दहेज हत्या पर दिल्ली हाई कोर्ट सख्त, कहा- बहुओं को प्रताड़ित करना भारतीय समाज की सामूहिक शर्म
दिल्ली हाई कोर्ट ने दहेज हत्या के मामलों पर कड़ी टिप्पणी करते हुए इसे भारतीय समाज की दयनीय सच्चाई और सामूहिक शर्म बताया है। अदालत ने एक मामले में पति को क्रूरता और आत्महत्या के लिए उकसाने का दोषी ठहराया।

दिल्ली हाई कोर्ट ने दहेज हत्या के एक मामले में तल्ख टिप्पणी की।
HighLights
दहेज हत्या को भारतीय समाज की दयनीय सच्चाई बताया।
बहुओं को प्रताड़ित करना सामूहिक शर्म की बात कही।
पति को क्रूरता और आत्महत्या के लिए उकसाने का दोषी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दहेज हत्या के एक मामले में तल्ख टिप्पणी करते हुए दिल्ली हाई कोर्ट ने बहुओं को प्रताड़ित करने और उनकी हत्या की प्रथा को भारतीय समाज की दयनीय सच्चाई और सामूहिक शर्म बताया है। न्यायमूर्ति विमल कुमार यादव की पीठ ने कहा कि यह प्रथा दूसरे समाजों में लगभग न के बराबर है, जबकि भारतीय समाज में बड़े पैमाने पर फैली हुई है। शायद इसी कारण ऐसे अपराधों से निपटने के लिए आपराधिक कानून में विशेष प्रविधान किए गए हैं।
आत्महत्या के लिए मजबूर करना बेहद निंदनीय
अदालत ने उक्त टिप्पणी एक महिला की मौत के लिए उसके पति और परिवार के सदस्यों को दोषी ठहराने के ट्रायल कोर्ट के निर्णय के खिलाफ दायर याचिका पर की। महिला ने अक्टूबर 2001 में शादी के दो साल के भीतर, ससुराल में खुद को आग लगा ली थी। पीठ ने कहा कि किसी की हत्या करना या उसे आत्महत्या के लिए मजबूर करना बेहद निंदनीय है।
बहुओं को परेशान करना और उनकी हत्या करना घिनौनी प्रथा
अदालत ने कहा कि शादी दो व्यक्तियों और परिवारों का मिलन है, लेकिन इसके बाद भी महिलाओं को दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न और क्रूरता झेलनी पड़ती है। कई बार इसका अंत उनकी मौत, आत्महत्या या तलाक के रूप में होता है। पीठ ने कहा कि दूल्हा-दुल्हन के परिवारों के बीच उपहारों का आदान-प्रदान दुनिया के अनेक समाजों में होता है, लेकिन दहेज के लिए बहुओं को परेशान करना और उनकी हत्या करना घिनौनी प्रथा है।
वैवाहिक क्रूरता के मामलों को साबित करना कठिन
कोर्ट ने कहा कि महिला अपने ससुराल में सुखद वैवाहिक जीवन की उम्मीद लेकर आती है। वह अपने माता-पिता और अन्य रिश्तेदारों को पीछे छोड़ती है, इसलिए पति से प्यार, देखभाल, सुरक्षा और सम्मान की अपेक्षा करना स्वाभाविक है।
पीठ ने कहा कि पत्नी की देखभाल करना पति का प्रमुख कर्तव्य और जिम्मेदारी है। अदालत ने यह भी कहा कि वैवाहिक क्रूरता के मामलों को साबित करना कठिन हो सकता है, क्योंकि ऐसी घटनाएं अक्सर घर की चारदीवारी के भीतर होती हैं। अभियोजन पक्ष को आरोप उचित संदेह से परे साबित करना होता है।
अदालत ने सभी आरोपों से बरी कर दिया
महिला के माता-पिता ने आरोप लगाया था कि उससे मोटरसाइकिल, गैस स्टोव, पानी की मोटर और 25000 रुपये की मांग की गई थी। ट्रायल कोर्ट ने पति को आईपीसी की धारा 498ए (क्रूरता) और 304बी (दहेज मृत्यु) के तहत दोषी ठहराया था।
हाई कोर्ट ने पाया कि अभियोजन पक्ष यह साबित नहीं कर सका कि मौत से ठीक पहले दहेज मांग को लेकर महिला के साथ क्रूरता हुई थी, जो धारा 304बी में सजा के लिए जरूरी है।
हालांकि, अदालत ने पति को पत्नी के साथ क्रूरता और आत्महत्या के लिए उकसाने का दोषी माना। अदालत ने कहा कि लगातार कलह और भरोसा तोड़ना क्रूरता थी। अदालत ने पति के पिता और भाई को अस्पष्ट और सामान्य आरोपों के चलते सभी आरोपों से बरी कर दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।