शादी के डर और नौकरी की तलाश में झारखंड से भागकर दिल्ली पहुंचीं दो सहेलियां, विहिप ने जताई थी तस्करी की आशंका
झारखंड के गढ़वा से लापता हुईं दो युवतियां दक्षिणी दिल्ली के बदरपुर में मिलीं। पुलिस जांच में युवतियों ने अपनी मर्जी से दिल्ली आने की बात कही, जबकि विहिप ने मानव तस्करी की आशंका जताई थी।
-1795199936283_m.webp)
झारखंड की दो युवतियां दिल्ली में मिली। एआई द्वारा बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
झारखंड की दो लापता युवतियां दिल्ली में मिलीं।
पुलिस जांच में स्वेच्छा से दिल्ली आने की पुष्टि।
विहिप ने मानव तस्करी की आशंका जताई, जांच की मांग।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। झारखंड के गढ़वा जिले से लापता दो युवतियां दक्षिणी दिल्ली के बदरपुर इलाके में मिली हैं। इनमें 19 वर्षीय शबाना खातून और 17 वर्षीय किशोरी शामिल हैं। दोनों बचपन की सहेलियां हैं और स्वजन को बिना बताए दिल्ली आई थीं।
विहिप कार्यकर्ताओं ने किशोरी को एक मुस्लिम महिला के चंगुल से छुड़ाने का दावा कर मानव तस्करी की आशंका जताई थी। हालांकि, दिल्ली पुलिस की जांच में दोनों ने अपनी मर्जी से दिल्ली आने और साथ रहने की बात कही है।
दिल्ली क्यों आईं दोनों किशोरी?
पुलिस को अब तक किसी आपराधिक गतिविधि या अनहोनी का साक्ष्य नहीं मिला है। पुलिस के अनुसार, दोनों दो नवंबर को घर से निकलीं और ट्रेन से दिल्ली पहुंचीं। शबाना रोजगार की तलाश में आई थी, जबकि 17 वर्षीय किशोरी परिवार की ओर से तय की जा रही शादी के लिए तैयार नहीं थी।
इसी वजह से वह शबाना के साथ दिल्ली आ गई। दोनों बदरपुर में किराये के मकान में रह रही थीं। गढ़वा जिले के मेराल थाने में आठ नवंबर को उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद बदरपुर थाना पुलिस की बीट टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पुलिस ने दोनों युवतियों के साथ मकान मालिक और उनके रहने की व्यवस्था कराने वाले लोगों से भी पूछताछ की। दोनों ने बताया कि वे अपनी मर्जी से दिल्ली आई थीं और साथ रह रही थीं। पुलिस के मुताबिक, जांच में किसी अनहोनी या गलत काम का साक्ष्य सामने नहीं आया।
विहिप कार्यकर्ताओं का दावा
विहिप कार्यकर्ताओं का दावा है कि उन्हें सूचना मिली थी कि झारखंड की नाबालिग को नौकरी दिलाने के बहाने एक मुस्लिम महिला दिल्ली लाई है। कार्यकर्ताओं ने स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाने के बाद पुलिस को सूचित किया। विहिप ने महिला की भूमिका और उसके संपर्कों की जांच की मांग की।
संगठन ने आरोप लगाया कि किशोरी को दूसरे राज्य से लाकर घरेलू सहायिका का काम दिलाने की बात कही गई थी। विहिप ने यह भी कहा कि नौकरी के बहाने किशोरी को दिल्ली लाने के पीछे किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका की जांच होनी चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।