चार साल से बैन, फिर भी बाजार में प्लास्टिक ही प्लास्टिक; दिल्ली में धड़ल्ले से हो रहा इस्तेमाल
दिल्ली में चार साल के प्रतिबंध के बावजूद सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बाजारों में धड़ल्ले से जारी है, जिससे प्रतिबंध लागू करने वाली व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
-1795412083196_m.webp)
दिल्ली में सड़क किनारे सिंगल यूज प्लास्टिक में रखीं सब्जियां l जागरण
HighLights
दिल्ली में चार साल बाद भी सिंगल यूज प्लास्टिक जारी।
बाजारों, मंडियों में धड़ल्ले से हो रहा उपयोग, कार्रवाई पर सवाल।
महंगे विकल्प और ग्राहक आदतें प्रतिबंध में बड़ी बाधा।
संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक (एसयूपी) के खिलाफ कार्रवाई का असर जमीन पर नहीं दिख रहा है।
कागज पर नगर निगम भी सख्त है, प्रदूषण नियंत्रण समिति भी। अभियान चलते हैं, छापे पड़ते हैं, चालान भी कटते हैं, फिर भी साप्ताहिक बाजारों से लेकर सब्जी मंडियों, जूस की दुकानों और रेहड़ी-पटरियों तक प्लास्टिक के थैले, कप, गिलास, स्ट्रा और चम्मच जैसे उत्पाद इस्तेमाल हो रहे हैं।
दुकानदारों से प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया
केंद्र सरकार की ओर से प्रतिबंध लागू किए जाने के चार साल बाद भी यदि ये उत्पाद बाजारों में आसानी से उपलब्ध हैं, तो सवाल सिर्फ नियम तोड़ने वालों का नहीं, बल्कि प्रतिबंध लागू कराने वाली व्यवस्था का भी है। यदि दुकानदारों से प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया जाता है, लेकिन उसकी आपूर्ति करने वाले निर्माता एवं स्टाकिस्ट कारोबार जारी रखते हैं, तो समस्या की जड़ पर चोट नहीं हो पाती। कार्रवाई के नाम पर सिर्फ औपचारिक छापेमारी होती है।
इसके बाद कारोबार दोबारा शुरू हो जाने और कथित अवैध वसूली की शिकायतों की भी जांच जरूरी है। क्या कार्रवाई के बाद संबंधित इकाइयों की दोबारा जांच होती है? कितनी इकाइयों के खिलाफ चालान, जब्ती, सीलिंग या अभियोजन की कार्रवाई हुई? कार्रवाई के नाम पर वसूली के आरोप सही हैं या नहीं, इसका पता भी पारदर्शी रिकॉर्ड व शिकायतों की जांच से ही चल सकता है।

महंगे विकल्प भी बड़ी बाधा
प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल जारी रहने के पीछे सुविधाजनक और सस्ता होने का पहलू भी है। छोटे दुकानदारों के लिए प्लास्टिक के थैलों का विकल्प अपनाना महंगा पड़ सकता है, जबकि ग्राहकों को भी सामान के साथ थैला मिलने की आदत है। वह बाजार जाने से पहले घर से झोला लेकर नहीं निकलते हैं। कागज, कपड़े और अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को बढ़ावा देने के साथ उनकी उपलब्धता और कीमत को छोटे कारोबारियों के अनुकूल बनाना जरूरी है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की वेबसाइट पर कंपोस्ट होने योग्य उत्पाद बनाने वाले करीब 300 निर्माताओं और विक्रेताओं की सूची उपलब्ध होने का उल्लेख है। ऐसे विकल्पों को बढ़ावा देने के लिए उत्पादन क्षमता, बाजार में उपलब्धता व लागत पर काम करने की जरूरत है, ताकि दुकानदार प्रतिबंधित प्लास्टिक पर निर्भर न रहें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।