्थित कुरैशी प्रोडक्शंस पर छापेमारी के बाद वसीम कुरैशी और हर्षवर्धन के जरिए हिमांशु शेखर (जिन्हें 'सर' कहा जाता था) की मुलाकात दुबई (विला नंबर 45, जुमेराह पिंक बीच) में सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल और वकील सुमित कोचर से हुई।

उन्होंने प्रमोटर्स से वादा किया कि वे उनके खिलाफ चल रहे सभी आपराधिक मामलों और इंटरपोल की कार्यवाही को रफा-दफा करा देंगे।

मुंबई में हवाला ऑपरेटरों के जरिए नकद और कुछ हिस्सा दुबई में दिया

उन्होंने प्रमोटर्स से कहा था कि वकील और जज साहब से बात हो रखी है। सौरभ चंद्राकर के बयान (धारा 50 पीएमएलए) के अनुसार, हिमांशु शेखर ने अक्टूबर 2023 में मदद के नाम पर 15 करोड़ रुपये लिए। इसके बाद दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच कई किस्तों में भारी रकम ली, जिसे उन्होंने भारत में उच्च अधिकारियों को देने की बात कही थी। यह पैसा दिल्ली, मुंबई में हवाला ऑपरेटरों के जरिए नकद और कुछ हिस्सा दुबई में दिया गया।

प्रमोटर्स से कहा कि आज वह गिरफ्तार हो जाएगा

लोटस 365 डाॅट काॅम में पार्टनर रहे बुकी गिरीश तलरेजा जब प्रमोटर्स के खिलाफ हो गए, तो प्रमोटर्स ने दुबई में मौजूद हिमांशु शेखर को उनकी भारत (जयपुर और फिर भोपाल) में लोकेशन की जानकारी दी। भोपाल के एक होटल में ठहरने के तीसरे दिन हिमांशु ने प्रमोटर्स से कहा कि आज वह गिरफ्तार हो जाएगा और उसी दिन ईडी ने गिरीश तलरेजा को गिरफ्तार कर लिया। सौरभ चंद्राकर ने इसे हिमांशु द्वारा किया गया सबसे बड़ा काम बताया।

करोड़ों रुपये के संदिग्ध ट्रांजक्शन मिले

ईडी की जांच में सामने आया कि हिमांशु की कंपनी का राजस्व 2022-23 में 52.66 लाख रुपये था, जो 2023-24 (जिस दौरान रिश्वत/हवाला की रकम ली गई) में अचानक बढ़कर 15.55 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने 2025 में रेंज रोवर और महिंद्रा थार जैसी गाड़ियों के लिए लोन भी लिया। उनके निजी बैंक खातों में भी करोड़ों रुपये के संदिग्ध ट्रांजक्शन मिले हैं।

मोबाइल लॉक कर डेटा रिकवर होने से रोका

21 नवंबर को उनके पंचशील पार्क स्थित घर पर छापेमारी के दौरान हाथ से लिखे नोट्स मिले, जिनमें करोड़ों के भुगतान का हिसाब दर्ज था। 15 नवंबर को सौरभ चंद्राकर द्वारा नाम लिए जाने के अगले ही दिन (16 नवंबर) हिमांशु ने अपने फोन से वाट्सएप मैसेज डिलीट किए और अपने दूसरे फोन (आई फोन) को फैक्ट्री रीसेट कर जानबूझकर गलत पासकोड डालकर लाॅक कर दिया ताकि डेटा रिकवर न हो सके।

  • सैमसंग फोन के सिक्योर फोल्डर से 'महादेव बुक' टाइटल वाला वीडियो और दुबई पार्टी के क्लिप्स मिले हैं।
  • 20 नवंबर को लुकआउट सर्कुलर के आधार पर मुंबई एयरपोर्ट से दुबई जाते समय इमिग्रेशन विभाग ने उन्हें रोका।
  • 21 नवंबर को ईडी ने उन्हें मुंबई में गिरफ्तार किया, लेकिन मुंबई की विशेष पीएमएलए कोर्ट ने ट्रांजिट रिमांड खारिज कर उन्हें 23 नवंबर को रायपुर ईडी आफिस में पेश होने का निर्देश दिया।
  • 23 नवंबर को माम्बे हाई कोर्ट ने निचली अदालत के आदेश को रद्द करते हुए ईडी को गिरफ्तारी की अनुमति दी। शाम को रायपुर में उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर विशेष अदालत से सात दिन की ईडी कस्टडी मांगी गई है।

यह भी पढ़ें- सेना के जवानों की ढाल बनेगा 50 Kg का रोबोट, दिल्ली ट्रेड फेयर में छाया बस्ती के छात्रों का 'विशिष्ट अस्त्र'

यह भी पढ़ें- गोरखपुर के मनीष गुप्ता हत्याकांड में Ex-SHO को दिल्ली HC ने दी बेल, CBI के वकील ने किया विरोध; 5 साल से थे जेल में

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।