दिल्ली-NCR में चोरी करता था लग्जरी कारें, अब चढ़ा पुलिस के हत्थे; क्राइम कुंडली जान पुलिस अफसर भी हैरान
दिल्ली क्राइम ब्रांच ने लग्जरी कार चोर यश देसाई को कर्नाटक से गिरफ्तार किया है। वह पश्चिम विहार ईस्ट से फॉर्च्यूनर चोरी के मामले में वांछित था और 2023 से फरार चल रहा था। यश देसाई चोरी की कारों का कारोबार करता था और उन्हें दक्षिण भारत में बेचता था। उसे पहले भी 2022 और 2023 में गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसमें कुल 31 चोरी की कारें बरामद हुई थीं।
-1750823739985.webp)
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में क्राइम ब्रांच ने दिल्ली-एनसीआर से लग्जरी कारें चोरी करने वाले एक गिरोह के सक्रिय सदस्य यश देसाई को गिरफ्तार किया है। पश्चिम विहार ईस्ट थानाक्षेत्र से एक फॉर्च्यूनर कार चोरी के मामले में वह वांछित था। पिछले दो साल से वह गिरफ्तारी से बच रहा था।
2024 में दिल्ली की एक अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। डीसीपी हर्ष इंदौरा के मुताबिक, यश देसाई, कर्नाटक के बेलगाम का रहने वाला है। पढ़ाई छोड़ने के बाद जल्द पैसा कमाने के लिए उसने पुरानी कारों का कारोबार के साथ ही उसी आड़ में चोरी की कारों को बेचने का धंधा भी करने लगा। 2022 में उसे कोल्हापुर से गिरफ्तार किया गया।
बताया गया कि जमानत पर बाहर आने पर फिर से वारदात करने पर 2023 में क्राइम ब्रांच ने उसे गिरफ्तार किया। जब भी दिल्ली से पुलिस उसे गिरफ्तार करने जाती थी, तो वह अपने घर के बगल के जंगल में छिप जाता था। जब उसे गिरफ्तार किया गया तब वह चेन्नई में था। क्राइम ब्रांच की टीम दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार काम कर रही है।
वहीं, जनवरी 2023 में पश्चिम विहार ईस्ट से एक टोयोटा फॉर्च्यूनर कार चोरी हो गई थी, मामले को आगे की जांच के लिए क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया था। कार को पनवेल, महाराष्ट्र से बरामद कर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था। बरामद कार का स्रोत यश देसाई के बारे में पता चला था। तब से 2023 से वह फरार था।
सहायक आयुक्त राजपाल डबास व निरीक्षक अक्षय गहलोत की टीम ने यश देसाई को बेलगावी, कर्नाटक से दबोच लिया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने 2020 से चोरी की कारों का कारोबार शुरू किया था। उसे ये चोरी की कारें एक सिंडिकेट से मिलती है जो खासतौर पर यश देसाई के जरिए दिल्ली से चोरी की गई लग्जरी कारों को दक्षिण भारत में भेजता है।
यश को पहले भी 2023 में अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया था तब उसकी निशानदेही पर 18 कारें बरामद की गई थीं। 2022 में कोल्हापुर पुलिस ने भी उसे गिरफ्तार किया था। उसके सिंडिकेट से 13 कारें बरामद की गई थीं। इसके खिलाफ रानी बाग और कोल्हापुर, महाराष्ट्र में दो मामले दर्ज होने क पता चला है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।