बिना आरोप बताए कैसे रद किया OCI कार्ड? अमृत विल्सन के मामले में दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र से मांगा जवाब
दिल्ली हाई कोर्ट ने लेखिका अमृत विल्सन का ओसीआई कार्ड रद्द करने के केंद्र सरकार के आदेश पर सवाल उठाया है। कोर्ट ने कहा कि आदेश में भारत-विरोधी कामों का जिक्र नहीं था, जिससे उन्हें जवाब देने का मौका नहीं मिला।

दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार के आदेश पर सवाल उठाया
HighLights
दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र के ओसीआई कार्ड रद्द आदेश पर सवाल उठाया।
कोर्ट ने कहा, भारत-विरोधी कामों का कोई जिक्र नहीं था।
प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का पालन नहीं किया गया।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। यूके में रहने वाली लेखिका और पत्रकार अमृत विल्सन का ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (ओसीआई) कार्ड रद करने के मामले में दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार के आदेश पर सवाल उठाया है।
न्यायमूर्ति अमित महाजन की पीठ ने कहा कि केंद्र सरकार के आदेश में, उन पर लगाए गए भारत-विरोधी कामों का कोई जिक्र नहीं है और इस वजह से उन्हें इन आरोपों का जवाब देने का मौका ही नहीं मिल पाया।
कोर्ट ने कहा- केंद्र सरकार ताजा आदेश जारी करे
पीठ ने कहा कि ओसीआई कार्ड रद करने की प्रक्रिया में प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का पालन नहीं किया गया। अदालत ने कहा कि न तो कारण बताओ नोटिस में और न ही कार्ड रद करने के आदेश में भारत विरोधी कामों के बारे में कोई ठोस जानकारी दी गई।
अदालत ने केंद्र सरकार को ताजा कारण बताओ नोटिस जारी कर ओसीआई कार्ड रद करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दे। पीठ ने कहा कि इस पर अमृत विल्सन का जवाब दाखिल करने पर केंद्र सरकार ताजा आदेश जारी करे।
आरोपों का जवाब देने का मौका मिलना चाहिए
विल्सन ने याचिका दायर कर 17 मार्च 2023 के आदेश को चुनौती दी थी। इसके तहत नागरिकता अधिनियम की धारा सात डी(ई) के तहत उनका ओसीआई कार्ड रद कर दिया गया था। विल्सन का जन्म भारत में हुआ था और वह 1961 तक यहीं रहीं। इसके बाद वह उच्च शिक्षा के लिए यूके चली गईं थीं।
उन्होंने अपना भारतीय पासपोर्ट सरेंडर कर दिया और 2009 में ब्रिटिश पासपोर्ट ले लिया। पीठ ने कहा कि नागरिकता अधिनियम की धारा सात बी के तहत याचिकाकर्ता के अधिकारों को, उन पर लगे आरोपों का जवाब देने का उचित मौका दिए बिना, छीना नहीं जा सकता।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।