गोरखपुर के मनीष गुप्ता हत्याकांड में Ex-SHO को दिल्ली HC ने दी बेल, CBI के वकील ने किया विरोध; 5 साल से थे जेल में
दिल्ली HC ने मनीष गुप्ता हत्याकांड में पांच साल से जेल में बंद पूर्व एसएचओ जगत नारायण सिंह को जमानत दे दी है। कोर्ट ने महत्वपूर्ण गवाहों की गवाही पूरी होने और आरोपित के 5 साल से जेल में होने का हवाला दिया।

सितंबर 2021 में पुलिस की पिटाई से मनीष गुप्ता (बाएं) की मौत हो गई थी। तत्कालीन एसएचओ जगत नारायण सिंह (दाएं) को 10 अक्टूबर 2021 को गिरफ्तार किया गया था। फाइल फोटो
HighLights
पूर्व एसएचओ जगत नारायण सिंह को दिल्ली हाई कोर्ट से जमानत मिली।
मनीष गुप्ता हत्याकांड में पांच साल से जेल में थे आरोपित।
महत्वपूर्ण गवाहों की गवाही पूरी होने पर कोर्ट ने दी राहत।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। गोरखपुर के चर्चित बिजनेसमैन मनीष गुप्ता हत्याकांड में पांच साल से जेल में बंद आरोपित तत्कालीन एसएचओ जगत नारायण सिंह को दिल्ली हाई कोर्ट ने जमानत दे दी है। कोर्ट ने जमानत देते हुए कहा कि आरोपित पांच साल से जेल में है और सभी महत्वपूर्ण गवाहों की गवाही हो चुकी है। यह मामला सितंबर 2021 का है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर केस दिल्ली ट्रांसफर किया गया
बता दें कि घटना वाले दिन मनीष गुप्ता अपने दोस्तों के साथ गोरखपुर के एक होटल में ठहरे थे। तब रामगढ़ ताल थाने के एसएचओ रहे जगत नारायण सिंह अपनी टीम के साथ होटल की तलाशी लेने पहुंचे थे।
आरोप है कि इसी दौरान पिटाई से मनीष गुप्ता की मौत हो गई थी। उन्हें 10 अक्टूबर 2021 को गिरफ्तार किया गया था। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर केस दिल्ली ट्रांसफर किया गया और सीबीआई ने जांच की।
सभी जरूरी गवाहों की गवाही दर्ज
आरोपित ने दलील दी कि अपराध के पीछे कोई मकसद नहीं था और कोई बरामदगी भी नहीं है। उन्होंने कहा कि एसपी के निर्देश पर त्योहार के मद्देनजर होटलों की चेकिंग की जा रही थी, इसी के तहत होटल कृष्णालया की तलाशी ली गई थी, जिसे सीबीआई ने अपने जवाब में नहीं बताया। सभी जरूरी गवाहों की गवाही हो चुकी है। इसमें होटल स्टाफ और शिकायतकर्ता शामिल हैं।
सभी दलीलें सुनने के बाद जमानत मंजूर की
सीबीआई की तरफ से पेश हुए एडवोकेट रिपुदमन भारद्वाज ने जमानत का विरोध किया और कहा कि आरोपित पुलिस अफसर है और ट्रायल को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने ट्रायल को तय समय में पूरा करने की मांग की। कोर्ट ने सभी दलीलें सुनने के बाद जमानत मंजूर कर ली। बता दें कि आरोपित की पिछली जमानत याचिका अदालत ने खारिज कर दी थी। इस मामले में छह आरोपी हैं। सभी पुलिसकर्मी हैं। वे पहले से ही जमानत पर हैं।